Showing posts with label 150 leaders join BJP. Show all posts
Showing posts with label 150 leaders join BJP. Show all posts

अरविंद केजरीवाल के गुजरात से लौटते ही AAP के 150+ बड़े नेता BJP में शामिल

AAP में भगदड़, बीजेपी में शामिल हुए नेता
गुजरात में आम आदमी पार्टी भगदड़ मची है। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के गुजरात दौरे के एक दिन बाद, पार्टी के लगभग 150 बड़े नेता और कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। अकेले आप ही नहीं इस दौरान कांग्रेस को भी झटका लगा है। कांग्रेस पार्टी के भी कई सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ले ली है।

इतनी बड़ी संख्या में आप नेताओं का पार्टी तब बदलना चौकाने वाला है वो भी तब जब अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर थे, जहाँ उन्होंने रोड शो किया, एक स्थानीय मंदिर, गाँधी आश्रम का दौरा किया और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी कीं।

केजरीवाल रविवार (3 अप्रैल, 2022) शाम को गुजरात से निकले थे। जबकि आप नेताओं और कार्यकर्ताओं का भाजपा में पलायन सोमवार (4 अप्रैल, 2022) को गांधीनगर के कमलम में बीजेपी के कार्यालय में हुआ। वहीं मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि मार्च में ही आप के सैकड़ों नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात भाजपा के महासचिव प्रदीप सिंह वाघेला ने कहा, “दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल और पंजाब के सीएम घर नहीं पहुँचे या खाना भी नहीं खाया होगा और उनकी पार्टी के कई लोग भाजपा में शामिल हो गए। यह साफ दिखाता है कि वे गुजरात के लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकते। गुजरात के लिए उनके दौरे का कोई मतलब नहीं है। गुजरात के लोगों का आशीर्वाद भाजपा के पास है। पंजाब में आप सरकार के महज पाँच दिनों में ही किसानों पर लाठीचार्ज हो गया।”

वहीं आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नए नेताओं का बीजेपी में स्वागत करते हुए वाघेला ने कहा, “आज आपने आप और कॉन्ग्रेस छोड़ी। वे कहेंगे कि आप लोग किसी काम के नहीं थे। लेकिन, मैं यह कहना चाहूँगा कि गुजरात के विकास के लिए आप बहुत जरूरी हैं और भाजपा में आपका स्वागत है। गुजरात में लंबे समय से भाजपा की सरकार है, क्योंकि लोगों को हमपर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है।”