Showing posts with label #ex-cm. Show all posts
Showing posts with label #ex-cm. Show all posts

‘दिल्ली की तरह पंजाब में भी हुआ शराब घोटाला’: चरणजीत सिंह चन्नी, कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री

पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल घोटालेबाज हैं। ये कोई और नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी ऐसा कह रही है। वही कांग्रेस पार्टी, जो I.N.D.I. गठबंधन में AAP (आम आदमी पार्टी) के साथ शामिल है। लेकिन, पंजाब में दोनों अलग-अलग लड़ रहे हैं। ठीक वैसे ही, जैसे केरल में कांग्रेस और वामदल लड़ रहे, पश्चिम बंगाल और कांग्रेस और TMC लड़ रहे। अरविंद केजरीवाल हाल ही में चुनाव प्रचार खत्म होने तक जमानत पर छूटे हैं।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, “अरविंद केजरीवाल शराब के बहुत बड़े घोटाले में नामजद हैं। मात्र 15 दिनों के लिए वो जेल से बाहर आए हैं। ऐसे व्यक्ति पर कैसे विश्वास किया जा सकता है? जैसे दिल्ली में बहुत बड़ा शराब घोटाला हुआ, वैसे ही पंजाब में भी हुआ है। पंजाब वाले मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। दिल्ली में तो नई शराब नीति वापस भी ले ली गई, पंजाब में तो ऐसा नहीं हुआ। ऐसे शख्स का विरोध होना चाहिए।” दिल्ली शराब घोटाला भी कांग्रेस ने ही उछाला था, लेकिन कार्यवाही होने पर मोदी विरोध में श्रेय लेने की बजाए केजरीवाल के साथ खड़ी हो गयी। 

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब को लूटा जा रहा है, पंजाब पर 80,000 करोड़ रुपए का कर्ज लाद दिया गया है और अरविंद केजरीवाल पंजाब के सरकारी विमान का इस्तेमाल कर रहे हैं। चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के जालंधर से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि दिल्ली में तो AAP-कांग्रेस का गठबंधन है, लेकिन पंजाब में नहीं। AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार (16 मई, 2024) को लुधियाना के जोधन में अपने प्रत्याशी अशोक पराशर पप्पी के समर्थन में रोडशो करेंगे।

उससे पहले दिल्ली CM का अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर और दुर्गियाना मंदिर में दर्शन करेंगे। लुधियाना से कांग्रेस के रवनीत सिंह बिट्टू सांसद हैं। अरविंद केजरीवाल के बाहर निकलने से पंजाब में कांग्रेस तनाव में आ गई है। इसका कारण ये है कि AAP ने ही राज्य की सत्ता से कांग्रेस को बेदखल कर जीत दर्ज की और भगवंत मान मुख्यमंत्री बने। दिल्ली के शराब घोटाले में पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी जेल में हैं। वहीं राज्यसभा सांसद संजय सिंह जमानत पर बाहर निकले हैं।

हाल ही में चरणजीत सिंह चन्नी ने जम्मू कश्मीर के पुँछ में भारतीय वायुसेना के जवानों पर हुए हमले को ‘भाजपा का चुनावी स्टंट’ बताया था। उन्होंने कहा था कि ये स्टंटबाजी हो रही है, हमले नहीं हो रहे। चन्नी ने पुलवामा में 40 CRPF जवानों के बल्दियन पर विवादित बयान देते हुए कहा था कि पिछली बार भी चुनाव आया तो ऐसे स्टंट खेले गए और बीजेपी को जिताने का काम किया गया। उन्होंने कहा था कि पहले से तैयारी करके हमले करवाए जाते हैं, यह भाजपा को जिताने का स्टंट होता है और इसमें कोई सच्चाई नहीं होती।