मादुरो की गिरफ्तारी के बाद ट्रंप का बड़ा ऐलान: अनिश्चितकाल तक अमेरिका चलाएगा वेनेजुएला (साभार: आज तक, न्यूज 18)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार (3 जनवरी 2026) को एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अमेरिका अनिश्चितकाल तक वेनेजुएला को चलाएगा। उन्होंने सत्ता हस्तांतरण को लेकर कोई समय-सीमा नहीं बताई और साफ किया कि जब तक अमेरिका को सुरक्षित, सही और उचित नहीं लगेगा, तब तक वह नियंत्रण अपने हाथ में रखेगा। फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो रिसॉर्ट में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने इस पूरे सैन्य अभियान और आगे की रणनीति पर विस्तार से बात की।
राष्ट्रपति मादुरो गिरफ्तारी के बाद सामने आई फोटो में दिख रहा है कि मादुरो की आँखों को काली शील्ड से ढका हुआ है। उनके हाथ बँधे हुए हैं और हाथ में एक पानी की बोतल पकड़ाई गई है, जो मादुरो ठीक से पकड़ भी नहीं पा रहे हैं। तस्वीर में वे ग्रे रंग का ट्रैकसूट पहने हुए हैं।
ट्रंप का ऐलान: सुरक्षित बदलाव तक अमेरिका का नियंत्रण
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला में तब तक रहेगा, जब तक वहाँ सही और सुरक्षित सत्ता परिवर्तन नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि अमेरिका नहीं चाहता कि किसी और को सत्ता देकर फिर वही हालात पैदा हों, जो बीते वर्षों में रहे। ट्रंप के मुताबिक, यह फैसला वेनेजुएला की जनता के हित में लिया गया है, ताकि अगला नेता देश के भले को ध्यान में रखे। हालाँकि उन्होंने यह नहीं बताया कि यह व्यवस्था कितने समय तक चलेगी।
ट्रंप ने यह भी घोषणा की कि वेनेजुएला के ऊर्जा और तेल के भंडारों का नियंत्रण अब अमेरिकी तेल कंपनियों को दिया जाएगा। उनका दावा है कि अमेरिका की सबसे बड़ी तेल कंपनियाँ अरबों डॉलर का निवेश करेंगी, खराब हो चुके तेल के बुनियादी ढाँचों की मरम्मत करेंगी और देश के लिए कमाई शुरू करेंगी। ट्रंप ने कहा कि इससे वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को दोबारा खड़ा करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा, “हमारी बहुत बड़ी अमेरिकी तेल कंपनियाँ, जो दुनिया में कहीं भी सबसे बड़ी हैं, वहाँ जाएँगी, अरबों डॉलर खर्च करेंगी, बुरी तरह से क्षतिग्रस्त बुनियादी ढाँचे, तेल के बुनियादी ढाँचे की मरम्मत करेंगी और देश के लिए पैसा कमाना शुरू करेंगी।”
मादुरो की गिरफ्तारी का सैन्य ऑपरेशन
ट्रंप ने मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर अमेरिकी सेना की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन इतना प्रभावी था कि कराकस के कई हिस्सों में बिजली गुल हो गई। उन्होंने दावा किया कि इस मिशन में अमेरिका के किसी भी सैनिक की मौत नहीं हुई और न ही कोई सैन्य उपकरण खोया गया।
इस अभियान में अमेरिकी विमान और हेलिकॉप्टर समेत बड़े पैमाने पर सैन्य संसाधनों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा, “अंधेरा था, कराकस की बत्तियाँ हमारे विशेष कौशल के कारण लगभग पूरी तरह से बंद थीं। अँधेरा था और स्थिति बेहद खतरनाक थी।”
मादुरो पर चलेगा केस
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी ने कहा है कि मादुरो और उनकी पत्नी पर नारको-टेररिज्म, कोकेन जैसे ड्रग्स की तस्करी की साजिश और हथियारों से जुड़े आरोप हैं। 2020 से चले आ रहे इंडिक्टमेंट को अपडेट कर नया अभियोग दायर किया गया है। जहाँ वे मैनहैटन की एक संघीय कोर्ट में आरोपों का सामना करेंगे।
बता दें कि वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया है। दूसरी ओर अमेरिका में भी इस कार्रवाई पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने ट्रंप के कदम को गैरकानूनी और अविवेकपूर्ण बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई तेल और सत्ता के लिए है, न कि लोकतंत्र या कानून के लिए।
No comments:
Post a Comment