दुरंतो एक्सप्रेस में टॉयलेट सीट पर रखे दिखे बर्तन, Video हुआ वायरल

                                                    दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन की टॉयलेट सीट पर दिखे बर्तन

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (IRCTC) को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद भेजा गया है जिसमें ट्रेन नंबर 12223, मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस-एर्नाकुलम दुरंतो एक्सप्रेस के अंदर कैटरिंग स्टाफ को ट्रेन के टॉयलेट में बर्तन धोते हुए नजर आए थे।

सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो ने लोगों में काफी नाराजगी पैदा कर दी। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मुंबई-एर्नाकुलम दुरंतो एक्सप्रेस की फर्स्ट एसी कोच H1 में रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो में कैटरिंग/कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारी टॉयलेट के अंदर प्लेट, कटोरी और कटलरी (खाने के बर्तन) कथित तौर पर धोते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में प्लास्टिक की एक क्रेट (टोकरा) में रखी चीनी मिट्टी की प्लेटें और कटोरियाँ टॉयलेट सीट पर रखी नजर आती हैं।

फर्स्ट एसी कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री ने यह देखने के बाद स्टाफ से बहस की और उसका वीडियो बना लिया। वीडियो क्लिप में यात्री कर्मचारी से टॉयलेट में बर्तन धोने और उन्हीं बर्तनों में खाना परोसने को लेकर सवाल करता दिखाई देता है। हालाँकि, कर्मचारी ने कहा कि वह अभी-अभी वहाँ आया है और उसने कैटरिंग स्टाफ को टॉयलेट में बर्तनों के साथ नहीं देखा।

IRCTC के ठेकेदार के तहत काम करने वाला कैटरिंग कर्मचारी यह नहीं बता पाया कि वह वहाँ क्या कर रहा था। उसने केवल अपना नाम सुरेश बताया। वीडियो से ऐसा लग रहा था कि कैटरिंग स्टाफ ने टॉयलेट के अंदर बर्तन धोए और फिर उन्हें टॉयलेट सीट पर रखी क्रेट में रख दिया।

यह वीडियो X जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद खासकर प्रीमियम और महँगे किराए वाली ट्रेन में सफाई और खानपान के मानकों को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। यात्री ने इस मामले में IRCTC, रेल मदद (Rail Madad) और रेलवे मंत्रालय में औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई।

FSSAI के नोटिस के अनुसार, यह तरीका खाद्य सुरक्षा और मानक (फूड बिजनेस लाइसेंसिंग और रजिस्ट्रेशन) नियम, 2011 के शेड्यूल-4 का उल्लंघन है। इन नियमों के तहत खाद्य कारोबार से जुड़े संस्थानों को भोजन बनाने, संभालने, धोने और सफाई के दौरान पूरी स्वच्छता बनाए रखना जरूरी होता है ताकि खाने और खाने के संपर्क में आने वाली चीजों में किसी तरह की गंदगी या संक्रमण न फैले।

FSSAI ने कहा कि यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए उसके ध्यान में आया। इसके बाद IRCTC को निर्देश दिया गया है कि वह इस घटना को लेकर तथ्यात्मक जानकारी और विस्तृत जवाब पेश करे जिसमें ऑनबोर्ड कैटरिंग स्टाफ की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी जाए।

अब तक IRCTC ने इस मामले पर कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है। हालाँकि, X पर घटना साझा करने वाली एक पोस्ट पर जवाब देते हुए IRCTC ने सामान्य प्रक्रिया के तहत यात्री से PNR नंबर और फोन नंबर माँगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ट्रेन का कैटरिंग ठेका वृंदावन फूड प्रोडक्ट्स कंपनी के पास है जो RK ग्रुप का हिस्सा है। यह कंपनी रेलवे की कई प्रीमियम ट्रेनों में खानपान सेवा देने वाली सबसे बड़ी ठेकेदार कंपनियों में गिनी जाती है। रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले में कैटरिंग ठेकेदार पर 50,000 रूपए का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही, जिस कर्मचारी ने यह हरकत की उसे ड्यूटी से हटाने का आदेश दिया गया है। ट्रेन के पैंट्री कार मैनेजर को भी कड़ी चेतावनी दी गई है।

No comments: