Showing posts with label #ink thrown. Show all posts
Showing posts with label #ink thrown. Show all posts

उत्तर प्रदेश : सदफ ज़फर के लिए प्रचार करने पहुँचे कन्हैया कुमार पर कांग्रेस दफ्तर में ही फेंकी गई स्याही, समर्थकों का दावा – एसिड है

उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी के लिए प्रचार करने पहुँचे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार पर स्याही फेंकी गई है। ये घटना कांग्रेस के ही लखनऊ मुख्यालय में हुई। जिसने जनता में कांग्रेस के ही विरुद्ध संकेत दे दिया है, जो इस बात को भी साबित कर रहा है कि कांग्रेस ही कांग्रेस को हराने में लगी हुई है। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि कांग्रेस के दफ्तर में धक्का-मुक्की चल रही है और कन्हैया कुमार के समर्थन किसी तरह उन्हें बचा कर ले जा रहे हैं। कन्हैया कुमार 1 फरवरी, 2022 को लखनऊ सेंट्रल की प्रत्याशी सदफ जफर के लिए प्रचार-प्रसार करने पहुँचे थे।

कांग्रेस पार्टी ने कन्हैया कुमार का नाम उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने ‘स्टार प्रचारकों’ की सूची में भी रखा हुआ है। कन्हैया कुमार के समर्थकों ने स्याही फेंकने वाले युवक के साथ धक्का-मुक्की भी की। जबकि कांग्रेस नेताओं का दावा है कि ये स्याही नहीं, बल्कि एसिड है। हालाँकि, स्याही कन्हैया कुमार पर तो नहीं पड़ी लेकिन आसपास खड़े उनके कुछ समर्थकों के ऊपर इसकी कुछ बूँदें पड़ी थीं। स्याही फेंकने वाले युवक ने अब तक कुछ बताया नहीं है।

कन्हैया कुमार उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के लिए ‘डोर टू डोर’ कैम्पेन चलाने के लिए पहुँचे थे। उन्हें लखनऊ की गलियों में लोगों से हाथ जोड़ कर कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट माँगते हुए भी देखा गया। उन्होंने बाकी पार्टियों पर सब कुछ वर्चुअल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही जनता के साथ सड़क पर है। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं द्वारा पार्टी छोड़ने पर उन्होंने कहा कि पुराने नेता छोड़ रहे हैं, क्योंकि अब पार्टी नई हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश बेचने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस अबकी दिखा देगी और भाजपा को उखाड़ फेंकेगी।

हालाँकि, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सम्बन्ध में कन्हैया कुमार ने कहा कि जनता जनार्दन का जो भी फैसला होगा, ये उन्हें मंजूर होगा। उन्होंने कहा कि ये चुनाव उनकी पार्टी प्रियंका गाँधी वाड्रा के नेतृत्व में लड़ रही है और इसीलिए ये बड़ा हो गया है। हाथरस, उन्नाव और लखीमपुर खीरी में हुई घटनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि तभी से कांग्रेस पार्टी लोगों के साथ सड़कों पर संघर्ष कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने देश बनाया है, इसीलिए वो इसे बिकने से बचा रही है।