Showing posts with label #NSUI. Show all posts
Showing posts with label #NSUI. Show all posts

झाँसी में NSUI नेता पर हत्या का केस, घर में फंदे से लटकी मिली पत्नी: याद आई नैना साहनी, दिल्ली में कांग्रेस नेता ने टुकड़े-टुकड़े कर तंदूर में झोंक दिया था

        NSUI नेता भरत व्यास की राहुल गाँधी और पत्नी के साथ की तस्वीर (साभार: Facebook-Drx Bharat Vyas              Samthar)
उत्तर प्रदेश के झाँसी में दहेज हत्या का मामला सामने आया है। यहाँ कांग्रेस के छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के प्रदेश उपाध्यक्ष भरत व्यास की पत्नी प्रिया मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में फाँसी के फंदे पर लाश लटकी मिली। प्रिया के परिवार ने NSUI नेता पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का मामले में FIR दर्ज की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना 31 मई 2026 की रात की है। प्रिया ने रात 12 बजे अपने पिता विनोद मिश्रा को फोन भी किया था लेकिन देर रात होने के चलते वह फोन नहीं उठा सके। इसके बाद सुबह जब प्रिया के ससुराल से कॉल आया तो बेटी की मौत की खबर सुनने को मिली।

प्रिया मिश्रा के परिवार का आरोप

प्रिया के परिवार ने बेटी की मौत को खुदकुशी मानने से इनकार किया है। प्रिया के परिवार ने बताया कि शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन कुछ समय बाद भरत व्यास और उसके घरवाले ज्यादा दहेज की डिमांड करने लगे। परिवार का कहना है कि कई बाद नकदी और ऑनलाइन माध्यम से पैसे भी दिए गएं, इसके बावजूद प्रिया को परेशान किया जाता रहा है।

परिजनों ने भरत व्यास और उसके घरवालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा भी दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि हर पहलुओं से जाँच जारी है।

कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हैं भरत व्यास

NSUI नेता भरत व्यास और प्रिया की शादी 14 फरवरी 2025 को हुई थी। भरत व्यास राजनीति में काफी सक्रिय है। उसके कांग्रेस नेता राहुल गाँधी सहित पार्टी के तमाम नेताओं के साथ तस्वीर भी है। फेसबुक पर भी वे काफी एक्टिव हैं और आए दिन कॉन्ग्रेस समर्थित पोस्ट शेयर करते रहते हैं। भरत ने कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में भी पोस्ट किया हुआ है।

कांग्रेस नेता के कांड, नंबर वन पर नैना साहनी हत्याकांड

यह पहली बार नहीं है कांग्रेस के किसी युवा नेता का अपराध में नाम सामने आय़ा है। 1995 में दिल्ली में हुआ बहुचर्चित नैना साहनी हत्याकांड, जिसे तंदूर कांड भी कहा जाता है, उसमें भी यूथ कांग्रेस का नेता ही शामिल था। 

इस मामले में मुख्य आरोपित सुशील शर्मा था, जो उस समय दिल्ली युवा कांग्रेस का बड़ा नेता माना जाता था। हत्या कर नैना को तंदूर की भट्ठी में झोंकने वाला उसका ही प्रेमी सुशील शर्मा था। दोनों लिव इन में रहते थे। कई लोगों का दावा है कि चुपचाप दोनों ने शादी भी कर रखी थी। सुशील यूथ कांग्रेस का उस समय उभरता हुआ नेता था। बताते हैं कि सीधे हाईकमान तक पहुॅंच थी उसकी।

सुशील के इस कारनामे की दुनिया को भनक भी नहीं लगती यदि 2 जुलाई 1995 की उस रात दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल अब्दुल नज़ीर कुंजू और होमगार्ड चंदर पाल गश्त पर ना होते। रात के करीब साढ़े ग्यारह बज रहे थे। होटल अशोक यात्री निवास में स्थित बगिया रेस्टोरेंट से दोनों ने आग और धुआँ निकलता देखा। मौके पर पहुॅंचे तो बताया गया कि कांग्रेस पार्टी के पुराने बैनर पोस्टर जलाए जा रहे हैं। पर वे नहीं माने। पुलिस बुलाई। फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और पता चला कि तंदूर में एक महिला की लाश जल रही है।

उस महिला की पहचान नैना साहनी के तौर पर हुई। नैना को घर में गोली मारने के बाद सुशील शर्मा जलाने के लिए लाया था। मामला खुलने के बाद सुशील ने पुलिस से बचे रहने के लिए अपने राजनीतिक संपर्कों का भरपूर इस्तेमाल किया। लेकिन, जनआक्रोश की वजह से उसे सरेंडर करना पड़ा और बाद में सजा भी हुई।


NSUI ने किया बिहारी महिला का अपमान : ‘भगाओ इस बिहारन को, मैडम बीड़ी-दारू पीती है, मिथिला से है…’: DUSU की संयुक्त सचिव दीपिका झा को गाली देने वाले कौन, ABVP नेता ने कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI को बताया जिम्मेदार

