Showing posts with label bid district. Show all posts
Showing posts with label bid district. Show all posts

38 साल की उम्र में हैं 11 बच्चे; 20वां गर्भ में

Related image
                                                                                                                                     प्रतीकात्मक चित्र 
महाराष्ट्र की एक महिला 20वीं बार बच्चे को जन्म देने वाली है। डॉक्टरों ने सोमवार(सितम्बर 9) को यह जानकारी दी। डॉक्टरों ने बताया कि बीड जिले की 38 वर्षीय यह महिला इससे पहले अब तक 19 बार गर्भवती हो चुकी है और अब वह सात माह की गर्भवती है। खानाबदोश गोपाल समुदाय से आने वाली लंकाबाई खराट को स्थानीय अधिकारियों ने देखा, जो उसके 20वें गर्भधारण के बारे में जानकर हैरान थे।
बीड जिला के सिविल सर्जन डॉ. अशोक थोराट ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘इस वक्त उसके 11 बच्चे हैं और 38 साल की उम्र में वह 20वीं बार मां बनने वाली है।’ अन्य डॉक्टर ने बताया कि जब हमें उसके गर्भावस्था का पता चला तो उसे सरकारी अस्पताल लाया गया और सभी जरूरी जांच की गयी।
वह 20वीं बार गर्भवती हुई है। जच्चा और बच्चा अब तक स्वस्थ हैं। उसे दवाइयां दी गई हैं और संक्रमण से बचने के लिये स्वच्छता और अन्य बातों की सलाह दी गई है। थोराट ने कहा, ‘पहली बार वह अस्पताल में बच्चे को जन्म देगी। इससे पहले उसने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया था। किसी भी खतरे से बचने के लिये हमने उसे स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है।’
खराट बीड जिले के मजलगांव तहसील में केसापुरी इलाके की रहने वाली है। बीड जिला कलेक्टरेट से एक अधिकारी ने बताया, ‘वह गोपाल समुदाय से संबंधित है जो आमतौर पर भीख मांगने या मजदूरी अथवा छोटे-मोटे काम करते हैं। वे एक जगह से दूसरी जगह पर जाते रहते हैं।’