Showing posts with label #excise policy case. Show all posts
Showing posts with label #excise policy case. Show all posts

जेल में ही कटेंगे अरविंद केजरीवाल के दिन, दिल्ली की कोर्ट ने न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ाई: सेहत की पूरी जाँच करा कर रिपोर्ट कोर्ट को सौंपे

दिल्ली शराब घोटाला केस में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बुधवार (05 जून 2024) को राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। केजरीवाल ने सेहत का हवाला देते हुए सात दिनों की अंतरिम जमानत की माँग की थी, लेकिन कोर्ट ने कोई राहत देने से इनकार कर दिया, लेकिन जेल प्रशासन को ये निर्देश दिया है कि वो अरविंद केजरीवाल की सेहत की पूरी जाँच कराए और रिपोर्ट कोर्ट को सौंपे।

राऊज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत भी 14 दिन के लिए बढ़ा दी है। अब केजरीवाल को 19 जून तक जेल में ही रहना होगा। अपने आदेश में कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी मेडिकल टेस्ट कराने का निर्देश दिया है। विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने तिहाड़ जेल अधिकारियों को न्यायिक हिरासत में केजरीवाल की चिकित्सा आवश्यकताओं का ध्यान रखने का निर्देश दिया है।

केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा 10 मई को दी गई अंतरिम जमानत पर एक जून तक के लिए जेल से रिहा किया गया था। इसके बाद उन्होंने अंतरिम जमानत को सात दिन के लिए बढ़ाने की माँग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। हालाँकि, सुप्रीम कोर्ट ने 29 मई को उनकी याचिका को तत्काल सूचीबद्ध करने से इनकार कर दिया था।

इस याचिका में केजरीवाल ने गुहार लगाई थी कि उन्हें मेडिकल जाँच कराने के लिए समय चाहिए क्योंकि उनका वजन कम हो रहा है और कीटोन का स्तर बढ़ा है। इसके बाद उन्होंने चिकित्सा आधार पर अंतरिम जमानत की माँग करते हुए विशेष सीबीआई-ईडी अदालत का रुख किया। 1 जून को उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा की अदालत ने अपना आदेश पाँच जून के लिए सुरक्षित रख लिया था। अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत का विरोध करते हुए ईडी ने कहा था कि केजरीवाल अदालत को गुमराह कर रहे हैं। ईडी ने आरोप लगाया कि लगातार चुनाव प्रचार कर रहे केजरीवाल का स्वास्थय तब खराब हुआ जब सरेंडर करने का समय आया।

अरविंद केजरीवाल को ईडी ने 21 मार्च 2024 को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उन्हें 1 जून तक की अंतरिम बेल दी थी, ताकि वो लोकसभा चुनाव में प्रचार कर सकें। इसके बाद उन्होंने तिहाड़ जेल पहुँचकर सरेंडर कर दिया था। अरविंद केजरीवाल की नियमित जमानत याचिका अभी पेंडिंग है। आगामी 7 जून 2024 को उस जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है।

अरविंद केजरीवाल की मुसीबत बढ़ी, दिल्ली शराब घोटाले में ‘आरोपी’ बना सकती है ED: 10 मई को दाखिल करेगी चार्जशीट


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। खबरों के मुताबिक, शुक्रवार (10 मई 2024) को ईडी कोर्ट में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर कर सकती है। सूत्रों की मानें तो इस चार्जशीट में अरविंद केजरीवाल को मुख्य साजिशकर्ता यानी ‘किंगपिन’ के तौर पर ‘चिन्हित’ किया जाएगा, साथ ही इसमें बीआरएस की एमएलसी के कविता की भूमिका के बारे में भी कोर्ट को जानकारी दी जाएगी।

ईडी ने पिछली बार अरविंद केजरीवाल की हिरासत बढ़ाने की माँग के दौरान भी ये कहा था कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में ‘मुख्य साजिशकर्ता‘ हैं। जिसमें अरविंद केजरीवाल को नई शराब नीति 2021-22 को तैयार करने और लागू करने के लिए ‘साउथ ग्रुप’ से रिश्वत के रूप में कई करोड़ रुपए मिले। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) एसवी राजू ने राउज एवेन्यू कोर्ट को बताया था कि उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए ‘साउथ ग्रुप’ के लोगों से 100 करोड़ रुपए की माँग की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी अपनी चार्जशीट में केजरीवाल का नाम मुख्य साजिशकर्ता और किंगपिन के तौर पर दर्ज करने जा रही है। ईडी का दावा है कि उसने अरविंद केजरीवाल से जुड़े मनी ट्रेल का पता लगा लिया है। ऐसे में अब ईडी द्वारा दिल्ली शराब घोटाले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद उनकी मुसीबत बढ़ सकती है, क्योंकि उसी दिन यानी शुक्रवार को ही सुप्रीम कोर्ट में अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत पर फैसला हो सकता है।

सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका पर सुनवाई

इस बीच, सुप्रीम कोर्ट में अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर शुक्रवार (10 मई 2024) को ही सुनवाई की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट ने कुछ दिन पहले सुनवाई की थी, और मामले में दोनों पक्षों की दलीलों को सुना था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत देने पर विचार किया जा सकता है।
ईडी ने बीआरएस नेता के कविता को 15 मार्च को हैदराबाद से और अरविंद केजरीवाल को दिल्ली से 21 मार्च 2024 को गिरफ्तार किया था। दोनों ही नेताओं से मौके पर पूछताछ की गई थी, इसके बाद गिरफ्तारी को अंजाम दिया गया था। इससे पहले, ईडी ने अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए 9 समन जारी किए थे। हालाँकि, केजरीवाल किसी भी समन पर पेश नहीं हुए थे।
केंद्रीय जाँच एजेंसी का आरोप है कि वह घोटाले के मुख्य साजिशकर्ता थे और सीधे तौर पर शराब कारोबारियों से रिश्वत माँगने में शामिल थे। इस मामले में के कविता और अरविंद केजरीवाल, दोनों ही नेता तिहाड़ जेल में बंद हैं। दिल्ली शराब नीति घोटाले में मनीष सिसोदिया समेत कई आप नेता और ‘साउथ ग्रुप’ से जुड़े कई लोग पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं और उनके खिलाफ जाँच चल रही है।