Showing posts with label silver donations. Show all posts
Showing posts with label silver donations. Show all posts

48 किलो सोने की माला पहनेंगे रामलला, चाँदी का होगा द्वार: राम मंदिर के लिए मठ-व्यापारी खुल कर दे रहे दान, लोगों ने अब तक समर्पित की 500 Kg चाँदी

                    काशी मठ के हरिद्वार पीठ की तरफ से 167 किलो चाँदी भेंट दी गई (फोटो साभार एबीपी न्यूज़)
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य जारी है। जनवरी 2024 तक निर्माण कार्य पूर्ण होने का अनुमान है। मंदिर निर्माण के लिए देश भर से लोगों ने अपनी क्षमता अनुसार दान दिया। रुपए के अतिरिक्त भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए सोने और चाँदी भी दान के रूप में दिए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार गर्भगृह के दरवाजों और खिड़की के साथ-साथ राम मंद‍िर का सिंह द्वार भी चाँदी से ही तैयार होगा। इसके लिए काशी मठ के हरिद्वार पीठ की तरफ से 167 किलो चाँदी भेंट किया गया।

9 जनवरी, 2023 को हरिद्वार काशी मठ के उत्तराधिकारी स्वामी संयमेंद्र तीर्थ महाराज ने रामलला के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से मुलाकात की और मंदिर निर्माण कार्य को भी देखा। स्वामी संयमेंद्र तीर्थ महाराज ने भगवान राम के बाल स्वरूप के लिए 48 ग्राम सोने की माला और 167 किलोग्राम चाँदी समर्पित की। इस चाँदी का इस्तेमाल रामलला के गर्भगृह और सिंह द्वार बनाने में किया जाएगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंदिर के गर्भ गृह से लेकर शिखर तक सोने की सजावट होगी। मंदिर में स्थापित की जाने वाली स्थायी रामलला की मूर्ति के लिए 108 सोने के सिक्के का हार पहनाए जाने की भी तैयारी चल रही है। इसके लिए हरिद्वार मठ काशी पीठाधीश्वर के तरफ से राम मंदिर ट्रस्ट के पास निवेदन कर स्थायी मूर्ति की माप माँगी गई है। आपको बता दें देश भर से राम भक्तों ने अब तक 500 किलो से ज्यादा चाँदी दान के रुप में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को दे दी है। दान दिए जाने का सिलसिला जारी है। एक रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र के एक व्यापारी ने रामलला के सिंहासन पर सोने का पत्तर लगवाने की इजाजत माँगी है।

जानकारी के अनुसार, राम मंदिर का निर्माण शुरू होने के बाद बिहार के पटना महावीर मंदिर न्यास की तरफ से मंदिर निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपए दान स्वरूप देने की बात कही गई थी। जिसके बाद हर वर्ष 2 करोड़ रुपए का किस्त राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को सौंपा जा रहा है। महावीर मंदिर न्यास की तरफ से अब तक 6 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। रामकथा कहने वाले मोरारी बापू ने मंदिर निर्माण के लिए 18 करोड़ 60 लाख रुपए जुटा लिए।

दरअसल, मोरारी बापू ने मंदिर निर्माण के लिए दुनिया भर के रामभक्तों से अपील की थी। उन्होंने इसके लिए 5 करोड़ रुपए जुटाने का आह्वान किया था लेकिन उनके समर्थकों और प्रशंसकों ने 18.61 करोड़ रुपये जुटा लिए। आपको बता दें कि मंदिर निर्माण में अब 1 साल से भी कम समय बचा हुआ है। पिछले दिनों गृहमंत्री अमित शाह ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की तारीख का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि 1 जनवरी 2024 तक मंदिर तैयार हो जाएगा।