Showing posts with label drama at police station. Show all posts
Showing posts with label drama at police station. Show all posts

जूनागढ़ के AAP अध्यक्ष गोपाल इटालिया के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत FIR, पुलिस स्टेशन में किया महिला अफसर के पैरों में गिरने का ड्रामा

                                          गोपाल इटालिया का ड्रामा (साभार: ऑपइंडिया गुजराती)
गुजरात के जूनागढ़ जिले के विसावदर तालुका स्थित मंडावद में मूंगफली खरीद केंद्र पर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और केंद्र पर काम कर रहे श्रमिकों के बीच तीखा झड़प हो गया। इस घटना के बाद एक मजदूर की पत्नी के साथ कथित तौर पर जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और उत्पीड़न के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों में AAP के जिला अध्यक्ष हरेश सावलिया का नाम भी शामिल है।

मामले में पुलिस द्वारा निर्देश दिए जाने के बाद AAP विधायक गोपाल इटालिया पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रविवार (28 दिसंबर 2025) को पुलिस थाने पहुँचे। दरअसल, हरेश और अन्य आरोपितों को अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया था। इसी दौरान थाने में एक महिला पुलिस अधिकारी और गोपाल इटालिया के बीच तीखी बहस हो गई। AAP समर्थकों ने भी हंगामा किया जिसके चलते स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

पुलिस अधिकारी ने इटालिया और उनके समर्थकों से शांत और सम्मानजनक तरीके से बात करने का आग्रह किया लेकिन इटालिया काफी आक्रोशित हो गए। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं के उकसाने पर महिला पुलिस अधिकारी के पैरों में गिर पड़े। महिला अधिकारी ने इस व्यवहार पर आपत्ति जताई और वहाँ से चली गईं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में गोपाल इटालिया बार-बार यह कहते सुने जा सकते हैं कि ‘झूठी शिकायत दर्ज की गई है’ और वे पुलिस से सबूत दिखाने की माँग करते नजर आए।

इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए विसावदर के ASP रोहित डागर ने बताया कि संबंधित मूंगफली खरीद केंद्र पर उस समय खरीद प्रक्रिया चल रही थी जब AAP के नेता और कार्यकर्ता वहाँ पहुँचे। मूंगफली को बोरियों में भरने जैसे किसी छोटे मुद्दे को लेकर वहाँ मौजूद श्रमिकों से उनकी बहस शुरू हो गई। बहस धीरे-धीरे हिंसक रूप लेती चली गई। आरोप है कि इस दौरान एक मजदूर के साथ मारपीट की गई, उसकी पत्नी को धक्का दिया गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस के अनुसार, इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

उत्पीड़न और छेड़छाड़ जैसी गंभीर धाराओं में FIR दर्ज होने के बाद MLA गोपाल इटालिया ने हरेश सावलिया और दूसरे आरोपितों को माला पहनाई और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ रैली के रूप में पुलिस स्टेशन पहुँचे। शिकायत दर्ज होने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता इटालिया की देखरेख में नाटक करने के लिए पुलिस स्टेशन पहुँचे। शिकायत दर्ज होने के बाद इटालिया ने थाने में प्रदर्शन किया और वहाँ पहुँचकर BJP पर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि यह पूरा मामला किसानों की आवाज उठाने वालों को जेल में डालने की साजिश है, जिसे BJP ने रचा है।

हालाँकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मजदूरों के खिलाफ अपराध करने वालों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। वहीं, गोपाल इटालिया का आरोप है कि कानून का गलत इस्तेमाल कर झूठे अत्याचार और उत्पीड़न के मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

इस मामले में जूनागढ़ के पुलिस अधीक्षक (SC/ST सेल) रविसेज सिंह परमार ने आरोपितों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 75(2), 115(2), 296(B), 351(33) और 54 के साथ-साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(R)(S) भी लगाई गई हैं। पुलिस ने हरेश सहित तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और मामले की आगे की जाँच जारी है।