Showing posts with label worshiped. Show all posts
Showing posts with label worshiped. Show all posts

जहाँ गिरा माँ सती का कंधा, वहाँ हर साल अपने आप बढ़ती है भैरव बाबा की मूर्ति: 51 शक्तिपीठों में से एक ‘महामाया मंदिर’

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले की धर्मनगरी रतनपुर में श्थित माँ महामाया मंदिर का मुख्य द्वार (फोटो साभार: भक्त वत्सल)
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार (12 नवंबर 2025) को रतनपुर में कलचुरी कलार समाज के वार्षिक महोत्सव में हिस्सा लिया। सबसे पहले, मुख्यमंत्री ने माँ महामाया देवी के दरबार में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख, समृद्धि और विकास के लिए आशीर्वाद माँगा।

मुख्यमंत्री साय ने माँगा छत्तीसगढ़ के लिए आशीर्वाद

सीएम विष्णुदेव साय ने इस मौके पर कहा कि माँ महामाया की कृपा से छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। सीएम विष्णुदेव ने याद दिलाया कि कलचुरी राजवंश ने रतनपुर समेत देश में लगभग 1200 वर्षों तक शासन किया और उनका राज खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक था।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि माँ महामाया मंदिर के विकास के लिए ‘भारत दर्शन योजना‘ में एक प्रस्ताव भेजा गया है, जिसके बाद रतनपुर का पूरी तरह कायाकल्प हो जाएगा। उन्होंने कहा कि खनिज, वन और जल जैसे संसाधनों से भरपूर छत्तीसगढ़ को हम सब मिलकर देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करेंगे।

जनता को सौगात देते हुए सीएम साय ने ऐतिहासिक नगरी रतनपुर में 100 बिस्तर वाला अस्पताल खोलने का ऐलान किया। साथ ही, उन्होंने कलचुरी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की।

माँ महामाया मंदिर: जहाँ गिरा था देवी सती का दाहिना कँधा

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद रतनपुर का माँ महामाया देवी मंदिर देश भर में चर्चा का केंद्र बन गया है। यह मंदिर न सिर्फ प्राचीन कलचुरी राजवंश की राजधानी रहा है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी धार्मिक पहचान भी है।
यह पवित्र स्थान 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है और इसे ‘कौमारी शक्तिपीठ‘ के नाम से भी जाना जाता है। सदियों से यहाँ देवी महामाया की पूजा कोसलेश्वरी देवी यानी दक्षिण कोसल की अधिष्ठात्री देवी के रूप में की जाती है।
पौराणिक मान्यता है कि जब भगवान शिव देवी सती के शरीर को लेकर वियोग में ब्रह्मांड में भटक रहे थे, तब इसी स्थान पर देवी सती का दाहिना स्कंध (कँधा) गिरा था, जिसके बाद यह शक्तिपीठ स्थापित हुआ।
मंदिर का निर्माण कलचुरी राजा रत्नदेव प्रथम ने लगभग 1050 ईस्वी में करवाया था। मंदिर की वास्तुकला 12वीं से 13वीं शताब्दी की अद्भुत कला को दर्शाती है। मंदिर मूल रूप से महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती तीनों देवियों को समर्पित था, लेकिन वर्तमान मंदिर में महालक्ष्मी और महासरस्वती की पूजा होती है। इसी परिसर में भगवान शिव और हनुमान जी के प्राचीन मंदिर भी मौजूद हैं, जो इसकी भव्यता को और बढ़ाते हैं।

भैरव बाबा का रहस्य और नवरात्रों की आस्था

यहाँ आने वाले भक्तों के लिए एक खास नियम है। वे माँ महामाया के दर्शन से पहले थोड़ी दूरी पर स्थित भैरव बाबा के मंदिर पर रुककर दर्शन करते हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह विश्वास प्रचलित है कि भैरव बाबा की यह प्राचीन प्रतिमा की ऊँचाई हर साल अपने आप बढ़ती जा रही है, जो इसे रहस्य और आस्था का केंद्र बनाती है।

साल में दो बार आने वाले नवरात्रों के दौरान यहाँ विशेष उत्सव होता है। भक्त नौ दिनों तक उपवास रखते हैं और अपनी इच्छाएँ पूरी करने के लिए अखंड मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित करते हैं, क्योंकि यहाँ की मान्यता है कि सच्चे मन से माँगी गई प्रार्थना कभी खाली नहीं जाती। रतनपुर का यह पवित्र धाम आस्था, संस्कृति और गौरव का एक अनूठा संगम है।

कैसे पहुँचे माँ महामाया के पवित्र दरबार तक?

रतनपुर स्थित माँ महामाया का यह पवित्र धाम छत्तीसगढ़ की धार्मिक पहचान और गौरव का प्रतीक है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन ने भी इस पवित्र नगरी के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को मजबूत किया है। यदि आप इस शक्तिपीठ के दर्शन के लिए जाना चाहते हैं, तो यहाँ तक पहुँचना बहुत ही आसान है।

हवाई यात्रा- अगर आप हवाई जहाज से आ रहे हैं, तो रतनपुर से सबसे नजदीकी एयरपोर्ट रायपुर एयरपोर्ट है, जो यहाँ से लगभग 156 किलोमीटर दूर है। एयरपोर्ट से उतरने के बाद, भक्त टैक्सी या कैब किराए पर लेकर सीधे मंदिर तक पहुँच सकते हैं। यह रास्ता आरामदायक और सुगम है।

