Showing posts with label #bomb death threat. Show all posts
Showing posts with label #bomb death threat. Show all posts

योगी को 3 दिन में बम से उड़ा देने की व्हाट्सएप्प पर शाहिद खान के नाम से धमकी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तीन दिन के अंदर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले शख्स का नाम शाहिद खान बताया जा रहा है। पुलिस लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में केस दर्ज कर आरोपित की तलाश में जुट गई है। वहीं, मामले की जाँच-पड़ताल में पुलिस के साथ-साथ साइबर और सर्विलांस सेल की टीमें भी लगी हुई हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह धमकी यूपी 112 मुख्यालय के व्हाट्सएप नंबर पर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी शैलेंद्र गिरी के अनुसार, यूपी 112 मुख्यालय में ऑपरेशन कमांडर के पद पर तैनात सुभाष कुमार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि व्हाट्सएप नंबर पर एक मैसेज आया है, जिसमें शाहिद खान नाम के युवक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

शैलेंद्र गिरी ने बताया कि ऑपरेशन कमांडर संतोष कुमार ने व्हाट्सएप पर दी गई धमकी का स्कीनशॉट उन्हें दे दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस और साइबर सेल समेत पुलिस की कई टीमें नंबर के बारे में पता लगा रही हैं। नंबर की लोकेशन को भी ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही सीएम योगी को धमकी देने वाले को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

11 दिसंबर, 2020 को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुलिस सेवा डॉयल 112 के व्हाट्सअप पर जान से मारने की धमकी मिली थी। इस धमकी भरे संदेश में आपत्तिजनक भाषा और गलियों का प्रयोग भी किया गया था। इससे पहले सीएम योगी को 22 नवंबर 2020 की शाम को पुलिस के डायल 112 के व्हाट्सएप नंबर पर धमकी दी गई थी। साइबर सेल को फोन नंबर की जाँच में लोकेशन आगरा की मिली थी। इसके बाद सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी सचिन सिंह के साथ टीम ने ग्राम अकोला थाना मांगरोल आगरा से आरोपित नाबालिग को गिरफ्तार किया था।