ग्रीन रूम में घुस TMC नेता ने बंदूक की नोंक पर किया महिला सिंगर का यौन उत्पीड़न

प्रतीकात्मक तस्वीरपश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के माणिकतला में एक कार्यक्रम में परफॉर्म कर रही महिला गायक के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की गई। पीड़ित गायिका ने शुक्रवार (सितंबर 6, 2019) को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कॉन्ग्रेस के नेता भानु पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
घटना गुरूवार (सितंबर 5, 2019) रात की है। महिला सिंगर माणिकतला के मुरारीपुकुर क्लब में आयोजित प्रोग्राम में बैंड के साथ परफॉर्म करने पहुँची थी। आधी रात में ब्रेक लेने के लिए वह स्टेज से सटे ग्रीन रूम में गई। इसी दौरान भानु के साथ ही क्लब के कुछ मेंबर भी अंदर घुस आए और गायिका से बातचीत करने की कोशिश की।

पीड़िता ने बताया कि पहले उन लोगों ने किडनी की बीमारी से जूझ रहे उसके पिता के इलाज के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की बात कही। फिर उन लोगों ने ग्रीन रूम से सभी कालाकारों को बाहर निकाल दिया। एक कलाकार को तो धक्का भी दे दिया। इसके बाद बंदूक की नोंक पर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया।
पीड़ित महिला सिंगर का आरोप है कि आरोपित ने उसे तकरीबन आधे घंटे तक टॉर्चर किया। उसने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे, जिसमें महिलाएँ भी थीं। लेकिन, उसके चिल्लाने पर भी कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। पुलिस के मुताबिक मामले की जाँच जारी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

No comments: