Showing posts with label #Quetta. Show all posts
Showing posts with label #Quetta. Show all posts

पाकिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी का भीषण हमला, फौजियों को ले जा रही ट्रेन को उड़ाया: 24 की मौत और 100+ घायल, बोगियों में लगी आग के Video


पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार (24 मई 2026) को सेना के जवानों को ले जा रही एक ट्रेन को निशाना बनाकर बड़ा धमाका किया गया। इस हमले में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में सेना के जवान भी शामिल हैं। यह भीषण धमाका बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के पास चमन फाटक (Chaman Phatak) रेलवे स्टेशन के नजदीक हुआ।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेन क्वेटा से पेशावर जा रही थी और उसमें फौजी अपने परिवारों के साथ सफर कर रहे थे। कई लोग ईद की छुट्टियाँ मनाने के लिए जा रहे थे। बताया गया कि ट्रेन जब क्वेटा में चमन पट्टक इलाके में एक सिग्नल पार कर रही थी, उसी दौरान विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी ने ट्रेन के एक डिब्बे को टक्कर मारी, जिससे जोरदार धमाका हुआ।

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) की मजीद ब्रिगेड ने इस ‘फिदायीन हमले’ की जिम्मेदारी ली है। BLA ने कहा कि हमले में ट्रेन में यात्रा कर रहे पाकिस्तानी फौजियों को निशाना बनाया गया था।

धमाका इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरकर पलट गए और उनमें आग लग गई। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में ट्रेन का एक डिब्बा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर किनारे पलटा हुआ दिखाई दिया। हादसे के बाद लोग मलबे पर चढ़कर जीवित लोगों की तलाश करते नजर आए।

धमाके के असर से आसपास की इमारतों की खिड़कियों और शीशे भी टूट गए। पुलिस के अनुसार, ट्रेन को नुकसान पहुँचा है जबकि आसपास खड़े कम से कम 10 वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सामने आए कुछ वीडियो में घटनास्थल पर जली हुई गाड़ियाँ भी नज़र आ रही है।

 घायल लोगों को तुरंत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वीडियो और तस्वीरों में लोगों को खून से लथपथ घायलों को स्ट्रेचर पर ले जाते हुए देखा गया जबकि सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और मौके पर तैनाती बढ़ा दी।