Showing posts with label #Police recruitment exam. Show all posts
Showing posts with label #Police recruitment exam. Show all posts

योगी के राज में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी का कलावा काटा गया, वायरल वीडियो पर बोर्ड ने लिया संज्ञान: कहा- पुलिसकर्मी पर करेंगे कठोर कार्रवाई

                                अभ्यर्थी का कलावा काटता पुलिसकर्मी (वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट)
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान एक परीक्षा केंद्र पर एक पुलिसकर्मी द्वारा अभ्यर्थी का कलावा काटे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बोर्ड ऐक्शन में आ गया है। वायरल वीडियो पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने संज्ञान लिया है और कलावा काटने वाले पुलिसकर्मी पर कार्रवाई करने की बात कही है।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वाराणसी में एक पुलिसकर्मी परीक्षा केंद्र के बाहर एक युवक का कलावा काटता हुआ नजर आ रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों को गुस्सा फूट पड़ा और लोग सवाल उठाने लगे की क्या कलावे की मदद से भी नकल की जा सकती है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस विषय पर कार्रवाई करने की माँग की।

UPPRPB ने एक यूजर द्वारा शेयर की गई इस वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए X पर लिखा, “अभ्यर्थियों के धार्मिक चिन्हों जैसे कलावा, मंगलसूत्र आदि नहीं काटने के निर्देश पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा समस्त अधिकारियों को पूर्व से ही दिए गए हैं।” UPPRPB ने आगे लिखा, “सोशल मीडिया पर वायरल वाराणसी के प्रकरण में एक पुलिसकर्मी द्वारा उसका उल्लंघन किया गया है। इस उल्लंघन के चलते अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए पुलिस आयुक्त वाराणसी को पत्र लिखा गया है।”

इसके अलावा बोर्ड ने X पर परीक्षा नियंत्रक का एक बयान भी जारी किया है। इसमें कहा गया है, “UPPRPB की परीक्षाओ के दौरान अभ्यर्थियों की चेकिंग के संबंध में निरंतर यह निर्देश दिए जाते हैं कि किसी भी अभ्यर्थी द्वारा धारण किए गए धार्मिक सांस्कृतिक चिन्हों जैसे कलावा, मंगलसूत्र आदि को न तो हटवाया जाएगा ना ही उतारने का प्रयास किया जाएगा।”

परीक्षा नियंत्रक ने आगे कहा, “ऐसे प्रकरणों का संज्ञान में आना दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है। इस संदर्भ में दोषी कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटना ना हो।”