Showing posts with label owner of property. Show all posts
Showing posts with label owner of property. Show all posts

सोनिया गाँधी : इटली में प्रॉपर्टी, 1.28kg सोना और 88 किग्रा चाँदी की हैं मालकिन: दिल्ली में 3 बीघा जमीन

सोनिया गाँधी के पास 12.53 करोड़ रूपए की सम्पत्ति
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गाँधी के पास उनके मूल देश इटली में अब भी सम्पत्ति है। इसके साथ ही उनके पास 88 किलोग्राम चाँदी और 1.28 किलोग्राम सोना एवं जूलरी है। इसके अलावा, उनके पास दिल्ली में जमीन भी है। सोनिया गाँधी ने राज्यसभा में नामांकन के लिए दिए गए शपथ पत्र में बताया है कि उनकी कमाई का एक स्रोत किताबों से मिलने वाली रॉयल्टी भी है।

सोनिया गाँधी ने हाल ही में राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। इसमें उन्होंने अपनी चल-अचल सम्पत्ति की जानकारी दी है। उन्होंने शपथ पत्र में अपनी कुल सम्पत्ति 12.53 करोड़ रुपए बताई है। इसमें उन्होंने कृषि भूमि से लेकर किताबों से होने वाली कमाई, सोना चाँदी, बैंक में जमा धनराशि सहित अन्य जानकारियाँ दी हैं।

सोनिया गाँधी ने बताया है कि उनके पास 1.28 किलोग्राम सोना और 88 किलोग्राम चाँदी है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1.07 रूपए करोड़ है। सोनिया गाँधी ने बताया है कि उनके पास 90,000 रूपए नकद हैं, जबकि 5.30 लाख रूपए HDFC बैंक के एक खाते में हैं। उनके पास 3.88 करोड़ रूपए के म्युचुअल फंड निवेश भी हैं। उन्होंने  28.53 लाख रूपए के बॉन्ड खरीदे हुए हैं।

शपथ पत्र में सोनिया गाँधी ने जो बताया है, उसमें आगे कहा गया है कि उनके पास अपनी कम्पनी यंग इंडिया लिमिटेड के शेयर भी हैं, इसको लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। इसके अलावा, उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस से 1.69 लाख रुपए की रॉयल्टी मिलती है। इस तरह उनके पास कुल चल सम्पत्ति 6.38 करोड़ रूपए है। हालाँकि, उनके पास अपनी कोई गाड़ी नहीं है।

अचल संपत्तियों के विषय में उन्होंने बताया है कि उनके पास दिल्ली के डेरामंडी गाँव में 3 बीघा ( 2529.28 वर्ग मीटर) कृषि भूमि है, जिसकी कीमत 23,280 प्रति वर्गमीटर की दर से 5.88 करोड़ रूपए है। इसके अलावा इटली में उनकी एक पैतृक सम्पत्ति में भी हिस्सा मिला है, जिसका बाजार मूल्य 26.83 लाख रूपए है। इन अचल संपत्तियों की कुल कीमत 6.15 करोड़ रूपए बताई है। इस तरह उनके पास कुल 6.53 करोड़ रुपए हैं।

इससे पहले भी जब उन्होंने 2019 के चुनाव के दौरान जब अपना शपथ पत्र दाखिल किया था तो कुछ जानकारियाँ बदली हुई थीं। उन्होंने पिछली बार एक 12 बीघे जमीन के विषय में बताया था, उसका जिक्र इस बार नहीं किया गया है। सोनिया गाँधी ने चुनाव आयोग के नियमानुसार अपने खिलाफ दायर मुकदमों का जिक्र भी किया है। उन्होंने बताया है कि उन पर दो मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से एक भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने दर्ज करवाया है।

सोनिया गाँधी 1999 से लगातार लोकसभा की सदस्य रही हैं। वर्तमान में वह रायबरेली से लोकसभा सांसद हैं। हालाँकि, अब उन्होंने राजस्थान से राज्यसभा की प्रत्याशी हैं। वह उत्तर प्रदेश से इकलौती कांग्रेस सांसद हैं। उनकी जगह उनकी बेटी प्रियंका गाँधी रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं। उन्होंने रायबरेली की जनता के नाम एक पत्र भी लिखा है, जिसमें उन्होंने इसके संकेत दिए हैं।