Showing posts with label Uttar Pradesh record. Show all posts
Showing posts with label Uttar Pradesh record. Show all posts

उत्तर प्रदेश : योगी आदित्यनाथ ने बनाया सबसे बड़ा रिकॉर्ड (राजनीतिक); कांग्रेस के डॉ. सम्पूर्णानंद को भी पीछे छोड़ा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक नया रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। वह उत्तर प्रदेश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले व्यक्ति बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड कांग्रेस के डॉ. सम्पूर्णानंद के नाम पर था।

योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च 2017 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभाली थी। तब से वह लगातार सूबे के मुखिया बने हुए हैं। मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ का कार्यकाल 5 साल और 347 दिन का हो गया है। इससे पहले कांग्रेस के डॉ. संपूर्णानंद 5 साल और 345 दिन मुख्यमंत्री रहे। संपूर्णानंद उत्तर प्रदेश के दूसरे मुख्यमंत्री थे। वह 28 दिसंबर 1954 से लेकर 7 दिसंबर 1960 तक मुख्यमंत्री रहे।

बड़ी बात यह है कि योगी आदित्यनाथ के इस बड़े रिकॉर्ड ने कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के सभी मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल को पीछे छोड़ दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह, नारायण दत्त तिवारी और अखिलेश यादव जैसे नेताओं के कार्यकाल भी योगी आदित्यनाथ के आगे फीके दिखाई दे रहे हैं। यही नहीं, उत्तर प्रदेश में 4 बार मुख्यमंत्री बनने वाली मायावती और 3 बार मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव भी इस रिकॉर्ड में बहुत पीछे हैं।

योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के उन गिने चुने नेताओं में से एक हैं, जिनके नेतृत्व में लगातार दूसरी बार सरकार बनी है। इससे पहले एनडी तिवारी के नेतृत्व में साल 1985 में कांग्रेस  सरकार बनी थी। वहीं, उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड अलग होने के बाद से देखें तो योगी आदित्यनाथ ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जो लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं।

योगी ने तोड़ा नोएडा मिथक

उत्तर प्रदेश की राजनीति में ऐसा कहा जाता था कि जो भी मुख्यमंत्री नोएडा जाएगा, उसकी कुर्सी चली जाएगी। इसी मिथक के चलते मायावती से लेकर अखिलेश यादव तक मुख्यमंत्री रहते हुए कभी भी नोएडा नहीं गए। हालाँकि अपने 5 साल और 347 दिनों के कार्यकाल में योगी आदित्यनाथ करीब 25 बार नोएडा गए। कुर्सी जाने की बात तो दूर मिथकों को तोड़ते हुए योगी दोबारा मुख्यमंत्री बने हैं।