Showing posts with label #Gopal Italia. Show all posts
Showing posts with label #Gopal Italia. Show all posts

जूनागढ़ के AAP अध्यक्ष गोपाल इटालिया के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत FIR, पुलिस स्टेशन में किया महिला अफसर के पैरों में गिरने का ड्रामा

                                          गोपाल इटालिया का ड्रामा (साभार: ऑपइंडिया गुजराती)
गुजरात के जूनागढ़ जिले के विसावदर तालुका स्थित मंडावद में मूंगफली खरीद केंद्र पर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और केंद्र पर काम कर रहे श्रमिकों के बीच तीखा झड़प हो गया। इस घटना के बाद एक मजदूर की पत्नी के साथ कथित तौर पर जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और उत्पीड़न के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों में AAP के जिला अध्यक्ष हरेश सावलिया का नाम भी शामिल है।

मामले में पुलिस द्वारा निर्देश दिए जाने के बाद AAP विधायक गोपाल इटालिया पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रविवार (28 दिसंबर 2025) को पुलिस थाने पहुँचे। दरअसल, हरेश और अन्य आरोपितों को अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया था। इसी दौरान थाने में एक महिला पुलिस अधिकारी और गोपाल इटालिया के बीच तीखी बहस हो गई। AAP समर्थकों ने भी हंगामा किया जिसके चलते स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

पुलिस अधिकारी ने इटालिया और उनके समर्थकों से शांत और सम्मानजनक तरीके से बात करने का आग्रह किया लेकिन इटालिया काफी आक्रोशित हो गए। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं के उकसाने पर महिला पुलिस अधिकारी के पैरों में गिर पड़े। महिला अधिकारी ने इस व्यवहार पर आपत्ति जताई और वहाँ से चली गईं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में गोपाल इटालिया बार-बार यह कहते सुने जा सकते हैं कि ‘झूठी शिकायत दर्ज की गई है’ और वे पुलिस से सबूत दिखाने की माँग करते नजर आए।

इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए विसावदर के ASP रोहित डागर ने बताया कि संबंधित मूंगफली खरीद केंद्र पर उस समय खरीद प्रक्रिया चल रही थी जब AAP के नेता और कार्यकर्ता वहाँ पहुँचे। मूंगफली को बोरियों में भरने जैसे किसी छोटे मुद्दे को लेकर वहाँ मौजूद श्रमिकों से उनकी बहस शुरू हो गई। बहस धीरे-धीरे हिंसक रूप लेती चली गई। आरोप है कि इस दौरान एक मजदूर के साथ मारपीट की गई, उसकी पत्नी को धक्का दिया गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस के अनुसार, इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

उत्पीड़न और छेड़छाड़ जैसी गंभीर धाराओं में FIR दर्ज होने के बाद MLA गोपाल इटालिया ने हरेश सावलिया और दूसरे आरोपितों को माला पहनाई और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ रैली के रूप में पुलिस स्टेशन पहुँचे। शिकायत दर्ज होने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता इटालिया की देखरेख में नाटक करने के लिए पुलिस स्टेशन पहुँचे। शिकायत दर्ज होने के बाद इटालिया ने थाने में प्रदर्शन किया और वहाँ पहुँचकर BJP पर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि यह पूरा मामला किसानों की आवाज उठाने वालों को जेल में डालने की साजिश है, जिसे BJP ने रचा है।

हालाँकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मजदूरों के खिलाफ अपराध करने वालों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। वहीं, गोपाल इटालिया का आरोप है कि कानून का गलत इस्तेमाल कर झूठे अत्याचार और उत्पीड़न के मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

इस मामले में जूनागढ़ के पुलिस अधीक्षक (SC/ST सेल) रविसेज सिंह परमार ने आरोपितों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 75(2), 115(2), 296(B), 351(33) और 54 के साथ-साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(R)(S) भी लगाई गई हैं। पुलिस ने हरेश सहित तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और मामले की आगे की जाँच जारी है।

