Showing posts with label #Honeytrap. Show all posts
Showing posts with label #Honeytrap. Show all posts

सांसद की उतारी खाल, मांस का कीमा बना पैकेटों में भर दिया: अनावरुल अजीम की हत्या में ‘हनी ट्रैप’ का भी आया एंगल

बांग्लादेशी सांसद की निर्मम हत्या (फोटो साभार: NDTV/Butchersequipment)

बांग्लादेशी सांसद अनवारुल अजीम अनार की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। खबर है कि इस हत्या में एक कसाई भी शामिल था। इस कसाई को पश्चिम बंगाल की सीआईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। कसाई ने ही बांग्लादेशी सांसद के शव से खाल उतारने का और उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में कीमे की तरह काटने का काम किया था।

कसाई की पहचान 24 साल के जिहाद हवलदार के रूप में हुई है। वह मुंबई में अवैध अप्रवासी के तौर पर रह रहा था और उसका अब्बा जोयनल हवलदार बांग्लादेश के खुलना में रहता है। अधिकारियों ने छानबीन के बाद बताया कि कसाई को अजीम की हत्या से दो महीने पहले मुंबई से कोलकाता लाया गया था।

इस काम की सुपारी उसे बांग्लादेशी मूल के अमेरिकी नागरिक अखतरुज्जमां ने दी थी, जो कि बांग्लादेशी सांसद का दोस्त था। जिहाद ने अन्य चार बांग्लदेशी नागरिकों के साथ मिलकर सांसद की हत्या फ्लैट में ही की थी। हत्या के बाद इन्होंने पहचान मिटाने के लिए शव से खाल उतारी, शव से मांस काटा और अलग-अलग पैकेट में भरकर उसे कोलकाता के अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया
है।

अब इस आरोपित को पुलिस बारासात कोर्ट में भेजकर बयान दर्ज करवाएगी और उसके बाद सांसद के अलग अलग अंगों को बरामद करने के लिए इसे पुलिस कस्टडी में लिया जाएगा। इस मामले में हनीट्रैप एंगल का भी खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि एक महिला ने ही सांसद को उस फ्लैट में जाने को कहा था जहाँ उनके शव के टुकड़े हुए।

सांसद की हत्या दोस्त ने कराई

इससे पहले बांग्लादेश में पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार करते हुए हत्या की पूरी कहानी का खुलासा किया था। पता चला था कि अजीम की कोलकाता में हत्या उन्हीं के एक दोस्त ने करवाई थी। उसी ने अनवारुल अजीम को अपने कोलकाता वाले फ्लैट पर बुलवाया था जहाँ उनकी हत्या कर दी गई।
बांग्लादेश की सत्ताधारी पार्टी के सांसद अनवारुल अजीम 12 मई को भारत इलाज के लिए आए थे। यहाँ वह पहले दो दिन अपने एक सुनार दोस्त के यहाँ रुके थे, इसके बाद वह इलाज की बात कह कर उसके घर से निकले और फोन पर बताया कि वह दिल्ली जा रहे हैं।
हालाँकि, इसके बाद से वह गायब हो गए और उनका कोई पता नहीं लगा। इसके बाद उनकी हत्या की खबर आई। उनकी हत्या की योजना बनाने वाला अख्तरुज्ज्मान उनका पुराना दोस्त और व्यापारिक पार्टनर था। वह उनसे एक पुराने विवाद में बदला लेना चाहता था। इसलिए उसने अनवारुल अजीम की हत्या की साजिश रची थी।
अख्तरुज्ज्मान एक अमेरिकी-बांग्लादेशी नागरिक है और वह अमेरिका से भारत और बांग्लादेश इसी काम के लिए आया था। उसने अपने साथियों के साथ मिल कर कोलकाता में सांसद हत्या की साजिश रची। इस हत्या में उसके साथ अमानुल्लाह अमान, सियाम जिहाद, फैसल शजी और मोस्ताफियाज भी शामिल थे। इस हत्या में अख्तरुज्मान की गर्लफ्रेंड भी शामिल थी। यह सभी बारी बारी से भारत आए थे।
अख्तरुज्ज्मान ने इस हत्या के लिए ₹5 करोड़ देने की बात कही थी। उसने कुछ पैसे पहले दे भी दिए थे। अभी कुछ धनराशि ही दी थी। बांग्लादेश पुलिस ने इस मामले में अमान को गिरफ्तार कर लिया है, वह हत्या को अंजाम देने का आरोपित है। उसके अलावा दो और लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