रेल यात्रा- रतनपुर का सबसे नजदीकी और प्रमुख रेलवे स्टेशन बिलासपुर जंक्शन है, जो यहाँ से सिर्फ 33 किलोमीटर की दूरी पर है। बिलासपुर जंक्शन पहुँचने के बाद, मंदिर तक जाने के लिए आपको नियमित रूप से टैक्सी और बस सेवाएँ आसानी से मिल जाएँगी।

सड़क यात्रा- सड़क मार्ग से रतनपुर की कनेक्टिविटी बहुत अच्छी है। छत्तीसगढ़ के सभी बड़े शहरों से रतनपुर के लिए नियमित राज्य परिवहन बसें और निजी वाहन (टैक्सी) सेवाएँ हर समय उपलब्ध रहती हैं। सड़क का सफर आरामदायक और सुविधाजनक है। यह पवित्र धाम अपनी आस्था और भव्यता के कारण दूर-दूर से भक्तों को खींच लाता है।

गुजरात से निकली ‘कांग्रेस तोड़ो यात्रा’… यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह वाघेला का इस्तीफा


ऐसा लगता है कि भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों में लगे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को आजकल सपने में भी इस्तीफे ही दिखाई दे रहे होंगे। एक के बाद एक इस्तीफा। छोटे से लेकर बड़े नेता तक का इस्तीफा। करीबी से लेकर दूर के नेता तक का इस्तीफा। पुरुष से लेकर महिलाओं तक का इस्तीफा। यकीन मानिए, राहुल गांधी जितनी शिद्दत के भारत जोड़ो में नहीं लगे हैं, उससे कहीं ज्यादा मजबूत, जोशो-जुनून के साथ कांग्रेसी ही कांग्रेस तोड़ो यात्रा बेहद तेजी से चला रहे हैं। अभी कांग्रेसी सियासत की फिजाओं में गुलाम नबी की ‘आजादी’ ही सुर्खियों में थी। कांग्रेसी एक के बाद एक मिल रहे सदमों से उबर भी नहीं पाए थे कि राहुल गांधी की गुजरात यात्रा से पहले एक ओर इस्तीफा उनकी झोली में आ गिरा। सिर्फ इस्तीफा ही नहीं, गांधी परिवार के लिए साथ में धारदार आरोप भी आए हैं।

राहुल के गुजरात विजिट से पहले गुजरात से ही आ गया इस्तीफा, गंभीर आरोप लगाए

यह वाकई दिलचस्प है कि एक ओर कांग्रेस पार्टी भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी करने में लगी है, वहीं दूसरी तरफ पार्टी के नेता कांग्रस छोड़ रहे हैं। ऐसे में भारत जोड़ने से पहले कांग्रेस अपने ही नेताओं को जोड़े रखने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। राहुल गांधी की गुजरात यात्रा से पहले इस्तीफा भी गुजरात से ही आया है। गुजरात यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह वाघेला ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस पद से इस्तीफा देने के बाद इसे कांग्रेस के लिए राज्य में एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।
कांग्रेस विचारधारा से भटकी, पार्टी में गुटबाजी के चलते युवाओं का कोई भविष्य नहीं
गुजरात कांग्रेस में जारी उठा-पटक थमने का नाम ही नहीं ले रही है। कुछ ही माह पहले गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्दिक पटेल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे। अब विश्वनाथ वाघेला ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा दिया है। वाघेला ने अपने इस्तीफे में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। वाघेला ने इस्तीफा देते हुए कहा कि कांग्रेस में सिर्फ और सिर्फ गांधी परिवार की पूजा होती है। हर ओर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीर लगी रहती है। कांग्रेस अपनी विचारधारा से भटक गई है। पार्टी में गुटबाजी हावी है और इसमें युवाओं का कोई भविष्य नहीं है।
इससे पहले भी हार्दिक पटेल समेत कई नेता छोड़ चुके हैं कांग्रेस का दामन
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज (सोमवार) गुजरात का दौरा करने वाले हैं और वाघेला का इस्तीफा उनके दौरे से एक दिन पहले आया है। वाघेला ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर को पत्र लिखकर इस्तीफा दे दिया। हाल ही के महीनों में गुजरात कांग्रेस के कई नेताओं ने कांग्रेस छोड़ा है। गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्दिक पटेल ने कुछ ही माह पहले पार्टी को अलविदा कह दिया था। राजिंदर प्रसाद और कई हाई- प्रोफाइल नेताओं ने भी कांग्रेस का दामन छोड़ अन्य पार्टियों में शामिल हो गए। कांग्रेस नेता राजिंदर प्रसाद ने दो सितंबर को पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। पेशे से वकील जयवीर शेरगिल ने भी 24 अगस्त को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देते हुए पार्टी पर कई आरोप लगाए थे। मालूम हो कि इस साल की शुरुआत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
आनंद शर्मा ने हिमाचल चुनाव संचालन समिति से दिया इस्तीफा
ताजा मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए गठित संचालन समिति से इस्तीफा दे दिया है। आनंद शर्मा ने इस बारे में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखा है। पत्र में आनंद शर्मा ने लिखा कि 26 अप्रैल को हिमाचल कांग्रेस के स्टीयरिंग कमिटी का प्रमुख बनाने के बावजूद आज तक उनकी भूमिका स्पष्ट नहीं की गई। उन्होंने लिखा कि बीते दिनों दिल्ली और शिमला में हिमाचल चुनाव को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठकों में भी उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया। इसे ‘अपमान’ की बात कहत हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश में अहम पद से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा को 26 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश में संचालन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। आनंद शर्मा को हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े नेताओं में माना जाता है।