Showing posts with label #Sikh. Show all posts
Showing posts with label #Sikh. Show all posts

उत्तर प्रदेश में बढ़ रहे ‘पगड़ी वाले ईसाई’, नेपाल से आकर पादरी करवा रहे धर्मांतरण: गाँवों में घरों पर लगे क्रॉस

                       क्रॉस का निशान, ईसाई धर्मांतरण से सिख संगठनों की बढ़ी चिंता (फोटो साभार: AAJ TAK)
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में भारत-नेपाल सीमा से सटे सिख बहुल गाँवों में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर धर्मांतरण का मामला सामने आया है। यह मुद्दा न केवल धार्मिक पहचान से जुड़ा है, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित एक सुनियोजित साजिश की आशंका को भी जन्म देता है। ऑल इंडिया सिख पंजाबी वेलफेयर काउंसिल के अनुसार, बीते कुछ साल में 3,000 से ज्यादा सिखों का धर्मांतरण कर उन्हें ईसाई बनाया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीलीभीत के हजारा थाना क्षेत्र के गाँवों – बैल्हा, टाटरगंज, बम्मनपुरा भगीरथ और सिंघाड़ा में सिख समुदाय की बड़ी आबादी निवास करती है। इन गाँवों में लगभग 20,000 से 30,000 सिख रहते हैं, जो मुख्य रूप से खेती और छोटे-मोटे व्यवसायों पर निर्भर हैं। स्थानीय लोगों और सिख संगठनों के अनुसार, 2020 से नेपाल सीमा से सटे इन क्षेत्रों में धर्मांतरण की गतिविधियाँ तेज हुई हैं। इन गतिविधियों का केंद्र नेपाल से आए प्रोटेस्टेंट पादरी और कुछ स्थानीय लोगों को बनाए गए पास्टर हैं, जो कथित तौर पर आर्थिक प्रलोभन, अंधविश्वास और रोग निवारण सभाओं के जरिए सिखों को ईसाई मजहब अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

मामले का खुलासा तब हुआ जब बैल्हा गाँव की एक सिख महिला मंजीत कौर ने 13 मई 2025 को पीलीभीत के हजारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मंजीत ने आरोप लगाया कि उसके पति को पहले ही बहला-फुसलाकर ईसाई बनाया जा चुका है, और अब उस पर और उसके बच्चों पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव डाला जा रहा है। उसने बताया कि जब उसने धर्म परिवर्तन से इनकार किया, तो उसके खेतों को नुकसान पहुँचाया गया और बच्चों के साथ मारपीट की गई। मंजीत के अनुसार, आरोपितों ने सरकारी योजनाओं का लाभ और दो लाख रुपये का लालच दिया, लेकिन कोई वादा पूरा नहीं किया गया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आठ नामजद और दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

ऑल इंडिया सिख पंजाबी वेलफेयर काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष हरपाल सिंह जग्गी ने इस मामले को गंभीरता से उठाया। उन्होंने स्थानीय गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पीलीभीत के सिख बहुल गाँवों में करीब 3,000 सिखों का धर्म परिवर्तन हो चुका है। उन्होंने जिला प्रशासन को 160 परिवारों की सूची सौंपी, जिनके धर्म परिवर्तन की पुष्टि हुई है। जग्गी ने आरोप लगाया कि नेपाल से आए पादरी और कुछ स्थानीय पास्टर गरीबी, अशिक्षा और अंधविश्वास का फायदा उठाकर सिखों को ईसाई बना रहे हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ परिवारों के घरों पर क्रॉस के निशान बनाए गए हैं, जो धर्मांतरण का प्रतीक माने जा रहे हैं। हालाँकि, प्रशासनिक सख्ती के बाद कई परिवारों ने इन निशानों को हटा लिया है, लेकिन वे अब भी ईसाईयत का पालन कर रहे हैं। जग्गी ने कहा कि यह सिख समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान पर हमला है और इसके पीछे विदेशी ताकतों का हाथ हो सकता है, जो नेपाल के रास्ते इस साजिश को अंजाम दे रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और जिला प्रशासन से निष्पक्ष जाँच और सख्त कार्रवाई की माँग की।