बंगाल : दिल्ली के क्रिकेटर को हनीट्रैप में फँसाने वाले 3 गिरफ्तार

                                                              प्रतीकात्मक चित्र
पश्चिम बंगाल पुलिस ने 5 नवंबर, 2022 को दिल्ली के एक क्रिकेटर को हनीट्रैप में फँसा कर ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। हालाँकि, पुलिस ने हनी ट्रैप का शिकार हुए क्रिकेटर के नाम का खुलासा नहीं किया है।

इस मामले में पुलिस ने कहा है कि क्रिकेटर की शिकायत के आधार पर जाँच कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ऋषभ चंदा, सुभोनकर विश्वास और शिव सिंह के रूप में हुई है। जबकि, हनीट्रैपिंग रैकेट का मुख्य मास्टरमाइंड अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने फरार आरोपित की जल्द-जल्द से गिरफ्तारी की बात कही है।

एबीपी बांग्ला की रिपोर्ट के अनुसार, हनीट्रैप का शिकार हुआ क्रिकेटर अक्टूबर के अंत में मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) के मैच खेलने के लिए दिल्ली से कोलकाता आया था। वहाँ वह सॉल्ट लेक इलाके के एक होटल में रुका था। इस दौरान वह एक डेटिंग ऐप के जरिए आरोपितों के संपर्क में आया।

इसके बाद, मंगलवार (1 नवंबर, 2022) को वह बिधाननगर सिटी थाना अंतर्गत आने वाले बागुईआटी इलाके के एक बस-स्टॉप पर चारों आरोपितों से मिला। इस मुलाकात के दौरान, क्रिकेटर को कुछ तस्वीरें दिखाई गईं और उसे इन फोटोज में से एक चुनने के लिए कहा गया। जब, उसने उन फोटोज में से एक को पसंद कर लिया तब उसे उस लड़की मिलवाया भी गया। फिर, जब वह लड़की के साथ होटल में रुका, तब आरोपितों ने उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

पीड़ित क्रिकेटर इस बात से अनजान था कि वह हनीट्रैप का शिकार हो गया है। हालाँकि, कुछ समय बाद आरोपितों ने उसे संपर्क किया और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए पैसे की माँग की। पीड़ित ने तत्काल ही आरोपितों को नेट बैंकिंग के माध्यम से 60,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। यही नहीं, उसे अपनी सोने की चेन और कीमती मोबाइल फोन भी आरोपितों को देना पड़ा।

हालाँकि, आरोपित यहीं नहीं रुके और उसे ब्लैकमेल करने के लिए और कॉल आने लगे। इससे परेशान होकर बुधवार (2 नवंबर 2022) को उसने स्थानीय बागुईआटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित क्रिकेटर के बयान के आधार पर जाँच शुरू की। इसके बाद, शनिवार (5 नवंबर, 2022) को बागुईआटी इलाके से ही तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि चौथा आरोपित जिसे इस हनीट्रैप रैकेट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है – वह अब भी फरार है।

राजस्थान : भाई को जेल से छुड़ाने के लिए मंत्री का हनीट्रैप, डीजे गर्ल के सहारे डॉक्टर से ले चुका है 1 करोड़ रूपए