गुजरात : श्रीकृष्ण से छुटकारा, मोदी नीच, मंदिर शोषण का अड्डा: घोर हिंदूविरोधी गोपाल इटालिया , हनुमानभक्त केजरीवाल क्यों एक्शन नहीं ले पाते


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘नीच‘ कहने वाले गुजरात में आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष के हिंदू विरोधी होने के कई प्रमाण अब तक सामने आ चुके हैं। पहले उन्होंने एक वीडियो में कहा था कि भगवान श्रीकृष्ण से छुटकारा दिलाने के लिए अरविंद केजरीवाल ‘अर्जुन’ बनकर आए हैं और अब उनकी एक पुरानी वीडियो वायरल हो रही है। इसमें वह मंदिरों को महिलाओं के शोषण का अड्डा बता रहे हैं।

इस पुरानी वीडियो में वो महिला आरक्षण एवं भारतीय समाज नामक किताब कैमरे पर दिखा रहे हैं, जिसके लेखक हरिमोहन धवन और अरुण कुमार हैं। किताब को मुश्किल से किसी प्लेटफॉर्म पर अच्छी रेटिंग मिली है। बावजूद इसके इटालिया इसे दिखाते हुए कहते हैं कि लड़कियों, महिलाओं और बेटियों को मंदिर या कथावाचनों में जाने से बचना चाहिए क्योंकि वहाँ केवल शोषण होता है।

अब इटालिया की ऐसी वीडियोज देख सवाल उठना जाहिर है कि आखिर उनके भीतर इतनी हिंदू घृणा आई कैसे? तो इसका जवाब देने के लिए एक ट्विटर यूजर विजय पटेल ने इटालिया पर और उनकी किस-किस से साँठ-गाँठ है, इस पर एक पूरा थ्रेड शेयर किया है। इसमें उन्होंने बता रखा है कि कैसे इटालिया के तार घोर वामपंथियों से पहले से जुड़े हैं जो न केवल गुजरात दंगों के नाम पर राजनीति करते हैं बल्कि भारत तोड़ो शीर्षक से कार्यक्रम भी कराते हैं।

2018 में ‘भारत तोड़ो’ कार्यक्रम का हिस्सा थे गोपाल इटालिया

विजय पटेल के थ्रेड में प्रमाणों के साथ बताया गया कि साल 2018 में हिंदू विरोधी शबनम अंसारी और उनकी विदेशी फंडों पर चलने वाली एनजीओ ने एक कार्यक्रम रखा था। कार्यक्रम का नाम था- भारत तोड़ो (Dismantling India)। इस आयोजन में जो शामिल हुए उसमें तमाम वामपंथियों के साथ अहमदाबाद के गोपाल इटालिया और ऑल्ट न्यूज की निर्झरी सिन्हा थीं।
इस कार्यक्रम पर जो रिपोर्ट तैयार हुई उसमें हर्ष मंदर, वामपंथी कविता कृष्णन जैसे तमाम लोगों के नाम लिस्ट में देखे जा सकते हैं। वहीं इस कार्यक्रम को आयोजित करने वाली शबनम हाशमी खुद अनहाद नामक ऐसी एनजीओ की संस्थापक हैं जिसे पूर्व में न जाने कितनी ईसाई NGO से पैसा आ चुका है। उनकी एनजीओ ने मेधा पाटेकर और तीस्ता सीतलवाड़ जैसे लोगों के साथ भी काम किया है।

