Showing posts with label protem speaker. Show all posts
Showing posts with label protem speaker. Show all posts

"कब तक हम सीता को मरने देंगे? मुझे नरगिस और सुनील दत्त की तरह सच्चा प्यार दिखाओ।" : रामेश्वर शर्मा, प्रोटेम स्पीकर, मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार लव-जिहाद के खिलाफ कानून लाने में जुटी है। इस बात की घोषणा हाल ही में राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने की थी। लेकिन अब लव जिहाद को लेकर प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। रामेश्वर शर्मा ने तो इसे आतंकी संगठन ISIS का षड्यंत्र तक बता दिया।

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान और ISI एजेंट सीता को रुबिया में बदलने की साजिश करते हैं। हम कब तक सीता को रुबिया बनने देंगे, कब तक हम सीता को मरने देंगे? मुझे नरगिस और सुनील दत्त की तरह सच्चा प्यार दिखाओ। आप ही बताइए कितनी नरगिस ने सुनील दत्त से शादी की?”

प्रोटेम स्पीकर ने कहा कि एमपी में शिवराज चौहान सरकार ने लव जिहाद पर कानून बनाने का निर्णय लिया है। कानून के संदर्भ में गृह मंत्री ने ब्रीफिंग भी दी है। उन्होंने कहा कि लव जिहाद कानून को और भी सख्त बनाए जाने की जरुरत है। इस कानून में हम अधिक सजा के प्रावधान पर विचार करेंगे।

बकौल शर्मा जिन लड़कियों को डरा धमकाकर धर्म बदलवाया जाता है, ऐसे लोगों पर धर्म बदलने की कार्रवाई के साथ अपहरण, लूट और अन्य तरह की धाराएँ भी लगाई जानी चाहिए। ऐसे मामलों में जिन सहयोगियों की मदद से पीड़िता को धमकाया या फुसलाया जाता है, उनके खिलाफ अपराधिक कार्रवाई हो। अगर बेटी के साथ गैंग रेप या रेप होता है या हत्या होती है इसके मामले में भी सह आरोपित पर केस दर्ज हो।

उन्‍होंने 5 साल नहीं, बल्कि 10 साल की सजा का प्रावधान करने की बात कही है। रामेश्‍वर शर्मा ने दलित और आदिवासी की बेटियों के धर्मांतरण के बाद मुस्लिम या ईसाई बनने पर उन्हें आरक्षण का लाभ न देने की माँग भी की है। उन्‍होंने यह भी कहा कि मुस्लिम संगठनों और कॉन्ग्रेस का विरोध करने से कुछ नहीं होगा। यह षड्यंत्र चल रहा है। हमारा विधेयक वोट के खातिर नहीं, बल्कि संस्कृति के लिए है।

उन्होंने कहा कि इस कानून में हम इस बात का प्रावधान भी करने पर विचार कर रहे हैं कि अगर कोई एससी/ एसटी महिला धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम या ईसाई से शादी करती है, तो उससे एससी/ एसटी को मिलने वाली सुविधाएँ वापस ले ली जाए।

 रामेश्वर शर्मा ने कहा कि लव जिहाद कानून के अंतर्गत अपहरण, बलात्कार, हत्या, डराने धमकाने के जैसी धाराओं को जोड़ा जाए इसके साथ हम विचार करेंगे कि अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग की बहन, बेटी यदि धर्म परिवर्तन कर मुसलमान या ईसाई से शादी करती है तो उनके आरक्षण संबंधी सभी सुविधाएँ खत्म हो जानी चाहिए, क्योंकि ना तो वो हिंदू रहेगी और ना ही अनुसूचित जाति/जनजाति से रहेगी।

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार (नवंबर 17, 2020) को कहा था कि मध्य प्रदेश ‘फ्रीडम ऑफ रिलिजन बिल, 2020’ को विधानसभा में पेश करने की तैयारी कर रहा है। इसमें लव जिहाद के खिलाफ पांच साल के कठोर कारावास का प्रावधान होगा। हम यह भी प्रस्ताव कर रहे हैं कि ऐसे अपराधों को संज्ञेय और गैर-जमानती अपराध घोषित किया जाए।

गृह मंत्री मिश्रा ने कहा था, “आगामी विधानसभा सत्र अहम होने वाला है, क्योंकि राज्य सरकार लव जिहाद को लेकर धर्म स्वातंत्र्य कानून के लिए विधेयक पेश करेगी। विधेयक के कानून बनने के बाद आरोपित पर गैर जमानती धाराओं के तहत पाँच साल की सजा दी जाएगी। लव जिहाद के अपराध में सहयोग करने वाले को भी मुख्य आरोपित की तरह सजा का प्रावधान होगा। इसके अलावा, शादी के लिए जबरन धर्मांतरण कराने वालों को भी सजा देने का प्रावधान किया जाएगा।”