Showing posts with label #Gandhinagar. Show all posts
Showing posts with label #Gandhinagar. Show all posts

गुजरात : AAP का उपाध्यक्ष हसमुख पटेल गिरफ्तार, बेनामी संपत्तियों को छिपाने से इनकार करने पर अपनी ही महिला अकाउंटेंट का किया अपहरण

                                                   बेनामी लेनदेन में पकड़े गए AAP प्रदेश उपाध्यक्ष
गुजरात के गाँधीनगर में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश उपाध्यक्ष हसमुख पटेल को एक महिला अकाउंटेंट के अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। यह मामला बेनामी लेनदेन और संदिग्ध वित्तीय गड़बड़ियों के खुलासे से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की जाँच शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अहमदाबाद के गोटा इलाके में रहने वाली महिला गाँधीनगर के सेक्टर-25 GIDC स्थित HBC लाइफ साइंस कंपनी में अकाउंटेंट के रूप में काम करती थी। कंपनी के मालिक हसमुख पटेल हैं, जबकि उनके भाई हिमांशु पटेल ने महिला को अपनी दूसरी कंपनी मैक्सिएमएस हॉलीडे प्राइवेट लिमिटेड के ऑडिट का काम भी सौंपा था।

ऑडिट के दौरान महिला ने करीब 80 से 85 लाख रुपए के संदिग्ध लेनदेन और बिना बिल के भुगतान का खुलासा किया। इस खुलासे के बाद कंपनी प्रबंधन में हड़कंप मच गया और यहीं से पूरे विवाद की शुरुआत हुई।

अपहरण, मारपीट और धमकी देने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 26 मार्च 2026 को दोपहर के समय कंपनी के पार्किंग एरिया से महिला को जबरन एक हरे रंग की कार में बैठाकर अगवा कर लिया गया। चलती गाड़ी में आरोपितों ने महिला के साथ मारपीट की, उसके बाल खींचे और धमकी दी कि अगर उसने इस मामले की जानकारी किसी को दी तो उसे जान से मारकर कहीं दफना दिया जाएगा।

घटना के बाद डरी हुई महिला ने हसमुख पटेल को फोन कर पूरी जानकारी दी, लेकिन मदद करने के बजाय उस पर शिकायत न करने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि यह पूरी साजिश उन्हीं के इशारे पर रची गई थी।

बाद में महिला ने गाँधीनगर के सेक्टर-21 पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हसमुख पटेल को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य आरोपितों के खिलाफ भी जाँच जारी है।

अरविंद केजरीवाल के गुजरात से लौटते ही AAP के 150+ बड़े नेता BJP में शामिल

AAP में भगदड़, बीजेपी में शामिल हुए नेता
गुजरात में आम आदमी पार्टी भगदड़ मची है। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के गुजरात दौरे के एक दिन बाद, पार्टी के लगभग 150 बड़े नेता और कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। अकेले आप ही नहीं इस दौरान कांग्रेस को भी झटका लगा है। कांग्रेस पार्टी के भी कई सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ले ली है।

इतनी बड़ी संख्या में आप नेताओं का पार्टी तब बदलना चौकाने वाला है वो भी तब जब अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर थे, जहाँ उन्होंने रोड शो किया, एक स्थानीय मंदिर, गाँधी आश्रम का दौरा किया और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी कीं।

केजरीवाल रविवार (3 अप्रैल, 2022) शाम को गुजरात से निकले थे। जबकि आप नेताओं और कार्यकर्ताओं का भाजपा में पलायन सोमवार (4 अप्रैल, 2022) को गांधीनगर के कमलम में बीजेपी के कार्यालय में हुआ। वहीं मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि मार्च में ही आप के सैकड़ों नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात भाजपा के महासचिव प्रदीप सिंह वाघेला ने कहा, “दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल और पंजाब के सीएम घर नहीं पहुँचे या खाना भी नहीं खाया होगा और उनकी पार्टी के कई लोग भाजपा में शामिल हो गए। यह साफ दिखाता है कि वे गुजरात के लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकते। गुजरात के लिए उनके दौरे का कोई मतलब नहीं है। गुजरात के लोगों का आशीर्वाद भाजपा के पास है। पंजाब में आप सरकार के महज पाँच दिनों में ही किसानों पर लाठीचार्ज हो गया।”

वहीं आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नए नेताओं का बीजेपी में स्वागत करते हुए वाघेला ने कहा, “आज आपने आप और कॉन्ग्रेस छोड़ी। वे कहेंगे कि आप लोग किसी काम के नहीं थे। लेकिन, मैं यह कहना चाहूँगा कि गुजरात के विकास के लिए आप बहुत जरूरी हैं और भाजपा में आपका स्वागत है। गुजरात में लंबे समय से भाजपा की सरकार है, क्योंकि लोगों को हमपर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है।”