फोर्ड फाउंडेशन से गोपाल इटालिया और AAP का कनेक्शन

देखा जा सकता है कि शबनम हमेशा मोदी सरकार विरोधी प्रदर्शनों में जमकर हिस्सा लेती रहीं। फिर वो चाहे सीएए के खिलाफ प्रोटेस्ट हों या फिर दिल्ली की सीमाओं को ब्लॉक करने वाले किसान प्रदर्शन।
इन्हीं सबमें शबनम का जिस शख्स ने बढ़-चढ़कर साथ दिया वो गुजरात में इस समय आप के अध्यक्ष गोपाल इटालिया हैं। 2018 में शबनम जब गुजरात दंगों को लेकर आयोजित कार्यक्रम के बारे में इंटरव्यू में अपना सारा प्लॉन बता रही थीं तो गोपाल उनके बगल में खड़े थे। इसके अलावा वहाँ गगन सेठी नामक शख्स भी था जो फोर्ड फाउंडेशन से जुड़ा है और खुद विदेशी फंड पर चलने वाली जनविकास एनजीओ का संस्थापक हैं।
अब ये कोई संयोग तो नहीं हो सकता है कि गोपाल इटालिया के संबंध पहले इन लोगों से होते हैं, फिर वह आप से जुड़ते हैं और आप को भी फोर्ड फाउंडेशन की ओर से फंड मिलने लगता है, उन्हें अवार्ड दिए जाने लगते हैं। वहीं इतनी हिंदू विरोधी बातें करने के बाद भी उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं होती।
विजय पटेल इन सब बिंदुओं पर गौर करवाकर बस यही सवाल पूछते हैं कि सोचिए अगर आम आदमी पार्टी सरकार में आएगी तो सरकार को कौन चलाएगा। क्या उसे आम आदमी पार्टी चलाएगी या उसमें शबनम हाशमी का हाथ भी होगा, जो भारत तोड़ने जैसे शीर्षक के साथ कार्यक्रम कराती हैं, मेधा पाटेकर होंगी, तीस्ता सीतलवाड़ होंगीं या हर्ष मंदर व अन्य वामपंथी होंगे जिन्होंने आजतक सिर्फ गुजरात के विकास परियोजना कार्यों में रोड़ा बनने का काम किया है।

गुजरात : ‘वो नीच किस्म का आदमी(नरेंद्र मोदी) पूरे देश को C बना रहा है’ : गोपाल इटालिया, AAP के प्रदेश अध्यक्ष

         AAP के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए किया आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए गुजरात में AAP के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाने वाले गोपाल इटालिया को एक वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘नीच’ कहते हुए सुना गया। उन्होंने कहा, “आप नीच किस्म के आदमी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। मैं इसकी पुष्टि नहीं कर सकता, लेकिन क्या कभी पहले किसी प्रधानमंत्री ने इस तरह की नौटंकी की है?”

उन्होंने गुजरात में आगामी विधानसभा चुनावों की बात करते हुए कहा कि ‘ये नीच किस्म का आदमी’ यहाँ पर रोडशो कर रहा है और लोगों को ‘C’ बना रहा है। उन्होंने कहा कि ‘C’ का अर्थ लोग समझ ही रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी पर पूरे भारत को ‘C’ बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वो डिजिटल इंडिया की बातें करते हैं, लेकिन खुद दौड़े-दौड़े दिल्ली से गुजरात वोट देने आते हैं। उन्होंने पीएम मोदी के लिए 50 सेकेंड के अंदर कई बार ‘नीच’ शब्द का प्रयोग किया।

गोपाल इटालिया पहले से ही विवादों में रहे हैं और द्वारका में उन पर भगवान श्रीकृष्ण पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में FIR भी दर्ज की जा चुकी है। उमराला तालुका पुलिस थाने में अहीर समाज के अमितभाई डांगर ने मामला दर्ज कराते हुए कहा था कि उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के लिए ‘राक्षस’ शब्द का प्रयोग किया। इससे पहले गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी को ‘ड्रग्स संघवी’ बताने और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को ‘शराब तस्कर’ बताने को लेकर उन पर केस दर्ज हो चुके हैं।

भाजपा की आईटी सेल के मुखिया अमित मालवीय ने गोपाल इटालिया के ताज़ा वीडियो पर निशाना साधते हुए कहा कि वो भी अब अरविंद केजरीवाल के स्तर पर ही गिर गए हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात की मिट्टी के लाल, जिन पर राज्य को गर्व है, उनके लिए इस तरह के शब्द का इस्तेमाल करना हर एक गुजराती का अपमान है, जिसने पिछले 27 वर्षों से अपना बहुमूल्य वोट पीएम मोदी को दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी फ़िलहाल गुजरात के दौरे पर हैं।