‘राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA)’ को धमकी भरा मेल मिला है। इस मेल में, मुंबई में आतंकी हमला करने की बात कही गई है। ईमेल करने वाले ने खुद को तालिबानी बताया है। साथ ही दावा किया है कि यह हमला तालिबानी नेता सिराजुद्दीन हक्कानी के आदेश पर होगा। इससे पहले, अयोध्या में बन रहे राम मंदिर को लेकर भी धमकी सामने आई थी।
इस धमकी भरे मेल की जानकारी सामने आने के बाद जाँच व इंटेलिजेंस एजेंसियाँ अलर्ट पर हैं। साथ ही मुंबई पुलिस को भी सूचित किया गया है। यही नहीं, इस मामले में मुंबई के अलावा अन्य शहरों को भी अलर्ट पर रखा गया है। फिलहाल मुंबई पुलिस समेत तमाम जाँच एजेंसियाँ मामले की जाँच कर ईमेल भेजने वाले का पता तलाशने में जुटी हुईं हैं।
सिराजुद्दीन हक्कानी तालिबान के हक्कानी गुट का प्रमुख है। उसे सबसे खतरनाक तालिबानी नेताओं में से एक माना जाता है। फिलहाल वह अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार में गृह मंत्री है। अमेरिकी जाँच एजेंसी FBI ने उसकी लोकेशन बताने वाले को 1 करोड़ डॉलर (82.25 करोड़ रुपए) का इनाम रखा है। इससे पहले गुरुवार (2 फरवरी, 2023) को एक अज्ञात व्यक्ति ने अयोध्या में बन रहे भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर को उड़ाने की धमकी दी थी। यह धमकी अयोध्या के रामकोट में रहने वालेमनोज नामक व्यक्ति को फोन पर मिली थी। उसने पुलिस को बताया था कि धमकी देने वाले शख्स ने सुबह 10 बजे तक मंदिर को उड़ाने की धमकी दी है।
Maharashtra | NIA received an email about a terrorist attack in Mumbai, after which the Police have been alerted. NIA informed Mumbai Police that the sender described himself as Talibani. Along with other agencies, Mumbai Police is involved in investigation: Mumbai Police Sources
— ANI (@ANI) February 3, 2023
7 जनवरी को भी मुंबई में आतंकी हमला करने की धमकी सामने आई थी। इस धमकी मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन करके दी गई थी। धमकी देने वाले व्यक्ति ने कहा था कि दो महीने के अंदर मुंबई में 1993 बम धमाके जैसे सीरियल ब्लास्ट होंगे। धमकी के साथ कहा गया था कि ये धमाके मुंबई के माहिम, भिंडी बाजार, नागपाड़ा और मदनपुरा इलाके में होंगें।
इसके अलावा, आरोपित ने दावा किया था कि मुंबई में निर्भया गैंगरेप जैसे कांड व भीषण दंगे होने वाले हैं। इन सभी कामों के लिए दूसरे राज्य से लोगों को बुलाया जा चुका है। फोन कर धमकी देने वाले आरोपित ने यह भी दावा किया था कि इस पूरी घटना में कॉन्ग्रेस का एक विधायक भी शामिल है। हालाँकि, बाद में जाँच एजेंसी ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपित की पहचान नबी याहया खान उर्फ केजीएन उर्फ लाला के रूप में हुई। उस पर लूट और छेड़खानी समेत कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

No comments:
Post a Comment