Showing posts with label Golma Devi meena. Show all posts
Showing posts with label Golma Devi meena. Show all posts

मिलिए होने वाली विधायिका से: PA काम करेगा, मैं ऑर्डर दूंगी--भाजपा उम्मीदवार गोलमा देवी

राजस्थान के पूर्व मंत्री और मीणा समुदाय के कद्दावर नेता किरोड़ीलाल मीणा ने हाल ही में पत्नी गोलमा देवी और अन्य एक विधायक के साथ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में 'घर वापसी' की थी. वसुंधरा सरकार और उनकी पार्टी के लिए यह एक सियासी सफलता थी. गोलमा देवी राजगढ़ लक्ष्मणगढ़ से विधायक हैं. 2008 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने निर्दलीय चुनाव जीता और अशोक गहलोत की सरकार को अपना समर्थन दिया था. इस सरकार में उन्हें मंत्री भी बनाया गया. 
गोलमा देवी शपथग्रहण को लेकर सुर्खियों में रही थीं. शपथ ग्रहण के दौरान उन्होंने अपने शपथ में केवल 'मैं गोलमा देवी बोल रही हूं...' बोला और उसके बाद वह आगे कुछ भी नहीं बोल सकी थीं. इसके बाद उनसे शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करा लिया गया था. शपथ के अभ्यास के बवजूद वह नर्वस हो गई थीं. सदैव राजस्थानी ग्रामीण वेशभूषा धारण करने वाली गोलमा देवी से जब पूछा गया था कि वह पढ़ी लिखी नहीं हैं, ऐसे में मंत्री पद कैसे संभालेंगी. तो इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा था कि, 'उनका पीए काम करेगा और वह ऑर्डर देंगी.'
पति के साथ अपने ही सरकार के खिलाफ बैठ गई थी धरने पर
सांसद किरोड़ी लाल मीणा आदिवासियों की विभिन्न मांगों को लेकर उदयपुर जिला के कलेक्ट्रेट पहुंचे थे. वहां उन्हें एक पुलिस अफसर ने टोक दिया, बस इसी बात पर पुलिस अधिकारी और किरोड़ी लाल मीणा के बीच तीखी बहस हो गई. बहस के बीच उन्होंने गुस्से में पुलिस अधिकारी को थप्पड़ लगा दिया. पलटवार करते हुए पुलिस अधिकारी ने भी उन्हें थप्पड़ जड़ दिया. इस कांड के बाद गोलमा देवी अपने पति के साथ धरने पर बैठ गई थीं. उन्होंने पति को खुलकर समर्थन देते हुए अपने ही सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था.
करौली जिले की सपोटरा विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित क्षेत्र है. इस सीट से बीजेपी द्वारा राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 में लक्ष्मणगढ़-राजगढ़ से सासंद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की पत्नी गोलमा देवी को चुनावी मैदान में उतारा गया है. इस सीट से कांग्रेस ने इस बार भी रमेशचंद मीणा को ही टिकट दिया है. रमेशचंद मीणा लागातार दो बार से जीत हासिल करते आए हैं.
2008 में उन्होंने बीएसपी की टिकट पर चुनाव लड़ा था और 2013 में उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा. बीजेपी ने भी जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए किरोड़ीलाल मीणा की पत्नी को टिकट दिया है. आपको बता दें, इस क्षेत्र में वोटरों की कुल संख्या 2,37,908 है. जिसमें से पुरुष वोटरों की संख्या 1,29,878 है और महिला वोटरों की संख्या 1,08,030 है.