Showing posts with label woman arrested. Show all posts
Showing posts with label woman arrested. Show all posts

तुर्की : बम ब्लास्ट करने वाले सीरियाई महिला गिरफ्तार, कुर्द संगठन से है ताल्लुक

             तुर्की पुलिस ने बम विस्फोट मामले में गिरफ्तार महिला की तस्वीर जारी की (फोटो साभार: Arab News)
तुर्की (Turkey) की पुलिस ने राजधानी इस्तांबुल (Istanbul) में रविवार (13 नवंबर 2022) को हुए बम विस्फोट मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी फोटो भी जारी की है। यह महिला सीरिया की रहने वाली है। कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (पीकेके) ने इसे हमला करने का आदेश दिया था।

तुर्की पुलिस ने 14 नवंबर, 2022 को बताया कि एक सीरियाई महिला को इस्तांबुल में बम लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ​वह कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (PKK) के आतंकवादियों के लिए काम कर रही थी। उन्होंने ही उसे यह हमला करने का आदेश दिया था। ‘कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी’ को तुर्की और उसके सहयोगी देशों ने आतंकवादी समूह के लिस्ट में रखा है।

पुलिस ने आगे कहा कि महिला ने रविवार को इस्तांबुल शॉपिंग स्ट्रीट पर बम लगाने का जुर्म कबूल कर लिया है, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए थे। तुर्की के आंतरिक मंत्री सुलेमान सोयलू ने भी ट्वीट करके सोमवार को इसकी जानकारी दी कि इस्तांबुल बम धमाके मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।

ये धमाका 13 नवंबर, 2022 को स्थानीय समय के अनुसार 4:20 बजे शाम को हुआ था। जो वीडियोज सामने आए हैं, उनमें लोगों को जमीन पर बेसुध पड़े हुए और चीखते-चिल्लाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में एक धमाके की आवाज़ भी सुनाई दे रही है और आग की लपटें निकलते हुए भी देखा जा सकता है। एम्बुलेंस और फायर ट्रक्स मौके पर पहुँचे। इस दौरान एक बैग बेंच पर रखा हुआ था, जिससे धमाका होने की बात कही जा रही थी।

तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन ने कहा है कि मुल्क के विरुद्ध आतंकवाद का इस्तेमाल करने वाले नहीं बचेंगे। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रविवार को कहा था कि इस धमाके को अंजाम देने वाले अपराधी जिस सज़ा के हक़दार हैं, वो उन्हें मिलेगी। उन्होंने बताया था कि इस ‘देशद्रोही हमले’ के पीछे के तत्वों को बेनकाब करने के लिए एजेंसियाँ काम कर रही हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि धमाके के बाद लोग स्तब्ध रह गए और एक-दूसरे की तरफ देखने लगे, फिर भगदड़ मच गई।

अमेरिका : भारतीय महिलाओं के साथ गाली-गलौच, थप्पड़ मारा ; ‘आई हेट इंडियंस… हर तरफ तुम नजर आते हो’

                                     वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट/ साभार: @davenewworld_2
अमेरिका में भारतीय महिलाओं पर नस्लीय हमले का मामला सामने आया है। घटना टेक्सास के डलास शहर के प्लानो की है। डिनर के लिए एक होटल में आईं चार भारतीय-अमेरिकी महिलाएँ आपस में भारतीय लहजे (Accent) में बात कर रही थीं। यह देख एक मेक्सिकन-अमेरिकन महिला ने उन पर नस्लीय टिप्पणियाँ और मारपीट की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपित मैक्सिकन-अमेरिकन महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित महिला की पहचान एस्मेराल्डा अप्टन (Esmeralda Upton) के रूप में हुई है।

घटना बुधवार (24 अगस्त 2022) की है। वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मेक्सिकन-अमेरिकन महिला भारतीय मूल की महिलाओं को गालियाँ दे रही है और उन्हें भारत वापस जाने के लिए कह रही है। आरोपित महिला ने एक भारतीय महिला को थप्पड़ भी मारा। इसके अलावा उसने ‘आई हेट यू इंडियंस, गो बैक’ के नारे भी लगाए। 

आरोपित महिला बहस के दौरान चिल्लाते हुए कहती है, “मैं मैक्सिकन-अमेरिकन हूँ। मैं यहाँ पर पैदा हुई हूँ, लेकिन जहाँ भी जाती हूँ, हर तरफ तुम भारतीय नजर आते हो। अगर भारत में जिंदगी अच्छी है तो तुम लोग यहाँ क्यों आ जाते हो। तुम्हें बेहतर जिंदगी चाहिए थी, तो तुम यहाँ आ गए।” इसके बाद ‘आई हेट यू इंडियंस, गो बैक’ कहकर महिलाओं को गाली देती है और फिर मारपीट करने लगती है। वह गोली मारने की भी धमकी देती है।

इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए एक शख्स ने लिखा, “यह घटना डलास की है, जब मेरी माँ और उनकी 3 दोस्त डिनर के लिए गए थे।” यूजर ने बताया कि वे पार्किंग की तरफ लौट रहे थे कि तभी वहाँ एक मेक्सिकन-अमेरिकन महिला आ गई। वह चारों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करते हुए उन्हें गाली देने लगी। भारतीय महिला उससे इस तरह बात न करने की अपील करती रहीं। लेकिन वह चिल्लाती रही। इसके बाद भारतीय महिलाओं ने उसकी बदतमीजी बढ़ती देख वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। यह देख आरोपित महिला और भड़क गई और उसने भारतीय महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी।

वीडियो वायरल होने के बाद टेक्सास के प्लानो शहर की पुलिस ने आरोपित महिला एस्मेराल्डा ऑप्टन को गुरुवार (25 अगस्त 2022) दोपहर को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ नस्लीय हमला और आतंकी हमले की धमकी देने की धाराएँ लगाई गईं। इसके अलावा एस्मेराल्डा पर 10 हजार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है। पुलिस ने मामले में बयान भी जारी किया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अमेरिका में रहने वाले भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इस मसले पर एशियन मूल की अमेरिकी नेता रीमा रसूल ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, “यह डरा देने वाला अनुभव था। महिला के पास गन भी थी और वह उससे भारतीय मूल की महिलाओं को शूट करना चाहती थी। उस महिला को उनके अंग्रेजी बोलने के लहजे (Accents) से दिक्कत थी। आरोपित महिला के खिलाफ इस घिनौने अपराध के लिए मुकदमा चलाया जाना चाहिए।”

गौरतलब है कि ये इस तरह की इस सप्ताह में दूसरी घटना है। इससे पहले कैलिफोर्निया में एक भारतीय पर गौमूत्र और गाय के गोबर को लेकर टिप्पणी की गई थी। टाको बेल फास्ट फूड आउटलेट में कृष्णा नाम के युवक के साथ यह घटना घटी थी।