Showing posts with label daily bills and salary. Show all posts
Showing posts with label daily bills and salary. Show all posts

चंदाखोरी कैंपेन चलाने वाली कांग्रेस के चेक नहीं ले रहे बैंक, बिजली बिल भरने के भी पैसे नहीं: रोने के बाद मिली राहत

कांग्रेस ने आयकर विभाग पर आरोप लगाया है कि पार्टी से जुड़े खातों को फ्रीज कर दिया गया है। इसमें युवा कांग्रेस का खाता भी शामिल है। पार्टी का कहना है कि आयकर विभाग ने उसके बैंक खाते सील कर दिए हैं और 210 करोड़ रुपए के टैक्स की डिमाँड की है। कांग्रेस का दावा है कि यह कार्रवाई चुनावी बॉन्ड पर रोक लगने के एक दिन बाद हुई है। हालाँकि कांग्रेस के आरोप लगाने के बाद ही जानकारी सामने आ रही है कि कांग्रेस के खातों पर लगी रोक को हटा लिया गया है। इस मामले में आयकर विभाग के ट्रिब्यूनल में बुधवार को सुनवाई की जाएगी।

कांग्रेस नेता और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने बाकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि कांग्रेस के सभी बैंक खाते सील कर दिए। उन्होंने कहा पार्टी की ओर से जारी किए गए चेक कोई बैंक ले नहीं रहा है। इनकम टैक्स ने यूथ कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी से 210 करोड़ रुपये की वसूली माँगी है। हमारे खातों में क्राउडफंडिंग का पैसा फ्रीज कर दिया गया है। चुनाव से ठीक 2 हफ्ते पहले जब विपक्ष के खाते फ्रीज कर दिए जाते हैं, तो यह लोकतंत्र को फ्रीज करने के बराबर है। उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा से दो सप्ताह पहले ये कदम उठाकर सरकार क्या संदेश देनी चाहती है? अजय माकन ने कहा कि ये पैसा किसी पूँजीपति का नहीं है, बल्कि ये पैसा देश के गरीबों का है। जिन्होंने कांग्रेस पार्टी को दान के माध्यम से ये पैसा दिया।

अजय माकन ने आगे कहा, “अभी हमारे पास ख़र्च करने के लिए पैसे नहीं हैं। न बिजली का बिल भरने के लिए। न ही अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए। सब कुछ प्रभावित होगा। न केवल न्याय यात्रा, सारी ही राजनीतिक गतिविधियों पर असर पड़ेगा।”

इस मुद्दे पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “लोकसभा चुनाव से ठीक पहले देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के खाते फ़्रीज़ करने का क़दम भारतीय लोकतंत्र पर हमला है। बीजेपी ‘असंवैधानिक’ पैसा का इस्तेमाल चुनावों में करेगी, मगर कांग्रेस ने चंदा इकट्ठा कर के जो पैसा जुटाया, उस पैसे को ज़ब्त कर लिया गया है।”

उन्होंने आगे लिखा, “मैंने इसीलिए पहले ही कहा था कि आगे से कोई चुनाव नहीं होंगे। मैं ज्यूडिशरी से ये अपील करता हूँ कि वो देश के मल्टी-पार्टी सिस्टम को बचाए और भारत के लोकतंत्र की रक्षा करे। इसके लिए हम सड़कों पर उतर कर लड़ेंगे और ऐसी तानाशही का जोरदार विरोध करेंगे।”

आयकर विभाग की इस कार्रवाई के विरोध में युवा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास को हिरासत में ले लिया गया।

आयकर विभाग ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हालाँकि, विभाग के सूत्रों ने कहा है कि कॉन्ग्रेस पार्टी पर टैक्स चोरी के आरोप है। सूत्रों ने कहा कि विभाग ने पार्टी को कई बार नोटिस भेजा था, लेकिन पार्टी ने उनका जवाब नहीं दिया।

थोड़े समय बाद ही हटाया गया बैन

इन आरोपों को लगाने के कुछ देर बाद कांग्रेस पार्टी ने बताया है कि पार्टी के खातों पर लगे प्रतिबंध हटा लिए गए हैं। एनडीटीवी ने कांग्रेस के हवाले से ये खबर दी है। बताया जा रहा है कि इस मामले में बुधवार को आईटी ट्रिब्यूनल में सुनवाई होगी
अवलोकन करें:-
कांग्रेस पार्टी ने दावा किया था कि क्राउड फंडिंग से जमा हुए पैसों को भी फ्रीज कर दिया गया है, इसके लिए वो आयकर विभाग की अपीलीय न्यायालय में चुनौती देंगे। जरूरत पड़ी तो पार्टी कोर्ट तक जाएगी। कांग्रेस पार्टी ने इस बात पर भरोसा जताया था कि कोर्ट से उन्हें न्याय मिलेगा। हालाँकि अब कांग्रेस के खातों को अनफ्रीज (खोल दिया गया) कर दिया गया है।