आजतक की एक ग्राउंड रिपोर्ट ने इस मामले को और गहराई से उजागर किया। उनकी टीम ने बैल्हा गाँव का दौरा किया और स्थानीय लोगों, पीड़ितों और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से बातचीत की। इस रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि नेपाल से आने वाले पास्टर और पंजाब के कुछ मिशनरी लोग ‘चंगाई प्रार्थना सभाओं’ के जरिए सिखों को लुभा रहे हैं। ये सभाएँ बीमारी ठीक करने और आर्थिक मदद का वादा करती हैं, जिससे गरीब और अशिक्षित लोग आसानी से प्रभावित हो जाते हैं।

रिपोर्ट में एक पीड़ित परमिंदर सिंह ने बताया कि मिशनरी लोग बाहरी तौर पर यह नहीं दिखाते कि कोई धर्म परिवर्तन कर चुका है। वे सिखों को उनकी पारंपरिक वेशभूषा और नाम बरकरार रखने की सलाह देते हैं, ताकि धर्मांतरण का पता न चले। फिर भी कई लोग ‘उपचार सत्रों’ और आर्थिक लालच के कारण ईसाईयत की ओर झुक रहे हैं। हालाँकि लखविंदर सिंह और बलजीत सिंह जैसे लोग धर्म परिवर्तन के बाद ‘घर वापसी’ कर सिख धर्म में लौट आए हैं। लखविंदर ने बताया कि उनके बेटे की बीमारी ठीक न होने पर वे प्रार्थना सभाओं में गए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ, जिसके बाद उन्होंने सिख धर्म में वापसी की।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बताया कि अब तक 160 परिवारों की ‘घर वापसी’ कराई जा चुकी है। इसके लिए कमेटी ने ‘अमृतपान’ जैसे धार्मिक कार्यक्रम शुरू किए हैं। साथ ही नौ ऐसे लोगों की सूची सार्वजनिक की गई है, जो सिख से ईसाई बनकर अब दूसरों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इन लोगों का सामाजिक बहिष्कार करने के लिए गुरुद्वारे में उनकी सूची लगाई गई है।

पीलीभीत की भौगोलिक स्थिति इस मामले को और जटिल बनाती है। नेपाल सीमा से सटा होने के कारण यह क्षेत्र लंबे समय से सीमापार गतिविधियों का केंद्र रहा है। जाँच एजेंसियों को शक है कि नेपाल से संचालित कुछ एनजीओ और मिशनरी संगठन धर्मांतरण की गतिविधियों में लिप्त हैं। हरपाल सिंह जग्गी ने दावा किया कि 2012 से नेपाल के पादरी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं और विदेशी ताकतों के इशारे पर सिखों को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि यह केवल धार्मिक मामला नहीं, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है।

स्थानीय सिख नेताओं ने शिक्षा की कमी और गरीबी को धर्मांतरण का प्रमुख कारण बताया। उनका कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर और सामाजिक रूप से हाशिए पर रहने वाले लोग आसानी से प्रलोभनों का शिकार हो जाते हैं। कई पीड़ितों ने शपथपत्र देकर बताया कि उन्हें दो लाख रुपये, आवास, शौचालय और अन्य सरकारी योजनाओं का लालच दिया गया, लेकिन बाद में कोई लाभ नहीं मिला।

पीलीभीत प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। डीएम संजय कुमार सिंह ने बताया कि एक विशेष जाँच टीम (SIT) गठित की गई है, जो मामले की तह तक जाएगी। एसपी अभिषेक यादव ने कहा कि मंजीत कौर की शिकायत पर आठ नामजद और दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही एक अवैध चर्च को भी हटाया गया है। प्रशासन ने उन गाँवों में काउंसलिंग कैंप शुरू किए हैं, जहाँ धर्मांतरण की शिकायतें मिली हैं।

हालाँकि, पूरनपुर तहसील के SDM अजीत प्रताप सिंह का कहना है कि बड़े पैमाने पर सुनियोजित धर्मांतरण का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। उनका कहना है कि कुछ लोग अपनी आस्था के कारण प्रार्थना सभाओं में जा रहे हैं, जिन्हें रोका नहीं जा सकता। हालाँकि लोगों के शपथपत्र और गुरुद्वारा कमेटी की सूची इस दावे को चुनौती देते हैं।

इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले का संज्ञान लिया है और सभी सीमावर्ती जिलों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ‘उत्तर प्रदेश धर्म स्वतंत्रता कानून’ के तहत सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है, जिसके तहत जबरन या प्रलोभन के जरिए धर्मांतरण पर रोक लगाई गई है।

सिख संगठनों का कहना है कि यह मामला उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान पर हमला है। वे माँग कर रहे हैं कि जिन लोगों ने खुद अपनी मर्जी से धर्मांतरण किया है, उन्हें अपने दस्तावेजों में धर्म बदलने की जानकारी दर्ज करानी चाहिए। साथ ही वे दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और उच्चस्तरीय जाँच की माँग कर रहे हैं। गुरुद्वारा कमेटियों ने ‘घर वापसी’ के लिए बड़े पैमाने पर धार्मिक जागरूकता अभियान शुरू किया है।

ऑपइंडिया ने अपनी रिपोर्ट्स में बताया था कि कैसे नेपाल से सटे सीमावर्ती जिलों में ईसाई मिशनरियाँ धर्मांतरण का जाल फैला रही हैं। नेपाल से सटे 7 सीमावर्ती जिलों में ईसाई धर्मांतरण के मामलों के मामलों पर कार्रवाई भी हो चुकी है। बीते साल यूपी से लोगों को नेपाल ले जाने का मामला सामने आया था, जिसमें हिंदू संगठनों ने आरोपित पादरियों को पकड़कर न सिर्फ पीटा था, बल्कि उनके चेहरों पर कालिख भी पोत दी थी। ईसाई मिशनरियों के अयोध्या तक फैले जाल पर भी हमने रिपोर्ट प्रकाशित की थी।

‘राहुल गाँधी की सभा में मौजूद थे कई खालिस्तानी’: कांग्रेस नेता के लिए SFJ का उमड़ा प्रेम, आतंकी पन्नू ने पगड़ी-कड़ा वाले बयान का किया समर्थन

     राहुल गाँधी के सिखों पर दिए गए बयान का आतंकी पन्नू ने समर्थन किया है (चित्र साभार: Tribune India & ET)
खालिस्तानी आतंकी गुरवतपंत सिंह पन्नू के संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ने राहुल गाँधी का समर्थन किया है। SFJ ने राहुल गाँधी के सिखों पर दिए गए उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें राहुल ने कहा था कि भारत में सिखों को पगड़ी और कड़ा पहनने की लड़ाई है। SFJ ने यह भी दावा किया है कि राहुल गाँधी के साथ अमेरिका में कई खालिस्तान समर्थन मौजूद थे।

SFJ ने राहुल गाँधी के बयान का समर्थन करने वाला अपना एक पत्र जारी किया है। गुरवतपंत सिंह पन्नू द्वारा जारी किए गए इस पत्र में SFJ ने कहा, “वाशिंगटन डीसी में एक सभा को संबोधित करते हुए, जहाँ कई खालिस्तान समर्थक सिख भी मौजूद थे, राहुल गाँधी ने SFJ के खालिस्तान के लिए जनमत संग्रह अभियान को उचित ठहराया है। उनका यह कहना ‘भारत में लड़ाई इस बात की है क्या एक सिख को पगड़ी और कड़ा पहनने की अनुमति होगी, और क्या वह गुरुद्वारा जा सकेगा’ हमारी बात का समर्थन है।”


                                                                 SFJ का बयान

SFJ ने आगे कहा, “भारत में सिखों के अस्तित्व पर खतरे वाला राहुल का बयान साहसी और बोल्ड है बल्कि 1947 से सिखों पर भारत में हुए अत्याचार की बात को मजबूत करता है। यह बयान तथ्यात्मक इतिहास पर आधारित है और सिखों के देश खालिस्तान बनाने के लिए पंजाब में स्वतंत्रता जनमत संग्रह पर SFJ के रवैये को सही ठहराता है।”