                                        मुख्य आरोपित अक्षत शर्मा और सहयोगी दीपाली (फोटो साभार: भास्कर)
राजस्थान के मंत्री रामलाल जाट (Ramlal Jat) को हनीट्रैप में फँसाने के मामले में गिरफ्तार मास्टरमाइंड अक्षत शर्मा (Akshat Sharma) के लेकर लगातार खुलासे हो रहे हैं। वह हाईप्रोफाइल लोगों को फँसाने के लिए कई मॉडल को फँसा रखा था। इन मॉडल को फँसाने के लिए उसने चेेंजिंग रूम और बाथरूम सहित कई जगहों पर कैमरे लगा रखे थे। इन अश्लील तस्वीरों के जरिए वह मॉडल को ब्लैकमेल कर दूसरे लोगों को हनीट्रैप में फँसाने के लिए भेजता था। उसके मोबाइल फोन से ऐसे कई वीडियो मिले हैं।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षत अपने भाई को जेल से छुड़वाना चाहता था। इसी के लिए उसने दीपाली और झील नाम की दो महिलाओं को मंत्री रामलाल जाट के पास भेजा था। इससे पहले वह मंत्री के शेड्यूल को लगातार फॉलो कर रहा था। अक्षत आत्महत्या की कोशिश करने वाली मॉडल गुनगुन उपाध्याय (Gungun Upadhyay) को इसी काम के लिए मंत्री के पास भेजने का दबाव बना रहा था।

भीलवाड़ा का रहने वाला पेशेवर ब्लैकमेलर अक्षत इसके पहले जयपुर में एक डॉक्टर को हनीट्रैप में फँसाकर 1 करोड़ रुपए वसूल चुका है। उसने डॉक्टर से 2 करोड़ रुपए माँगे थे, लेकिन 1 करोड़ पर डील फाइनल हुई थी। इसके लिए उसने एक डीजे गर्ल को मोहरा बनाया था।

दरअसल, अक्षत अपनी पत्नी का इलाज कराने डॉक्टर की पत्नी के पास ले गया था और डॉक्टर के पास खूब पैसे देखकर उसने ब्लैकमेल करने का प्लान बनाया था। अक्षत डीजे गर्ल को ब्लैकमेलिंग के लिए तैयार किया और उसे मरीज बनाकर डॉक्टर के पास ले गया। बाद में डॉक्टर को फँसाकर एक होटल में रात गुजारी और वहाँ उसका अश्लील फोटो लेकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

उदयपुर में प्रोडक्शन हाउस चलाने वाला आरोपित अक्षत मॉडलिंग के नाम पर लड़कियों को बुलाता था। इस दौरान लड़कियों का मेकअप ब्यूटीशियन दीपाली करती थी। इन लड़कियों को अलग-अलग कपड़े पहना कर शूट करता और जब लड़कियाँ कपड़े बदलतीं तो गुप्त कैमरे से उनका अश्लील वीडियो बना लेता।

उदयपुर की ब्यूटीशियन दीपाली (Deepali) और कथित पत्रकार अक्षत शर्मा राज्य के राजस्व मंत्री रामलाल जाट को हनीट्रैप में फँसाने के लिए गुनगुन पर दबाव डाल रहे थे और पत्रकार के रूप में मॉडल को भेजकर मंत्री के साथ रात गुजरवाना चाहते थे। रामलाल जाट वही मंत्री हैं, जिन्हें उनकी महिला मित्र की आत्महत्या के कारण अपना मंत्री पद गँवाना पड़ा था।

MI5 ने किया अलर्ट : कहीं कैश तो कहीं सेक्स, औरतों को हथियार बना विदेशी नेताओं को फाँस रहा चीन: ब्रिटिश संसद में भी ‘चीनी घुसपैठ’

