Showing posts with label sheila dikshit. Show all posts
Showing posts with label sheila dikshit. Show all posts

शीला दीक्षित की मौत के जिम्मेदार चाको : कॉन्ग्रेस में उठी इस्तीफे की माँग

शीला दीक्षित के बेटे संदीप ने पीसी चाको को भेजा कानूनी नोटिसआगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली पर करीब 15 साल तक शीला दीक्षित के नेतृत्त्व में राज करने वाली कॉन्ग्रेस की आतंरिक कलह अब सार्वजनिक हो गई है। एक ओर सभी दल चुनावों की तैयारी में जुट गए हैं तो वहीं दूसरी तरफ कॉन्ग्रेस अपनी अंदरूनी कलह से निपटने की बजाय उसे सड़क पर ले आई है।
दरअसल दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की जुलाई में मृत्यु हो गई थी इसके बाद उनके बेटे संदीप दीक्षित ने दिल्ली में कॉन्ग्रेस के प्रभारी पीसी चाको को अपनी माँ शीला की मृत्यु का ज़िम्मेदार ठहराया था। इस मामले में संदीप ने पीसी चाको को एक कानूनी नोटिस भी भेज दिया है। संदीप ने चाको पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनकी पैदा की गईं राजनीतिक परिस्थितियों के चलते शीला तनाव में आई और उनकी मृत्यु हो गई। इसी सम्बन्ध में संदीप ने चाको को नोटिस भेजते हुए कानूनी कार्रवाई करने की भी बात कही है। हालाँकि, नोटिस को लेकर कॉन्ग्रेस नेता चाको का कहना है कि इस नोटिस में क्या है वह अभी कुछ कह नहीं सकते।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लोकसभा चुनावों में कॉन्ग्रेस की हार के बाद समीक्षा के लिए एक कमिटी का गठन किया गया जिसकी रिपोर्ट को आधार बनाकर दिल्ली कॉन्ग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने सख्त कार्रवाई करते हुए दिल्ली में सभी जिला तथा ब्लाक स्तर की सभी कमिटियों को भंग कर दिया था। बताते हैं कि शीला के इस आदेश को पीसी चाको ने भंग कर पुरानी कमेटियों को बनाये रखने का आदेश दिया था जिसके बाद दोनों के बीच मतभेद गहरा गए थे।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच कॉन्ग्रेस नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की तबियत ख़राब चल रही थी और वे अस्पताल में भर्ती थीं। हालाँकि, अस्पताल से छुट्टी मिलने के कुछ ही दिनों के भीतर शीला दीक्षित का निधन हो गया था। इस पूरे मामले में दिल्ली कॉन्ग्रेस के प्रभारी पीसी चाको ने मीडिया से बातचीत में संदीप की चिट्ठी मिलने की बात स्वीकारी है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस चिट्ठी को उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गाँधी के पास भेज दिया है।
इसी मामले को लेकर पार्टी के कुछ नेताओं ने आनन-फानन में प्रेस कांफ्रेंस कर पीसी चाको के इस्तीफे की भी माँग की है, मगर इस पूरे मामले की जड़ यानी जिस चिट्ठी के चलते पूरा विवाद शुरू हुआ है उसमें ऐसा क्या लिखा है इस मुद्दे पर दोनों में से किसी ने भी अभी तक खुलकर कोई बात नहीं कही है। मामले में संदीप की चिट्ठी और आरोपों के पलटवार में दिल्ली कॉन्ग्रेस प्रभारी पीसी चाको ने अपना बचाव करते हुए कहा है कि संदीप ने उनपर जो आरोप लगाए हैं वो गंदे और बेहूदा हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक शीला दीक्षित ने अपनी मौत से ठीक एक दिन पहले कॉन्ग्रेस पार्टी अध्यक्ष को चिट्ठी भेजी थी जिसमें उन्होंने लिखा था कि वह मानसिक तनाव में हैं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शीला ने इसमें लिखा था कि उन्हें लगातार पीसी चाको द्वारा परेशान किया जा रहा है, उनके हर राजनीतिक फैसले को पीसी चाको निरस्त कर देते हैं।

