Showing posts with label burning. Show all posts
Showing posts with label burning. Show all posts

दिल्ली : केजरीवाल सरकार ने पटाखों पर लगाया प्रतिबंध, इस बार भी सूनी रहेगी दिवाली: बोले AAP के मंत्री – दीया जलाइए

दिल्ली वालों की दिवाली इस बार भी सूनी रहने वाली है। केजरीवाल सरकार ने सोमवार (11 सितंबर, 2023) को आदेश जारी कर पटाखों के बनाने, भण्डारण और बिक्री पर रोक लगा दी है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने इसकी जानकारी देते हुए लोगों से दीये जलाकर दिवाली मनाने की अपील की।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, “दिल्ली में खासतौर से दिवाली के अवसर पटाखे जलाने से जो प्रदूषण पैदा होता है, उसे रोकने के लिए सीएम केजरीवाल ने सभी तरह के पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री, ऑनलाइन डिलीवरी और जलाने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। पुलिस को दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से यह निर्देश जारी करने के लिए कहा गया है कि किसी भी तरह का लाइसेंस जारी न किया जाए।”

पत्रकारों ने गोपाल राय से हिंदू त्योहारों पर ही रोक लगाने को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि जो बदली हुई परिस्थितियाँ हैं उसमें हमें धूमधाम से श्रद्धा के साथ त्योहार मनाना जरूरी है। उतना ही सब लोगों की जिंदगी बचाना जरूरी है। इसलिए पिछले 2 साल से यह निर्णय लिया जा रहा है। दिल्ली के लोगों द्वारा सहयोग भी मिल रहा है। हमारी लोगों से अपील है कि दीये जलाकर धूमधाम से हम दिवाली मनाएँ।”

उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में सर्दी के मौसम में प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। जनवरी से लेकर अगस्त के महीने तक दिल्ली का औसत AQI काफी कम रहा है। 10 सितंबर को दिल्ली में एक्यूआई 45 था। लेकिन धीरे-धीरे अक्टूबर के महीने में सर्दी बढ़ने के साथ दिल्ली के वातावरण में नमी आती है और यहाँ के पार्टिकल मैटर जमा होने शुरू होते हैं। इसमें दिल्ली के बाहर और दिल्ली के अंदर का प्रदूषण यहाँ की हवा को जहरीला बना देते हैं।

गोपाल राय ने दिल्ली के प्रदूषण को नियंत्रित करने को लेकर प्लानिंग की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदूषण रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने एक्शन प्लान बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत 12 सितंबर को दिल्ली सचिवालय में एक्सपर्ट्स के साथ मीटिंग होगी। 14 सितंबर को ऑल डिपार्टमेंट्स के अधिकारियों की बैठक होगी। इसमें विंटर एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा।


‘नारा-ए-तकबीर, अल्लाह-हू-अकबर’ के कब्जे में पाकिस्तान: आर्मी हेड-क्वॉर्टर पर हमला, जलाए जा रहे सेना/पुलिस के घर-सामान

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद से पाकिस्तान हिंसा की आग में जल रहा है। गिरफ्तारी के बाद इमरान की पार्टी PTI ने बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया। अब लाहौर से लेकर रावलपिंडी और क्वेटा में हो रही हिंसक घटनाओं के वीडियो सामने आ रहे हैं। इमरान समर्थकों ने आर्मी हेडक्वार्टर में भी हमला किया है।
पाकिस्तान का इतिहास है कि जो भी कुर्सी से नीचे आया नहीं, कानून घेर लेता है। जो बचके निकल गया, जैसे नवाज़ शरीफ और परवेज़ मुशर्रफ। हाँ, हंगामा पहली बार हुआ है। लेकिन इस हंगामे ने कंगाली में आटा गीला होने वाली स्थिति पाकिस्तान की कर दी है। हंगामा करने वाले जब आत्ममंथन करेंगे, तब सर पर हाथ रख रोयेंगे। 

सामने आए वीडियो में लोगों को आर्मी हेडक्वार्टर में पत्थरबाजी और फिर लाठी डंडों से हमला करते देखा जा सकता है। इस दौरान लोगों को ‘नारा-ए-तकबीर, अल्लाह-हू-अकबर’ के नारे लगाते सुना जा सकता है।

लाहौर में स्थित कोर कमांडर हाउस पर भी तोड़-फोड़ और आगजनी की गई। कोर कमांडर हाउस पर हुए हमले का वीडियो सामने आया है। वीडियो में लोगों को “कहा था इमरान को न छेड़ना” और “इमरान खान को छोड़ो” कहते हुए सुना जा सकता है।

एक अन्य वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इमरान समर्थकों की भीड़ ने कोर कमांडरों की कैंटीन में लूटपाट की है।

यही नहीं, इमरान की पार्टी पाकिस्तान-तहरीक-ए-इंसाफ के लोगों ने पाकिस्तान के सरकारी रेडियो की इमारत में भी आग लगा दी है। इसका वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है।

इसी तरह खैबर पख्तूनख्वा के विधानसभा भवन में भी तोड़फोड़ और पथराव हुआ है।

एक अन्य वीडियो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के ऑफिस का बताया जा रहा है। यहाँ भी सैकड़ों की संख्या में आए इमरान समर्थक पत्थरबाजी करते देखे गए।

एक फ़ोटो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इमरान समर्थक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

वहीं, PTI ने भी वीडियो शेयर किया है। इसमें पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे प्रदर्शनों को दिखाया गया है। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान-तहरीक-ए-इंसाफ द्वारा अब तक के शेयर किए वीडियो के अनुसार पाकिस्तान के 27 शहरों में आगजनी और लूटमार मची हुई है।