Showing posts with label #Delhi cricketer. Show all posts
Showing posts with label #Delhi cricketer. Show all posts

बंगाल : दिल्ली के क्रिकेटर को हनीट्रैप में फँसाने वाले 3 गिरफ्तार

                                                              प्रतीकात्मक चित्र
पश्चिम बंगाल पुलिस ने 5 नवंबर, 2022 को दिल्ली के एक क्रिकेटर को हनीट्रैप में फँसा कर ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। हालाँकि, पुलिस ने हनी ट्रैप का शिकार हुए क्रिकेटर के नाम का खुलासा नहीं किया है।

इस मामले में पुलिस ने कहा है कि क्रिकेटर की शिकायत के आधार पर जाँच कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ऋषभ चंदा, सुभोनकर विश्वास और शिव सिंह के रूप में हुई है। जबकि, हनीट्रैपिंग रैकेट का मुख्य मास्टरमाइंड अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने फरार आरोपित की जल्द-जल्द से गिरफ्तारी की बात कही है।

एबीपी बांग्ला की रिपोर्ट के अनुसार, हनीट्रैप का शिकार हुआ क्रिकेटर अक्टूबर के अंत में मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) के मैच खेलने के लिए दिल्ली से कोलकाता आया था। वहाँ वह सॉल्ट लेक इलाके के एक होटल में रुका था। इस दौरान वह एक डेटिंग ऐप के जरिए आरोपितों के संपर्क में आया।

इसके बाद, मंगलवार (1 नवंबर, 2022) को वह बिधाननगर सिटी थाना अंतर्गत आने वाले बागुईआटी इलाके के एक बस-स्टॉप पर चारों आरोपितों से मिला। इस मुलाकात के दौरान, क्रिकेटर को कुछ तस्वीरें दिखाई गईं और उसे इन फोटोज में से एक चुनने के लिए कहा गया। जब, उसने उन फोटोज में से एक को पसंद कर लिया तब उसे उस लड़की मिलवाया भी गया। फिर, जब वह लड़की के साथ होटल में रुका, तब आरोपितों ने उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

पीड़ित क्रिकेटर इस बात से अनजान था कि वह हनीट्रैप का शिकार हो गया है। हालाँकि, कुछ समय बाद आरोपितों ने उसे संपर्क किया और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए पैसे की माँग की। पीड़ित ने तत्काल ही आरोपितों को नेट बैंकिंग के माध्यम से 60,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। यही नहीं, उसे अपनी सोने की चेन और कीमती मोबाइल फोन भी आरोपितों को देना पड़ा।

हालाँकि, आरोपित यहीं नहीं रुके और उसे ब्लैकमेल करने के लिए और कॉल आने लगे। इससे परेशान होकर बुधवार (2 नवंबर 2022) को उसने स्थानीय बागुईआटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित क्रिकेटर के बयान के आधार पर जाँच शुरू की। इसके बाद, शनिवार (5 नवंबर, 2022) को बागुईआटी इलाके से ही तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि चौथा आरोपित जिसे इस हनीट्रैप रैकेट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है – वह अब भी फरार है।