Showing posts with label #Saryu river. Show all posts
Showing posts with label #Saryu river. Show all posts

उत्तर प्रदेश : सरयू नदी से निकला 53 किलो का चांदी शिवलिंग; देखने जुटी हजारों की भीड़

सरयू नदी से निकला शिवलिंग (तस्वीर साभार: पंजाब केसरी)
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सरयू नदी पुल के नीचे से एक भारी भरकम शिवलिंग मिलने की खबर आ रही है। लोग सावन में मिले इस शिवलिंग को देख मान रहे हैं कि स्वयं शिव उन्हें दर्शन देने आए हैं। फिलहाल पुलिस ने इसे अपने कब्जे में लिया हुआ है। लेकिन जाँच के बाद यह स्थानीयों को लौटा दिया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि 16 जुलाई 2022 को 11 बजे राममिलन साहनी नाम का युवक मातेश्वरी घाट के समीप स्नान करने सरयू नदी पर गया था। वहीं उसे कुछ ठोस पदार्थ दिखा। जब उसने नदी के पास जमे बालू में खुदाई की तो अंदर से डेढ़ फुट लंबा और 1 फुट चौड़ा चांदी का शिवलिंग निकला। सूचना मिलते ही हजारों ग्रामीण शिवदर्शन के लिए इकट्ठा होते गए और जोर-जोर से हर-हर महादेव के नारे लगे।

इसके बाद रामचंद्र निषाद की 14 वर्षीय पुत्री द्वारा इस शिवलिंग की पूजा-अर्चना करवाई गई। फिर इसे मेला राम बाबा मंदिर के बगल में शिव मंदिर में रखा गया। यहाँ शिवलिंग का ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अभिषेक किया।

जब पुलिस को इस तरह नदी के पास से शिवलिंग मिलने का पता चला तो वह शिवलिंग लेकर थाने आ गए। शिवलिंग मिलने की जानकारी देते हुए एसपी मऊ अविनाश पांडे ने बताया कि घाघरा नदी में किसी ने कुछ चमकती चीज देखी। जब इसे निकाला तो पता चला कि ये शिवलिंग है। इसे मलखाना के थाने में सम्मान के साथ रखा गया है। साथ ही जाँच एजेंसियों को सूचना दे दी गई है। जैसे ही पड़ताल पूरी होगी इसे लोगों को वापस कर दिया जाएगा।

कुछ लोग इस शिवलिंग का वजन 30 किलो कह रहे हैं जबकि अधिकांश मीडिया रिपोर्ट दावा कर रही हैं कि ये शिवलिंग 53 किलो का है। सोशल मीडिया पर ये खबर आने के बाद लोगों में शिव के प्रति श्रद्धा और बढ़ गई है। लोग हैरान हैं कि सरयू नदी से निकली दमकती चीज वाकई शिवलिंग ही है। यूजर्स इसे देख कह रहे हैं कि लग रहा है कि अब कलयुग का अंत होने वाला है क्योंकि स्वयं बाबा ने दर्शन दे दिए हैं।