
आर.बी.एल.निगम, वरिष्ठ पत्रकार
कुछ समय पूर्व इसी ब्लॉग पर एक लेख शीर्षक "क्या भाजपा ही भाजपा को हराएगी?" लिखा था, जिसका भाजपा समर्थकों ने नाराजगी भी जताई। लेकिन कभी मंथन करने का प्रयास नहीं किया। जबकि उपरोक्त लेख का एक शब्द चरितार्थ हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो कांग्रेस मुक्त भारत करने की बात करते थे, आज राज्यों से भाजपा सत्ता-मुक्त हो रही है। इस स्थिति का अवलोकन करने पर लगता है "अभी दिल्ली दूर है।" भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को दिल्ली को भूल अन्य राज्यों के होने वाले चुनावों को ध्यान में रख, वहां के मंडलों से लेकर प्रदेश तक के कार्यकलापों पर मंथन करे।
शाज़िया से पूर्व अन्य के भी व्हाट्सअप मैसेज लीक होते रहे हैं। इतना ही नहीं, चुनावों में विपक्ष से होने वाले गुप्त समझौते भी जगजाहिर होते रहे हैं। चुनावी चंदे में घोटाले करना आदि आदि। जो इस बात को प्रमाणित करता है कि ऐसे तथाकथित भाजपाई पार्टी तो क्या जनहित में भी गंभीर नहीं हो सकते।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई की उपाध्यक्ष शाजिया इल्मी का एक व्हाट्सऐप मैसेज लीक हुआ है। इसमें उन्होंने राज्य इकाई के नेताओं द्वारा भेदभाव करने का आरोप लगाया है। पार्टी के व्हाट्सऐप ग्रुप में शाजिया इल्मी ने मैसेज कर दिल्ली में होने वाली सभाओं में प्रदेश पार्टी नेतृत्व पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भी उन्हें ऑल-एक्सेस पास नहीं दिया गया। इसके कारण वह पीएम मोदी के मंच पर नहीं जा सकीं। वहीं, पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को यह पास दिया गया था। पीएम मोदी ने रविवार (22 दिसंबर 2019) को रामलीला मैदान में 'धन्यवाद रैली' को संबोधित किया था।
धार्मिक आधार पर भेदभाव से इनकार
शाजिया इल्मी ने धार्मिक आधार पर भेदभाव किए जाने की बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा, 'मैं स्पष्ट तौर पर यह बताना चाहती हूं कि इसे धार्मिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। यह प्रदेश नेतृत्व से जुड़ी राजनीति है।' 'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी की रामलीला मैदान में हुई रैली के दौरान शाजिया इल्मी को मीडियाकर्मियों के साथ बैठना पड़ा, जबकि दिल्ली इकाई के अन्य नेताओं को पीएम के मंच पर जाने की अनुमति दी गई थी। शाजिया इल्मी ने कहा, 'मैं इस मुद्दे (पार्टी में भेदभाव) को मीडिया के जरिये कभी नहीं कहना चाहती थी, लेकिन पार्टी के आंतरिक व्हाट्सऐप ग्रुप से किसी ने इसे लीक कर दिया. केंद्रीय नेतृत्व ने इस मसले पर संज्ञान लिया है।'
चार साल पहले AAP छोड़ BJP में शामिल हुई थीं शाजिया
शाजिया इल्मी ने आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ राजनीति की शुरुआत की थी। वर्ष 2015 में उन्होंने BJP की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। साल 2017 में मनोज तिवारी को दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष बना दिया गया और शाजिया इल्मी को उपाध्यक्ष का पद दिया गया। बता दें कि मनोज तिवारी दिल्ली से सांसद भी चुने जा चुके हैं।
No comments:
Post a Comment