उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश : विश्व में पहला भाई-बहन(यमुना-यमराज) का मन्दिर


 'यम-यमुना मंदिर', दुनिया का एकमात्र, भाई बहिन मंदिर, विश्राम घाट, मथुरा : कंस वध के बाद श्रीकृष्ण ने यहां किया था विश्राम - India's first and only Brother-Sister, or Yam Yamuna Temple, also famous as, 'BHAI BEHAN ka Mandir', Mathura, Uttar Pradesh, India :

दुनिया में बहुत से देवी-देवताओं के मंदिर हैं, अधिकतर गणेश जी, शिव जी, श्री विष्णु, राधा-कृष्ण, दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं को समर्पित हैं। लेकिन मथुरा के प्रसिद्ध विश्राम घाट पर बना यह अनोखा मंदिर, यमराज और उनकी बहन को समर्पित है और इसमें उनकी पूजा की जाती है। मान्यता है, कि जो भी भाई-बहन इस मंदिर में साथ दर्शन करते हैं और फिर यमुना नदी में डुबकी लगाते हैं, उनको जीवन-मृत्यु के झंझट से मुक्ति मिल जाती हैं।

मंदिर की विशेषताएं

इस मंदिर में काले पत्थर से बनी मां यमुना और यमराज जी की मूर्ति स्थापित है। जहां मां चतुर्भुज रूप में विद्यमान हैं वहीं यमराज जी प्रसन्न एवं आशीर्वाद देती हुई मुद्रा में नजर आते हैं। यमुना जी के एक हाथ में भोजन की थाली और दूसरे में कमल का फूल है। वहीं तीसरा हाथ टीका लगाती हुई मुद्रा में और चौथा हाथ आशीर्वाद देती हुए मुद्रा में है। मंदिर में प्रवेश करने के लिए आपको छोटे-से चांदी से बने द्वार से प्रवेश करना पड़ता है।

इसीलिए कहते हैं कि टीके के दिन बहन भाई को अपने हाथ से बनाया भोजन करवाती है। बहन के हाथ के बनाए साधारण भोजन में भी भाई को स्वादिष्ट व्यंजन का आनन्द आता है। दूसरे, भाई बहन को कुछ दे या दे बहन सदैव भाई के लिए मंगल कामना करती है। बहन को भाई द्वारा की गए धन से कहीं अधिक प्रसन्नता भाई से मिलने वाले स्नेह से मिलती है। ये वही स्नेह है जिससे सभी देवी-देवता भी अछूते नहीं रहे।

विश्राम घाट, यमुना तट, मथुरा :
कहते हैं, कि कंस को मारने के बाद श्रीकृष्ण ने यहां विश्राम किया था, इसलिए यह नाम पड़ा। यहां यम द्वितीया/भैया दूज पर स्नान का विशेष महत्व है। मथुरा में यमुना पर बने 24 घाटों के मध्य में विश्राम घाट स्थित है। मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु का चारों युगों में यहां विश्राम हुआ है। पहला विश्राम सतयुग में, दूसरा त्रेता युग में, वराह अवतार के समय, द्वापर युग में राजा लवणासुर की मृत्यु के बाद, और चौथा कंस का वध करने के बाद भगवान श्री कृष्ण का यहाँ विश्राम हुआ है।
पौराणिक कथा :
भगवान सूर्य की पत्नि संज्ञा से एक पुत्र यमराज और पुत्री यमुना थी। सूर्य के ताप को सहन न करने के कारण, संज्ञा, अपनी जगह, छाया को छोडकर चली गई। छाया से ताप्ती और शनि पैदा हुए। छाया का यमुना और यम से अच्छा व्यवहार नहीं होने पर, यम ने एक नई नगरी का निर्माण किया, जो श्रीकृष्ण के अवतार के समय गो लोक चली आई। यमुना ने अपने भाई को आने की प्रार्थना की। एक दिन यमराज अपनी बहन से मिलने के लिए गो लोक में आए। उसने यमराज को खाना खिलाया। यमराज ने जब उन्हें कुछ वर मांगने को कहा, तो उसने कहा कि मेरे जल (यमुना) में स्नान करने वाले यम लोक ना जाए। यह वरदान देना यम के लिए मुश्किल था। फिर, यमुना बोली, आप मुझे यह वरदान दें, कि जो लोग आज के दिन बहन के यहाँ भोजन करके, इस मथुरा नगरी स्थित विश्राम घाट पर स्नान करें, वे तुम्हारे लोक को न जाएं। इसे यमराज ने स्वीकार कर लिया।
रक्षा-बंधन और भाई दूज पर विशेष भीड़ :
यहां पर भाई-बहन के प्यार के प्रतीक, दोनों ही त्योहारों, रक्षा बंधन और भाई दूज पर भक्तों की बहुत भीड़ लगती है। इन दिनों में भाई-बहन यहां आकर एक-दूसरे के लिए मंगल कामना करते हैं।