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2025 में ABVP से संयुक्त सचिव के पद पर जीत हासिल करने वाली दीपिका झा  (साभार: Dainik Bhaskar)
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2025 में ABVP से संयुक्त सचिव के पद पर जीत हासिल करने वाली बिहार की दीपिका झा को इंस्टाग्राम पर ट्रोल किया जा रहा है। उन्होंने इसके खिलाफ दिल्ली साइबर पुलिस में FIR दर्ज करवाई है। साथ ही दीपिका झा ने इसके पीछे NSUI का हाथ बताते हुए करारा जवाब दिया है।

इसकी जानकारी खुद दीपिका झा ने एक वीडियो जारी कर दी। वीडियो में दीपिका झा ने कहा, “इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया पर बदतमीजी की जा रही है। बिहार से जुड़ा ‘बिहारन’ शब्द को गाली की तरह उपयोग किया जा रहा है। तमाम कमेंटबाजों के खिलाफ FIR हो चुकी है। जो-जो लिंक है इस FIR से सबके पास समय से सूचना पहुँच जाएगी।”

दीपिका झा ने नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) पर निशाना साधते हुए कहा, “पूरे NSUI को कह देना चाहती हूँ कि अब करो तुम कमेंट। अब मैं FIR-FIR खेलुँगी। एक लड़की को नीचा दिखाने के लिए तुम इस हद तक गए। तुम चाहते हो कि लड़की शांत होकर घर बैठ जाए। लेकिन नहीं, मैं शांत बैठने वालों में से नहीं हूँ। मैं आप सभी की टाइम-टाइम पर औकात याद दिलाती रहूँगी कि मैं क्या हूँ।”

उन्होंने राज्य के नाम पर बदतमीजी झेलने वालों के साथ खड़े रहने की भी बात कही, “किसी के भी चमचे हो अगर इस तरह का कमेंट दोबारा करा जाएगा तो मैं सदैव खड़ी रहूँगी अपने समाज के साथ, अपने राज्य के साथ और सिर्फ अपने राज्य के साथ ही नहीं अगर किसी को भी उसके राज्य के नाम को गाली की तरह इस्तेमाल किया जाएगा तो मैं सदैव उन लोगों के साथ खड़ी रहूँगी।”

दीपिका झा बताती हैं कि उन्होंने इंस्टाग्राम में पर बदतमीजी के खिलाफ दिल्ली पुलिस के साइबर सेल में शिकायत कर दी है। वह कहती हैं कि इस शिकायत में कुछ लोगों का नाम शामिल किया गया है, जिनके पास जल्द ही पुलिस का नोटिस पहुँच जाएगा।

इंस्टाग्राम पर लगातार किया जा रहा ट्रोल

दीपिका झा को DUSU चुनाव में संयुक्त सचिव पद पर खड़े होने के साथ उस पद पर जीत हासिल करने तक भी इंस्टाग्राम पर लगातार ट्रोल किया गया। चुनाव अभियान में दीपिका ने कई वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए, जिस पर ट्रोलर्स ने भद्दे-भद्दे कमेंट्स किए हैं। यहाँ तक की उनके राज्य और उनकी पहचान मिथिला को लेकर भी सवाल उठाए गए।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट में एक ट्रोलर ने लिखा, “भगाओ इस बिहारन को।”

                              दीपिका झा के इंस्टाग्राम पोस्ट पर किए गए कमेंट का स्क्रीनशॉट

एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा, “मिथिला से है या पूर्वांचल से है। मतलब वोट के लिए कुछ भी।”

                                         दीपिका झा के इंस्टाग्राम पोस्ट पर किए गए कमेंट का स्क्रीनशॉट

दीपिका झा ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस से हुई झड़प की फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की तो एक यूजर ने ट्रोल करते हुए लिखा, “मैडम की पार्टी की सरकार और मैडम उनसे ही लड़ रही।”

                                  दीपिका झा के इंस्टाग्राम पोस्ट पर किए गए कमेंट का स्क्रीनशॉट

यहाँ तक की दीपिका झा के चरित्र को मैला करने की भी कोशिश की गई। ट्रोलर्स ने लिखा, “यह दीपिका झा सिगरेट बीड़ी दारू सब पीती है। स्टूडेंट होने के बाद भी और फिर छात्र अध्यक्ष का इलेक्शन लड़ती है और शरीफ होने का ड्रामा करती है।”

NSUI की भद्दी राजनीति

इंस्टाग्राम ट्रोल्स के पीछे दीपिका झा ने NSUI का हाथ बताया है। दीपिका झा ने NSUI को चेतावनी भी दी कि अगर इस बार वो FIR-FIR खेलेंगी। साथ ही दीपिका झा ने अपने वीडियो में यह भी बताया कि इंस्टाग्राम पर भद्दे कमेंट्स करने वाले NSUI के ही ‘चमचे’ हैं।