                                       अमेरिका के बाद अब ब्रिटेन में भी चीनी जासूस का खुलासा
दुनिया भर में ‘औरतों’ को हथियार बना कर जासूसी करने वाला चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। कुछ समय पहले अमेरिका की मीडिया रिपोर्ट्स ने खुलासा किया था कि वहाँ ‘चीनी जासूस’ नेताओं से रिश्ते बनाकर गोपनीय सूचनाएँ निकलवा रही है। अब ऐसी ही खबर ब्रिटेन से आई है। ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी MI5 ने हाल में चीन की घटिया करतूत से पर्दा उठाते हुए बताया कि कैसे लेबर पार्टी को करोड़ों का चंदा देने वाली चीनी महिला पर जासूसी के शक हैं।

 MI5 ने अलर्ट जारी कर कहा है कि चीन सरकार की एजेंट ब्रिटेन की संसद में एक्टिव है। रिपोर्ट्स के अनुसार इस चीनी महिला का नाम क्रिस्टीन ली है। एजेंसी के दावे के मुताबिक कई ब्रिटिश सांसद इस चीनी जासूस के जाल में फँसे हैं और एक पूर्व सांसद से उसके नजदीकी संबंध भी रहे हैं। अलर्ट में कहा गया है,  “ली ने सीसीपी के यूनाइटिड फ्रंट वर्क डिपार्टमेंट के साथ समन्वय में गुप्त रूप से काम किया और उसके ब्रिटेन में राजनीतिक हस्तक्षेप गतिविधियों में शामिल होने का अनुमान लगाया गया है।”

ली ने कथिततौर पर कई बार में लेबर पार्टी को सैकड़ों हजारों पाउंड का दान दिया है। इसके अलावा उसके कंजर्वेटिव पार्टी से भी संबंध रहे हैं। वह डेविड कैमरन के पीएम रहते हुए उनसे मिली थी। मालूम हो कि ब्रिटिश खुफिया एजेंसी ने इस बात को भी साफ किया कि इस चीनी जासूस को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है और न ही उसे देश से निकाला गया है। लेकिन इस संबंध में ब्रिटिश संसद के स्पीकर की सुरक्षा टीम ने सभी सांसदों को संदेश भेज दिया है। ली के बारे में जानकारी है कि वो पेश से एक वकील है और लंदन में चीनी दूतावास की पूर्व मुख्य कानूनी सलाहकार भी। इसके अतिरिक्त वह इंटर पार्टी चाइना ग्रुप सचिव भी है।

अमेरिका और नेपाल में चीन का हनीट्रैप

उल्लेखनीय है कि साल 2020 में खबर आई थी कि चीनी जासूस क्रिस्टीन फेंग उर्फ फेंग फेंग (Fang Fang) ने अमेरिकी नेताओं से जिस्मानी रिश्ते बनाकर उनसे गोपनीय सूचनाएँ निकालने की कोशिश की। Axios डॉटकॉम ने खुलासा किया था कि चीन की जासूस मानी जाने वाली क्रिस्टीन फेंग ने कैलिर्फोनिया के नेताओं को निशाना बनाया था।

इनमें प्रतिष्ठित डेमोक्रेटिक सांसद और संसद की इंटेलीजेंस कमिटी के सदस्य एरिक स्वैलवेल (Eric Swalwell) भी थे। कथिततौर पर फेंग के 2015 में अमेरिका छोड़ने से पहले स्वैलवेल के साथ अंतरंग संबंध थे। हालाँकि स्वैलवेल लगातार इस सवाल से बचते रहे थे कि उन्होंने सेक्स के बदले उन्होंने फेंग के साथ ‘गोपनीय जानकारी’ साझा की थी या नहीं।

ब्रिटेन अमेरिका के अलावा चीन ने महिला के बूते नेपाल पर भी अपना दबदबा कायम करने का प्रयास किया था। नेपाल में चीन की राजदूत होऊ यांगी को लेकर खबरें आईं थी कि उन्होंने वहाँ की सरकार में जबर्दस्त प्रभाव बनाया था। मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और आर्मी चीफ जनरल पूर्ण चंद्र थापा उनकी कठपुतली थे।