सोनिया को लिखी शीला की आखिरी चिट्ठी सामने आने से कांग्रेस में हड़कंप

शीला दीक्षित के निधन से सदमे में कांग्रेसदिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की दिग्गज नेता शीला दीक्षित जुलाई 21 को पंचतत्व में विलीन हो गईं। शीला दीक्षित दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का पद संभाल रही थीं। शीला दीक्षित के निधन के बाद जहां कांग्रेस सदमे में है, वहीं उनकी एक चिट्ठी ने पार्टी में हड़कंप मचा दिया है। ये चिट्ठी बीती 8 जुलाई को शीला दीक्षित ने यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी को लिखी थी, जो अब सामने आई है। इस चिट्ठी ने दिल्ली कांग्रेस की गुटबाजी की पोल खोल दी है। शीला दीक्षित ने इस चिट्ठी के अंदर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन और दिल्ली प्रदेश प्रभारी पीसी चाको को लेकर कुछ बड़ी और अहम बातों का जिक्र किया है।
अपनी चिट्टी में शीला दीक्षित ने क्या लिखा 

सोनिया गांधी को भेजी गई इस चिट्ठी में शीला दीक्षित ने कहा है, 'प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते मैं लगातार कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने में जुटी हूं, लेकिन दिल्ली प्रदेश प्रभारी पीसी चाको, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन की बातों में आकर कुछ गलत फैसले ले रहे हैं। अजय माकन पिछले कुछ समय से पीसी चाको को गुमराह कर रहे हैं, जिससे पार्टी संगठन को नुकसान हो रहा है। मैंने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन का विरोध किया और अलग चुनाव लड़ने का फैसला लिया, इसी का परिणाम है कि दिल्ली में हम नंबर तीन की पोजीशन से नंबर दो की पोजीशन पर आ गए। इसके बावजदू जानबूझकर मेरे फैसलों में अड़ंगा लगाया जा रहा है।'
'मेरी बात अंत में सही साबित होगी' इस चिट्ठी में शीला दीक्षित ने आगे लिखा है, 'अजय माकन ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन का पक्ष लिया और प्रभारी पीसी चाको को भी गलत तरीके से समझाकर मेरे फैसलों पर सवाल खड़े कराए। शीर्ष नेतृत्व से मेरा अनुरोध कि निष्पक्ष तरीके से इस मामले में मेरी, अजय माकन और पीसी चाको की भूमिका की जांच कराएं, जिससे तय हो सके कि किसकी बात सही है। मुझे भरोसा है कि मेरी बात अंत में सही साबित होगी।'  निधन से पहले शीला दीक्षित ने दिल्ली में तीन कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति की थी, जिस पर पीसी चाको ने सवाल खड़े किए थे। वहीं, पीसी चाको ने शीला दीक्षित को चिट्ठी लिखकर फोन ना उठाने की भी शिकायत की थी।
शीला दीक्षित के निधन से सदमे में कांग्रेस 

लंबी बीमारी के बाद जुलाई 20 को दिल्ली के एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में शीला दीक्षित का निधन हो गया। एस्कॉर्ट हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. अशोक सेठ के मुताबिक 'तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हॉस्पिटल लाया गया था, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए थी। दोपहर 3:15 बजे उन्हें फिर से दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। दोपहर को 3 बजकर 55 मिनट पर उनका निधन हो गया।' शीला दीक्षित के निधन की खबर से कांग्रेस सदमे में है। मुख्यमंत्री रहते हुए शीला दीक्षित ने विकास के मामले में दिल्ली का कायापलट कर दिया था। उनके कार्यकाल में कई ऐसी योजनाएं थीं, जिनके लिए विरोधी भी उनकी तारीफ करते थे।
अवलोकन करें:-
About this website
NIGAMRAJENDRA.BLOGSPOT.COM
आर.बी.एल.निगम दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का जुलाई 20 की दोपहर निधन हो गया। 81 साल की दीक्षित कुछ समय से ब....

'कांग्रेस ने अपनी प्यारी बेटी को खो दिया' 
हाल ही में 2019 के लोकसभा चुनाव में शीला दीक्षित दिल्ली की उत्‍तर-पूर्व दिल्‍ली सीट से चुनाव लड़ीं थी। हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उनके निधन पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'मैं कांग्रेस पार्टी की एक प्यारी बेटी शीला दीक्षित जी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुखी और निराश हूं, जिनके साथ मैंने एक करीबी व्यक्तिगत संबंध महसूस किया। इस दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार और दिल्ली के नागरिकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्हें उन्होंने निस्वार्थ भाव से तीन बार सीएम रहते हुए अपनी सेवाएं दी।' वहीं, उनके निधन पर पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, 'शीला दीक्षित जी के निधन से गहरा दुख हुआ। एक ऊर्जावान और मिलनसार व्यक्तित्व के साथ उन्होंने दिल्ली के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।'