Showing posts with label Rohit Sharma. Show all posts
Showing posts with label Rohit Sharma. Show all posts

ड्रेसिंग रूम में मोदी ने ऐसा क्या कह दिया कि मुस्कुराने लगे रोहित शर्मा और विराट कोहली: प्रधानमंत्री ने दिया न्योता, वीडियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खिलाड़ियों से ड्रेसिंग रूम में जाकर मिले और उनका हौसला बढ़ाया। पीएम मोदी द्वारा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें वो खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई करते हुए कहते हैं कि पूरा देश आपके साथ खड़ा है। उन्होंने भारतीय टीम के खिलाड़ियों से एक-एक कर मुलाकात की और सभी का हौसला बढ़ाया। इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के कोच राहुल द्रविड से भी वो गले मिले और उनसे हौसला बनाए रखने को कहा।

मोदी का टीम इंडिया के खिलाड़ियों से ड्रेसिंग रूम में मुलाकात का वीडियो सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि पीएम मोदी टीम के सभी खिलाड़ियों से मुलाकात कर रहे हैं। वह सबसे पहले कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली से मिलते हैं। वो रोहित शर्मा ने बोलते हैं, “आप लोग 10 मैच जीतकर यहाँ तक आए हैं। ये तो होता रहता है। मुस्कुराइए भाई, देश आप लोगों को देख रहा है।” वीडियों में पीएम मोदी रोहित और विराट के कंधे को थपथपाते हुए भी दिख रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी खिलाड़ियों को दिल्ली आने का भी न्यौता दिया है और उनसे संपर्क करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि मैं यहाँ बस हौसला बढ़ाने आ गया था, आप लोग दिल्ली आइए, तो जरूर मिलिए। आपसे मुलाकात के लिए समय निकालेंगे।

पीएम मोदी टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ से कहते हैं, “आप लोगों ने बहुत मेहनत की है।” इस दौरान पीएम मोदी ने रविंद्र जडेजा से गुजराती में बातचीत की, तो जसप्रीत बुमराह से भी पूछा कि क्या वो गुजराती में बात करते हैं, इसके जवाब में बुमराह कहते हैं “थोड़ो-थोड़ो (थोड़ा-थोड़ा)।” फिर वो श्रेयस अय्यर, सूर्य कुमार यादव, कुलदीप यादव से भी मिलते हैं।

पीएम मोदी ने मोहम्मद शमी को गले से लगा लिया और कहा कि आपने इस बार बहुत अच्छा किया है। वहीं, KL राहुल का नाम लेकर उनका हौसला भी पीएम मोदी बढ़ाते दिखे। समाचार एजेंसी ANI ने पीएमओ के हवाले से ये वीडियो जारी किया है और लिखा है, “19 नवंबर को गुजरात के अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईसीसी विश्व कप फाइनल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया से उनके ड्रेसिंग रूम में मुलाकात की। पीएम ने खिलाड़ियों से बात की और पूरे टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन के लिए उनका हौसला बढ़ाया।”

भारतीय क्रिकेट टीम विश्व कप के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से 6 विकेट से हार गई। पिछले 10 सालों में भारतीय टीम एक भी आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत पाया है। इस हार के बाद सभी खिलाड़ियों के चेहरे मायूसी से भरे नजर आए थे। खुद पीएम मोदी इस मौके पर स्टेडियम में मौजूद थे और उन्होंने विजेता कप्तान पैट कंमिस को ट्रॉफी भी सौंपी और इसके बाद रात में भारतीय ड्रेसिंग रूप में जाकर उन्होंने फाइनल मुकाबला हारने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की।


मोदी के पहुँचते बदल गया ड्रेसिंग रूम का माहौल, वर्ल्ड कप की हार के बाद बोले खिलाड़ी – आपने हौसला बढ़ाया

 

                     ड्रेसिंग रूम में रविंद्र जडेजा और मोहम्मद शमी से मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
ICC वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लीग चरण में लगातार 9 मैच जीती और सेमीफइनल में भी जीत दर्ज किया। हालाँकि, लगातार 10 मैच जीतने के बाद फाइनल में ही टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस तरह भारतीय टीम ODI वर्ल्ड कप के ख़िताब से लगातार तीसरी बार दूर रह गई। कप्तान रोहित शर्मा की भावुक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसमें उनकी आँखों में आँसू देखे जा सकते हैं। इसी तरह ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ विराट कोहली भी टोपी से अपना चेहरा ढँक कर ड्रेसिंग रूम में लौटते दिखे।

मोहम्मद सिराज को तो रविवार (19 नवंबर, 2023) को हुए इस मैच के बाद रोते हुए भी देखा गया। उनके साथी तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने उन्हें ढाँढस बँधाया। अब मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने बताया है कि 6 विकेट से मिली इस हार के बाद ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों की स्थिति क्या थी। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा हताश थे, उसी तरह टीम के अन्य खिलाड़ी भी हताश थे। उन्होंने बताया कि ड्रेसिंग रूम में उस समय काफी भावुक माहौल था।

