Showing posts with label tickets sold. Show all posts
Showing posts with label tickets sold. Show all posts

अखिलेश यादव-जयंत चौधरी ने ‘8 करोड़ रूपए में बेच दिए टिकट’: प्रदेश अध्यक्ष मसूद अहमद ने इस्तीफा देकर खोली की पोल

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हार के बाद समाजवादी पार्टी और ‘राष्ट्रीय लोकदल (RLD)’ गठबंधन के बीच दरार आनी शुरू हो गई है। पिछले साढ़े 5 वर्षों से RLD के प्रदेश अध्यक्ष रहे मसूद अहमद ने अपने पद और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 7 पन्ने के एक पत्र को भी सार्वजनिक किया है, उन्होंने आरोप लगाया है कि जयंत चौधरी और अखिलेश यादव ने पैसे लेकर टिकट बाँटे। उनका आरोप है कि हापुड़ की सीट को 8 करोड़ रुपए में बेचा गया।

साथ ही उन्होंने इस गठबंधन में दलितों और मुस्लिमों को नज़रअंदाज़ किए जाने का भी आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि ‘भीम आर्मी’ के संस्थापक चंद्रशेखर आज़ाद रावण को गठबंधन में साथ नहीं लेने से नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि चुनाव के ऐन वक्त पर भाजपा छोड़ कर सपा में गए स्वामी प्रसाद को अचानक कुशीनगर के फाजिलनगर भेजे जाने से उनकी हार हुई। साथ ही SBSP अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की ‘ओछी बयानबाजी’ को भी हार के लिए जिम्मेदार ठहराया।

मसूद अहमद ने बाहरियों को टिकट वितरण में प्राथमिकता दिए जाने का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि दिल्ली के कार्यालय में बैठे नेता टिकट के लिए करोड़ों की माँग करने लगे। उन्होंने उदाहरण दिया कि गजराज सिंह के पार्टी में शामिल होने के दो घंटे के भीतर उन्हें टिकट दे दिया गया। उन्होंने कहा कि जाट समुदाय में ऐसा सन्देश गया कि जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव के समक्ष घुटने टेक दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव के अपमान से भी गलत सन्देश गया।