Showing posts with label #Nalanda. Show all posts
Showing posts with label #Nalanda. Show all posts

बिहार : ‘मुझे प्यार करो, बाथरूम चलो…’: मेडिकल कॉलेज में परीक्षा पास करने की शर्त

बिहार के पावापुरी मेडिकल कॉलेज की छात्राओं ने लगाए यौन शोषण के आरोप (फोटो साभार: दैनिक भास्कर)
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जिला है नालंदा। यहीं पर वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान, पावापुरी नाम का मेडिकल कॉलेज है। यह मेडिकल कॉलेज छात्राओं के साथ कथित यौन शोषण को लेकर चर्चा में है।

छात्राओं ने एचओडी समेत 5 लोगों पर छेड़खानी के आरोप लगाए हैं। बिहार पुलिस ने एक्स/ट्विटर पर एक पोस्ट के जरिए बताया है कि इस मामले में एचओडी विजेंद्र प्रसाद, डॉक्टर निर्मल कुमार, डॉक्टर जितेश, डॉक्टर अजय कुमार और क्लर्क निरंजन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार छात्राओं का कहना है कि एचओडी ने परीक्षा में पास करने के लिए उन्हें अपने कमरे में बुलाकर किस करने की कोशिश की। आरोपितों ने उनसे बाथरूम चलने को कहा। कहा कि मुझे प्यार करो तो पास करेंगे। छात्राओं ने अश्लील बात करने के लिए मजबूर करने का भी आरोप लगाया है।

दैनिक भास्कर ने एक छात्रा के हवाले से बताया ​है कि मेडिकल कॉलेज में 6 दिसंबर 2023 को मौखिक परीक्षा थी। छुट्टी होने के बाद छात्राएँ अपने कमरे पर चली गईं। इसके बाद उन्हें फोन कर कॉलेज बुलाया गया। कॉलेज आने पर एचओडी इन छात्राओं को एक-एक कर कमरे में बुलाया और अश्लील हरकत की।

छात्रा के अनुसार, “सर ने कहा तुम्हारे इतने कम नंबर आए हैं। क्या करोगी। पास होगी या फेल। मैंने कहा पास होना है। वे बोले-उधर चलो, बाथरूम की ओर। मैंने मना किया तो जबरदस्ती पकड़ लिया। मैं रोने लगी तो मुझे छोड़ दिया। डॉक्टर अजय कुमार, डॉक्टर जीतेश कुमार ने मुझे पकड़ रखा था।”

एक अन्य छात्रा के अनुसार घटना के वक्त आरोपित नशे की हालत में थे। उससे पूछा गया कि यदि उसे टॉप कर दिया गया तो बदले में वह क्या करेगी। कथित तौर पर डॉक्टर निर्मल कुमार ने उससे पैर छुकर आशीर्वाद लेने को कहा। लेकिन पैर छुने को वह जैसी ही झुकी उसे पकड़ कर किस करने की कोशिश की। पीड़ित छात्राएँ ओटी असिस्टेंट की पढ़ाई कर रही हैं।

छात्राओं का यह भी आरोप है कि शुरुआत में उनके आरोप को गंभीरता से नहीं लिया गया। पुलिस ने उन्हें थाने से भगा दिया। हालाँकि स्थानीय ओपी प्रभारी अनीता कुमारी ने इस आरोप को गलत बताया है। कहा है कि पुलिस मामले की जाँच कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि मामले की जाँच के लिए जिलाधिकारी ने एक टीम का गठन किया है।


बिहार : सियासी बदलाव का असर, नीतीश कुमार के गृह जिले के सरकारी स्कूल में फहराया गया SDPI का झंडा


बिहार में बीजेपी और जेडीयू का गठबंधन टूट चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिर एक बार पलटी मारते हुए मुहबोले भातीजे और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के साथ सरकार बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। बिहार में इस सियासी उथल-पुथल के संकेत पहले से ही मिलने लगे थे, जिससे कुछ देश विरोधी ताकतों और संगठनों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। सियासी बदलाव का असर है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के एक सरकारी स्कूल में सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) का झंडा फहराए जाने का एक मामला सामने आया है।

दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें नालंदा के सोहसराय थाना क्षेत्र में उर्दू प्राथमिक विद्यालय सोहडीह में एसडीपीआई का झंडा फहराने और बच्‍चों को भी एसडीपीआई के झंडे को सलामी देते देखा जा सकता है। यह घटना किस दिन की है, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है। मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीएम कुमार अनुराग ने जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

बिहार शरीफ के एसडीएम कुमार अनुराग ने बताया कि जिस तरह स्कूल परिसर में एसडीपीआई का झंडा फहराया गया है, यह खुलेआम कानून का उल्लंघन है। वायरल तस्वीर कब की है, इसकी जांच की जा रही है। जो भी लोग इसमें शामिल हैं, फोटो से उनकी पहचान कर उन पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय प्रशासन को इस मामले की जानकारी है या नहीं, इस संबंध में उनसे भी पूछा जाएगा। इसमें अगर किसी भी प्रकार से स्कूल की भूमिका पाई गई तो उनके ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी।

एसडीपीआई कट्टरपंथी इस्लामी संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) की राजनीतिक शाखा है। हाल ही में राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ से पीएफआई के संदिग्धों को पकड़ते हुए पुलिस ने 2047 तक भारत को इस्लामी मुल्क बनाने की साजिशों का खुलासा किया था। पिछले दिनों बिहार के मुस्लिम बहुल इलाकों के सरकारी स्कूलों में रविवार की जगह शुक्रवार को छुट्टी दिए जाने का मामला प्रकाश में आया था। इसको लेकर सोशल मीडिया में लोगों ने चिंता जाहिर की है। लोगों का कहना है कि आगे आगे देखिए होता है क्या ? अभी तो एसडीपीआई का झंडा लगा है, फिर पीएफआई का लगेगा। आश्चर्य नहीं होगा यदि आईएसआईएस का भी लग जाए।