Showing posts with label Hindu molested. Show all posts
Showing posts with label Hindu molested. Show all posts

सोनीपत की खान कॉलोनी : लड़कियों पर अश्लील कमेंट, ‘मस्जिद’ से पत्थरबाजी : मुस्लिम युवकों ने किया हिंदुओं का जीना दूभर

खान गली में हिंदू लड़कियों का जीना मुश्किल (तस्वीर साभार: ई पंच्जन्य)

सोनीपत में कथिततौर पर अवैध रूप से बसी खान कॉलोनी में हिंदू महिलाओं को मस्जिद गली के आसपास घूमने वाले लड़कों ने परेशान कर रखा है। इस संबंध में एक खबर दैनिक जागरण में प्रकाशित हुई है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि खान गली में करीबन 250 परिवार रहते हैं। इनमें बिहार-यूपी से आए 150 मुस्लिम परिवार हैं। वहीं हिंदू परिवारों की संख्या 100 के करीब। यहाँ हिंदू लोगों ने शिकायत की है कि उन्हें ऐसे माहौल की वजह से बेटियों की शादी करने में परेशानी आ रही है। मुस्लिम युवक इकट्ठा होकर औरतों पर अश्लील कमेंट करते हैं।

हाल की घटना है कि खान कॉलोनी के एक शख्स ने अपनी बेटी की सगाई की थी। लेकिन जैसे ही सगाई खत्म हुई वहाँ मुस्लिम समुदाय के युवक आए उन्होंने लड़की को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इसके बाद हिंदुओ पर पत्थरबाजी कर दी गई जिसकी वजह से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन युवकों ने लड़की के भाई से भी मारपीट की। जब इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई तो उन्होंने केस दर्ज करने में 24 घंटे लगाए। वहीं बाद में पुलिस ने शिकायत पर सोहिल व शहिद व 20 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है और 2 लोग गिरफ्तार हुए हैं।

हरियाणा पंजाब केसरी में प्रकाशित रिपोर्ट बताती है कि इन मुस्लिम युवकों ने उस लड़की की सगाई तुड़वाने के लिए लड़की के मंगेतर को कई उलजुलूल और अश्लील संदेश तक भेजे थे ताकि रिश्ता टूट जाए। लेकिन जब इस संबंध में घरवालों को बताया गया तो वो लोग आरोपितों की शिकायत लेकर उनके घर जाने लगे। इसी बात पर लड़के भड़क गए। उन्होंने मस्जिद में खड़े होकर पत्थरबाजी की। घटना की शिकायत हुई। भाजपा नेता राजीव जैन ने भी मौके पर पहुँच पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

सेक्टर 27 थाना प्रभारी संदीप कुमार ने कहा कि खान कॉलोनी में रहने वाले एक शख्स ने उन्हें शिकायत दी थी कि कॉलोनी के ही रहने वाले कुछ युवा उनकी बेटियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं और पत्थरबाजी भी की है। इस संबंध में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

दूसरी ओर रिपोर्टें बताती हैं कि आक्रोशित हिंदुओं ने घटना के बाद इलाके में ‘जयश्रीराम’ के नारे लगाए और हनुमान चालीसा का पाठ किया। वहीं महिलाओं ने दुख जताया कि इन छेड़खानियों की शिकायत पर उनकी सुनवाई नहीं हो रही। राजनीति के लिए मुस्लिम आकर कॉलोनी में बस रहे हैं और राजनीतिक हस्तक्षेप से अपना आधार कार्ड बनवा रहे हैं।

खबर में ये भी दावा है कि इलाके में एक मकान तोड़कर अवैध रूप से मस्जिद बनाया जा रहा है। वहाँ खंभे खड़े करके उनपर गुंबद बना दिए गए हैं। इसमें दोनों मंजिलों पर निर्माण हो रहा है। बताया जा रहा है कि यहीं छत पर खड़े होकर हिंदुओं पर पथराव किया गया। मस्जिद के इमाम मोहम्मद सलीम ने पूछताछ में खुद को बचाते हुए बताया कि घटना के समय वह बाहर था। लेकिन सीसीटीवी फुटेज में झगड़े के दौरान कुछ युवक सीढ़ियों से छत की ओर जाते दिख रहे हैं। अब पुलिस इन सीसीटीवी फुटेज की जाँच कर रही है। उन्होंने कहा है कि ये मामला दो वर्गों का है। दो संप्रदायों का नहीं है।