राहुल द्रविड़ ने कहा कि एक कोच के रूप में उनके लिए ये सब देखना बहुत कठिन था, क्योंकि उन्हें पता है कि इन खिलाड़ियों ने कितनी अधिक मेहनत की थी, उन्होंने अपना क्या-क्या लगाया था और क्या-क्या त्याग किए थे। राहुल द्रविड़ खुद 2003 की उस भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप के फाइनल में हराया था। उन्होंने कहा कि एक कोच के रूप में उन्हें पता है कि इन खिलाड़ियों ने ये देखना कठिन है क्योंकि मैं इन सबको व्यक्तिगत रूप से जानता हूँ, मैंने देखा है कि उन्होंने कितने प्रयास किए हैं, पिछले एक महीने में कितना क्रिकेट खेला है, अंतिम महीने में उन्होंने कितनी मेहनत की है।

राहुल द्रविड़ ने कहा कि ये खेल है और उस दिन जो बेहतर टीम थी उसने जीत दर्ज की। उन्होंने कहा, “मुझे पता है अगली सुबह फिर सूर्योदय होगी। बाकियों की तरह हम भी इससे सीखेंगे, इस पर काम करेंगे और आगे बढ़ेंगे। एक खिलाड़ी के रूप में आप यही करते हैं। आप बहुत अच्छे क्षण देखते हैं, आप नीचे गिरते हैं। आप आगे बढ़ते रहते हैं, रुकते नहीं। अगर आप उठते-गिरते नहीं हैं तो आप सीख नहीं सकते।” राहुल द्रविड़ ने हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की।

उधर भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने ड्रेसिंग रूम में पहुँचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर शेयर की। इसमें शुभमन गिल और मोहम्मद शमी भी पीएम मोदी की बातों को सुनते हुए नज़र आ रहे हैं। जडेजा ने लिखा, “ये टूर्नामेंट हमारे लिए बहुत अच्छा रहा, लेकिन कल हम थोड़ा पीछे रह गए। दिल टूट गया है, लेकिन हमारे लोगों का समर्थन हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहता है। ड्रेसिंग रूम में पीएम मोदी का आना ख़ास और प्रेरक था।”

उधर मोहम्मद शमी को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गले लगाया। शमी ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, “दुर्भाग्य से कल हमारा दिन नहीं था। मैं टीम के समर्थन के लिए सभी भारतीयों को धन्यवाद कहना चाहूँगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कृतज्ञ हूँ, जिन्होंने खास तौर पर ड्रेसिंग रूम में आकर हमारा हौसला बढ़ाया। हम वापसी करेंगे।”

स्टिंग में फँसे चेतन शर्मा : फिटनेस के लिए इंजेक्शन, विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच इगो प्रॉब्लम…

चेतन शर्मा का एक स्टिंग सामने आया है। वे टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर हैं। इसमें उन्होंने बताया है कि भारतीय क्रिकेटर खुद को फिट रखने के लिए इंजेक्शन लेते हैं। साथ ही विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच इगो प्रॉब्लम की बात कही है। बताया है कि हार्दिक पांड्या भविष्य में कप्तान होंगे और रोहित शर्मा के लिए अब टी20 टीम में जगह नहीं बनती।

यह स्टिंग ऐसे वक्त में सामने आया है जब भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरिज चल रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) उनके खिलाफ एक्शन ले सकता है, क्योंकि चयनकर्ता अनुबंध से जुड़े होते हैं और उन्हें मीडिया से बात करने की मनाही होती है। पिछले महीने दोबारा चीफ सेलेक्टर बनाए गए शर्मा पर यह स्टिंग ‘जी मीडिया’ ने किया है।

स्टिंग में किए गए दावे

  • भारतीय क्रिकेटर फिट रहने के लिए इंजेक्शन लेते हैं। उन्हें पता है कि कौन से इंजेक्शन डोपिंग में नहीं आते हैं। खिलाड़ी 80 फीसदी फिटनेस पर भी खेलने को तैयार हैं। वे इंजेक्शन लेते हैं और खेलना शुरू करते हैं।
  • विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच कोई लड़ाई नहीं है। लेकिन इगो प्रॉब्लम है। दोनों बड़े फिल्मी सितारों की तरह हैं। आप कह सकते हैं, अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र।
  • टीम इंडिया के खिलाड़ी सेलेक्टर के टच में रहते हैं। रोहित मुझसे फोन पर आधा-आधा घंटा बात करता है। हार्दिक पांड्या मेरे घर आते रहते हैं।
  • जसप्रीत बुमराह को 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ जबरदस्ती टीम में शामिल गया था। उसकी चोट इतनी गंभीर है कि यदि वे ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप का एक भी मैच खेलते, तो वह कम से कम एक साल के लिए बाहर हो जाते।
  • सौरव गांगुली और विराट कोहली के बीच अहंकार की लड़ाई है। गांगुली ने रोहित का पक्ष नहीं लिया। लेकिन उन्होंने विराट को कभी पसंद नहीं किया।
  • T20 में शुभमन गिल जैसों को मौका देने के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे मजबूत प्लेयर्स को ‘आराम’ दिया जाता है। हार्दिक पंड्या लंबे समय में कप्तान के रूप में कार्यभार संभालेंगे। रोहित शर्मा अब T20 टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
  • मैं टीम में सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, दीपक हुड्डा, शुभमन गिल और अन्य 15-20 खिलाड़ियों को लेकर आया हूँ।