यह पहली बार नहीं है जब NSUI ने ABVP को नीचा दिखाने के लिए किसी महिला का अपमान किया हो। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2025 में भी NSUI ने भद्दी राजनीति खेली। लगातार ABVP के उम्मीदवारों को निशाना बनाकर बदनाम करने की कोशिश की।

चुनाव प्रचार के दौरान दीपिका झा का एक वीडियो भी वायरल करवाया और दावा किया कि वो सिगरेट पीती हैं। NSUI ने कांग्रेस का प्रोपेगेंडा आगे बढ़ाते हुए दिल्ली चुनाव में ‘वोट चोरी’ के भी आरोप लगाए थे। अब ‘बिहारन’ नाम से गाली दी जा रही है।

लेकिन फिर भी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2025 में ABVP तीन पदों पर परचम लहराया। DUSU के अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के पद पर ABVP ने जीत हासिल की। DUSU के नए अध्यक्ष बने आर्यन मान के खिलाफ भी NSUI ने नैगेटिव कैंपने चलाया था।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर के बाहर आग लगाने वाले NSUI के 4 सदस्यों को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार

                                                                                                          चित्र साभार- @Neerajkundan
दिल्ली पुलिस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के आवास के आगे आगजनी करने के आरोप में कॉन्ग्रेस पार्टी की स्टूडेंट विंग NSUI के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह आगजनी केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना और राहुल गाँधी से नेशनल हेराल्ड केस में ED की हो रही पूछताछ के विरोध में की गई थी। पुलिस इसी घटना में शामिल अन्य आरोपितों की भी तलाश कर रही है। चारों की गिरफ्तारी 22 जून 2022 को हुई है।

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने गिरफ्तार चारों आरोपितों की वीडियो शेयर करते हुए पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंने लिखा, “BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के घर के बाहर प्रदर्शन करने पर NSUI के पदाधिकारियों पर गैरजमानती धाराएँ लगा दी गई हैं व तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। पर हम चट्टान से हौंसलों के साथ अब भी योजना के खिलाफ तमाम छात्रों के साथ सीना ताने खड़े है। अगर NSUI के पदाधिकारियों व छात्रों की रिहाई नहीं कि गई तो सरकार छात्र आक्रोश के महाआंदोलन को झेलने के लिए तैयार रहे।”

रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर सागर प्रीत हुडा ने बताया कि चारो आरोपितों की पहचान जगदीप सिंह, सर्वोत्तम राणा, प्रणव पांडेय और विशाल के रूप में हुई है। उन्होंने बताया, “घटना के दौरान आग के पुतले आवास के गेट और सुरक्षाकर्मियों के कमरों में फेंके गए थे। हालाँकि घर के अंदर मौजूद स्टाफ की सक्रियता के चलते कोई बड़ी घटना नहीं हो पाई।”

सागर प्रीत हुडा के मुताबिक, “घटना के CCTV फुटेज के आधार पर जानकारी जुटाई गई। जाँच के दौरान 10 से 12 लोगों के 2 अलग-अलग वाहनों से घटनास्थल पर पहुँचने की पुष्टि हुई। इसमें से एक वाहन हरियाणा के रोहतक के रजिस्ट्रेशन नंबर पर मिला और दूसरा उत्तर प्रदेश के बिजनौर के पते पर। मिले फुटेज के आधार पर छापेमारी की कार्रवाई की गई और आरोपितों के घरों से उन्हें पकड़ा गया।”

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपितों पर IPC की धारा 188/146/147/149/278/285/ 307/436/120-B के तहत केस दर्ज किया गया था। इसमें दंगे भड़काने और हत्या की साजिश के साथ आपराधिक साजिश रचने की धाराएँ भी शामिल हैं।

21 जून 2022 को शाम लगभग 4.30 पर लगभग 1 दर्जन लोग दिल्ली के मोती लाल नेहरू मार्ग स्थित जे पी नड्डा के आवास के आगे जमा हुए थे। उन्होंने न सिर्फ भाजपा और सरकार के विरोध में नारेबाजी की बल्कि एक डंडे में बाँध कर 2 जलते पुतलों को जे पी नड्डा के आवास में फेंकने का भी प्रयास किया था। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था।

पुलिस के मुताबिक कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के नाम पर मिली अनुमित का उललंघन किया है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर के मुताबिक, “20 जून को कॉन्ग्रेस के सचिव द्वारा जंतर मंतर पर सत्याग्रह करने की अनुमति माँगी गई थी। यह अनुमति अग्निपथ योजना और राहुल गाँधी से ED की पूछताछ के विरोध में किया जाना बताया गया। प्रदर्शन की अनुमति में सिर्फ 1000 प्रदर्शनकारियों को दी गई। लेकिन इसके बाद भी कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता जंतर मंतर पर धरना देने के बजाए 24 अकबर रोड पर बिना अनुमति के पहुँच गए। ऐसा करके उन्होंने लागू धारा 144 के नियमों की अनदेखी की थी।”