Showing posts with label players. Show all posts
Showing posts with label players. Show all posts

‘30% कमीशन दो, पाकिस्तानी टीम में जगह पाओ’: इंजमाम ही नहीं, बाबर, रिजवान और शाहीन भी जुड़े थे PR कंपनी से

इंजमाम उल हक़ का चीफ सेलेक्टर पद से इस्तीफा, अब बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शाहीन अफरीदी का नाम भी विवादों में
मौजूदा वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के सेमीफाइनल से बाहर होने के चांस हैं, ऐसे में वहाँ की क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस पर मंथन शुरू कर दिया है। पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता इंजमाम उल हक़ को लेकर खुलासा हुआ है कि वो एक प्राइवेट कंपनी के लिए काम करते थे और उन्होंने उसी के हिसाब से टीम भी चुनी। खुलासे के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। फिर PCB ने एक फैक्ट-फाइंडिंग कमिटी बनाई। अब जाँच में बोर्ड को पता चला है कि इसी एजेंसी के लिए पाकिस्तानी टीम के कई खिलाड़ी जुड़े हुए थे।

मंगलवार (31 अक्टूबर, 2023) को समिति की पहली बैठक हुई। ये सारा विवाद UK की कंपनी Yazoo इंटरनेशनल लिमिटेड को लेकर है। इस कंपनी के बोर्ड में इसके मुखिया तल्हा रहमानी के साथ-साथ पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक़ भी शामिल थे। अब पता चला है कि तल्हा रहमानी ही ‘साया कॉर्पोरेशन’ नामक कंपनी का भी प्रबंधन करते हैं, जो पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आज़म, विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और मुख्य पेसर शाहीन शाह अफरीदी का भी प्रतिनिधित्व करती है।

पाकिस्तानी अख़बार ‘डॉन’ ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि PCB की अंतरिम मैनेजमेंट कमिटी के अध्यक्ष ज़का अशरफ के समक्ष ये जाँच समिति रिपोर्ट रखेगी। ये उनके 4 महीने के कार्यकाल का भी अंतिम दिन होने वाला है। हालाँकि, ये साफ़ नहीं है कि उनके इस्तीफे के बाद फिर से चुनाव होगा या फिर उनका ही कार्यकाल बढ़ाया जाएगा। इंजमाम उल हक़ कमिटी के सामने पेश नहीं होंगे। उन्होंने कहा है कि जाँच में अगर वो पाक साफ़ निकल जाते हैं तो फिर वापस अपने पद पर लौटेंगे।

साथ ही ये कमिटी ‘साया कॉर्पोरेशंस’ के साथ जुड़े खिलाड़ियों से भी पूछताछ नहीं कर पाएगी, क्योंकि वो सभी विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हुए हैं। PCB से अनुमति लेनी होती है कि कौन सा खिलाड़ी किस एजेंट को रखे हुए हैं, या किन कंपनियों को अपने प्रबंधन के रूप में रखे हुए है। हालाँकि, PCB के पास इसकी कोई डिटेल्स नहीं हैं कि कौन सी कंपनी किस खिलाड़ी का काम देख रही है। बोर्ड के मीडिया हेड उम्र कलसन भी एशिया कप के दौरान श्रीलंका में एक कसीनो में दिखे थे, और भारत भी वो आए हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

ये भी सामने आया है कि पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ियों को टीम में जगह दिलाने की एवज में ये कंपनी 30 प्रतिशत का कमीशन लिया करती थी। बता दें कि बाबर आजम की एक व्हाट्सएप्प चैट भी लीक हुई थी। इसके बाद PCB अध्यक्ष को बयान जारी करना पड़ा था। इसी तरह कुछ दिनों पहले बाबर आजम और शाहीन अफरीदी के भी झगड़े की खबर बीच में आई थी। अब देखना ये है कि पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में जगह बनाती है या नहीं।