ताप्ती तट पर भाई-बहन का अनोखा मंदिर, भाई दूज पर उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में खेड़ीसावलीगढ़ घाट पर स्थित ताप्ती नदी का तट सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट रिश्ते की भावनाओं से जुड़ा स्थान है। यहां बना सूर्य परिवार मंदिर, जिसे लोग प्रेम से भाई-बहन का मंदिर भी कहते हैं, आज भी पारिवारिक स्नेह की मिसाल बना हुआ है।

सूर्यदेव पूरे परिवार के साथ विराजमान

देशभर में अनोखी पहचान रखने वाला यह मंदिर इसलिए खास है क्योंकि यहां भगवान सूर्यनारायण अकेले नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार के साथ विराजते हैं। यहां भगवान सूर्य अपनी पत्नी संज्ञा देवी और छाया देवी, पुत्र शनि देव और यमराज, तथा पुत्री यमुना और ताप्ती देवी सभी की मूर्तियां एक साथ स्थापित हैं। यही वजह है कि इसे “सूर्य परिवार मंदिर” कहा जाता है, जो भारत के बहुत कम मंदिरों में देखने को मिलता है।

भाई दूज से जुड़ी पौराणिक कहानी

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास की द्वितीया तिथि, यानी भाई दूज के दिन यमराज अपनी बहनों ताप्ती और यमुना देवी से मिलने स्वयं पृथ्वी लोक पर आए थे। इसी स्मृति में ताप्ती नदी के इस पवित्र तट पर सूर्य परिवार का यह दुर्लभ मंदिर बनाया गया। कहा जाता है कि इस दिन भाई-बहन यहां आकर ताप्ती नदी में स्नान और पूजा करते हैं तो उन्हें यमराज के कष्टों से मुक्ति, दीर्घायु और सुख-शांति का आशीर्वाद मिलता है।

भाई दूज पर उमड़ता है श्रद्धालुओं का सैलाब

हर साल दीपावली के दूसरे दिन, यानी भाई दूज के अवसर पर यह मंदिर श्रद्धालुओं से खचाखच भर जाता है। हजारों भाई-बहन ताप्ती नदी में स्नान कर सूर्य परिवार के दर्शन करते हैं। मंदिर परिसर में आरती, शंखनाद और भजन की गूंज से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर जाता है।
महिलाएं पूजा थाल सजाकर भाइयों का तिलक करती हैं और सूर्यदेव से उनके दीर्घ जीवन की कामना करती हैं।

धार्मिक और सांस्कृतिक दोनों दृष्टियों से खास

यह मंदिर सिर्फ धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ताप्ती नदी का पवित्र जल और सूर्य उपासना की परंपरा इस स्थान को और भी विशिष्ट बनाती है। लोगों का मानना है कि यहां पूजा करने से ग्रह दोष शांत होते हैं और जीवन में समृद्धि आती है।
स्थानीय जनश्रुति के अनुसार, सैकड़ों साल पहले यहां एक सिद्ध संत ने तपस्या की थी, जिसके बाद यह स्थान दिव्य ऊर्जा से भर गया।
अवलोकन करें:-
सभी देवताओं के आशीर्वाद से कायस्थों के परम पूजनीय भगवान श्रीचित्रगुप्त जी महाराज बने यमराज के

आस्था और रिश्ते का अद्भुत संगम

खेड़ीसावलीगढ़ का यह सूर्य परिवार मंदिर सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भाई-बहन के प्रेम, आस्था और पारिवारिक बंधन का प्रतीक है। भाई दूज के दिन जब हजारों भाई-बहन एक साथ पूजा करते हैं, तो वह दृश्य वाकई भावनात्मक और श्रद्धा से भर देता है। यह मंदिर बैतूल जिले का गौरव और पूरे मध्यप्रदेश में आस्था और रिश्ते की गहराई का प्रतीक बन चुका है।

No comments:

Post a Comment