Showing posts with label #beat. Show all posts
Showing posts with label #beat. Show all posts

पाकिस्तान को क्रिकेट के मैदान में मिला जो जख्म उस पर जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति ने भी नमक रगड़ा

जिम्बाब्वे-पाकिस्तान मैच से चर्चा में मिस्टर बीन
टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। पहले उसे भारत से करारी शिकस्त मिली। अब जिम्बाब्वे ने उसे 1 रन से हरा दिया है। 27 अक्टूबर 2022 को हुए इस मैच के बाद से सोशल मीडिया में ‘मिस्टर बीन’ छाए हुए हैं।

जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति एमर्सन दाम्बुद्जो मनांगाग्वा (Emmerson Dambudzo Mnangagwa) ने पाकिस्तान का मजाक उड़ाते हुए ​ट्वीट करते हुए कहा, “जिम्बाब्वे की टीम ने क्या जीत हासिल की है। टीम को बधाई। अगली बार असली मिस्टर बीन भेजना… #PakvsZim।” इसके बाद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का ट्वीट आया। उन्होंने लिखा, “हमारे पास असली मिस्टर बीन नहीं है। लेकिन हमारे पास असली क्रिकेट भावना है। पाकिस्तानियों में वापसी करने की एक अजीब आदत है। जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति को बधाई। आपकी टीम ने वास्तव में अच्छा खेला।”

जैसा कि हम सब जानते हैं कि ‘मिस्टर बीन’ एक मशहूर कैरेक्टर है। ब्रिटिश एक्टर रोवन एटकिंसन (Rowan Atkinson) अपने इस कैरेक्टर के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध हैं। लेकिन जिम्बाब्वे और पाकिस्तान के मैच के बीच ‘मिस्टर बीन’ की एंट्री की वजह 6 साल पुरानी एक घटना है। दरअसल मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक ट्वीट किया था। इसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों की अभ्यास करते कुछ तस्वीरें थी।

इस ट्वीट के जवाब में नगुगी चसुरा (Ngugi Chasura) नाम के एक ट्विटर यूजर ने लिखा, “जिम्बाब्वे का नागरिक होने के कारण हम तुम्हें कभी माफ नहीं करेंगे। एक बार तुमने असली मिस्टर बीन की जगह, नकली पाक बीन दिखा दिया था। हम इसका कल मैदान पर हिसाब करेंगे। दुआ करो कि कल बारिश तुम्हें बचा ले।”

इसके बाद सोशल मीडिया में मिस्टर बीन की चर्चा शुरू हो गई। बताया जाता है कि 2016 में जिब्बाब्वे में हुए एक एग्रीकल्चर शो में एटकिंसन को बतौर गेस्ट आना था। इस शो में एक पाकिस्तानी कंपनी भी पाटर्नर थी। लेकिन शो में एटकिंसन की जगह उनके पाकिस्तानी हमशक्ल को भेज दिया गया।

मिस्टर बीन की तरह दिखने वाले इस पाकिस्तानी कॉमेडियन का नाम आसिम मोहम्मद था। इतना ही नहीं नकली मिस्टर बीन के शो के लिए लोगों से पैसे भी लिए गए थे। पाकिस्तान की इस हरकत से जिम्बाब्वे के लोग निराश थे। इसलिए जिम्बाब्वे के लोग क्रिकेट के मैदान पर मिली इस जीत को 6 साल पुराने फ्रॉड का बदला पूरा होने की तरह पेश कर रहे।