छत्तीसगढ़ के रायपुर के गोबरा थाना क्षेत्र में कांग्रेस पार्षद ने बीच सड़क पर एक महिला को पीट डाला। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आई। कथित तौर पर महिला के बेटे ने कांग्रेस पार्षद की गाड़ी की नेमप्लेट पर स्क्रैच मारा था। इसी के कारण पहले उनके बेटे ने बच्चे के माता-पिता के साथ बदसलूकी की और बाद में स्वयं कांग्रेस नेता ने बच्चे की माँ को झापड़ मार दिया।
पूरा मामला नवापुरा इलाके का है। यहाँ मार्च 24, 2021 को नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 16 के कांग्रेस पार्षद मंगराज सोनकर की कार के नेमप्लेट पर एक 3 साल के मासूम ने खेलते समय खरोंच मार दी। इसके बाद पार्षद के बेटे ने बच्चे को पीटा और शाम को जब मंगराज सोनकर घर लौटे तो उन्होंने उस मासूम के माता-पिता को बुलवा कर जलील किया।
दंपत्ति के बार-बार माफी माँगने पर भी कांग्रेस पार्षद शांत नहीं हुए। उन्होंने बीच सड़क पर बच्चे की माँ को थप्पड़ मारा। पूरी घटना रोड पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। अब वही वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रही है।
Video: जरा सी बात पर कांग्रेस पार्षद ने महिला को पीटा, CCTV फुटेज वायरल #Congress https://t.co/1nmTJwgnCa
— Zee MP-Chhattisgarh (@ZeeMPCG) March 25, 2021
वीडियो में देख सकते हैं कि कांग्रेस नेता महिला से धक्का-मुक्की करते हैं, जब पति बीच में आकर उन्हें रोकने की कोशिश करता है तो उसे भी धक्का देकर महिला को झापड़ मार देते हैं। इसके बाद किसी अन्य महिला से बहस में उलझ जाते हैं।
ये गोबरा नवापारा के वार्ड 16 के पार्षद मंगराज सोनकर द्वारा एक महिला को बेहरमी से झापड़ मारा गया और उनकी सास को बाल पकड़ के घसीटा गया ।अब पीड़ित थाना में FIR कराने गयी पर पुलिस द्वारा मना किया गया और पक्ष को कमजोर किया जा रहा है ।@CG_Police @RaipurDist @ChhattisgarhCMO pic.twitter.com/nKdj5CufHB
— KUNAL MISHRA (@KunalMi32864029) March 25, 2021
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला का नाम दुर्गा साहू है। उसने थाने में शिकायत लिखवाई है। नई दुनिया की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस थाना प्रभारी कृष्णचंद सिदार ने बताया कि थाने में महिला ने पार्षद के द्वारा मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें धारा 294, 506, 323 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करेगी।
सोशल मीडिया पर इस घटना की वीडियो शेयर करके लोग पुलिस पर केस न दर्ज करने का आरोप लगा रहे हैं। वहाँ लिखा जा रहा है, “ये गोबरा नवापारा के वार्ड 16 के पार्षद मंगराज सोनकर द्वारा एक महिला को बेहरमी से झापड़ मारा गया और उनकी सास को बाल पकड़ के घसीटा गया। अब पीड़िता थाना में FIR कराने गई पर पुलिस द्वारा शिकायत लिखने से मना कर दिया और पक्ष को कमजोर किया गया।”