हमेशा भारत तोड़ने की बात करने वाले खालिस्तानी आतंकी गुरवतपंत सिंह पन्नू का राहुल गाँधी के लिए यह प्रेम उनके हालिया बयान के बाद उमड़ा है। राहुल गाँधी ने अपने अमेरिका दौरे में वर्जीनिया में कहा था, “भारत में लड़ाई इस बात को लेकर है कि क्या एक सिख को भारत में पगड़ी पहनने की इजाजत दी जाएगी? क्या एक सिख को भारत में कड़ा पहनने की इजाजत दी जाएगी या वह गुरुद्वारा जा सकेगा? लड़ाई इसी बात को लेकर है और यह सिर्फ सिखों के लिए नहीं है, यह सभी धर्मों के लिए है।”

देश को तोड़ने और भारत में सिखों को प्रताड़ित बताने वाले खालिस्तानी आतंकियों के लिए यह सुनहरा मौक़ा बन गया है। भारत के लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और विपक्षी पार्टी के डी फैक्टो मुखिया का उनके भारत विरोधी एजेंडे को मजबूत करने में यह बयान एक संजीवनी की तरह काम आएगा। SFJ का राहुल को साहसी बताना इसी कड़ी का एक हिस्सा है। SFJ ने यह दावा भी किया है कि राहुल गाँधी के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खालिस्तानी शामिल थे। इससे राहुल के कार्यक्रमों की मंशा पर संशय पैदा होता है।

राहुल गाँधी के तथ्यों से परे इस बयान पर भारत में कड़ी प्रतिक्रिया हुई थी। भाजपा नेता RP सिंह ने उन्हें इस मामले को लेकर कोर्ट में घसीटने की चुनौती भी दी है। कई लोगों ने उन्हें याद दिलाया है कि भारत में सिखों के लिए सबसे अधिक खतरा तब पैदा हुआ था जब उनके पिता राजीव गाँधी देश के प्रधानमंत्री थे और इस दौरान सिखों का खुलेआम नरसंहार हुआ था।

राहुल गाँधी के इस बयान पर लोगों ने यह भी याद दिलाया कि राजीव गाँधी ने कहा था, “जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो आसपास की धरती हिलती है।” उनका यह बयान हिंसा के समर्थन के रूप में देखा जाता है। कांग्रेस के ही कई नेताओं कमलनाथ, जगदीश टाइटलर और सज्जन सिंह पर सिख विरोधी दंगे भड़काने का आरोप है।

पंजाब : कुल्हड़ पिज्जा के मालिक को निहंगों ने दी ‘दुकान जलाने’ की धमकी: ‘दुनिया बड़ी बहन$द’ Reel पर बवाल, सेक्स टेप से चर्चा में आया था कपल

कुल्हड़ पिज्जा के मालिकों को लेकर नया विवाद (फोटो साभार : X_DailyUttamHindu)
कुछ समय पहले ‘प्राइवेट वीडियो’ लीक होने के बाद चर्चा में आए लुधियाना के ‘कुल्हड़ पिज्जा’ के मालिक फिर से विवादों के घेरे में हैं। इस बार उन पर सिख समुदाय को बदनाम करने का आरोप लगा है। निहंग सिखों ने कुल्हड़ पिज्जा के मालिक सहज अरोड़ा और उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करके सिख समुदाय को बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने धमकी दी है कि अगर दंपति ने इंस्टाग्राम रील को नहीं हटाया और सार्वजनिक रूप से माफी नहीं माँगी तो वे कुल्हड़ पिज्जा रेस्तरां को जला देंगे। निहंग सिखों ने सहज और गुरप्रीत को नकली सिख बताया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार (21 दिसंबर 2023) को लुधियाना के निहंग रमनदीप सिंह मंगू और उसके साथियों ने कुल्हड़ पिज्जा कपल के रेस्टोरेंट के बाहर जमकर हंगामा किया। ये लोग इस जोड़े की इंस्टाग्राम रील देखकर क्रोधित नजर आ रहे थे। उन्होंने दावा किया कि इस गाने में अपमानजनक बोल और गाली-गलौच है। इस पर रील बनाकर इस जोड़े ने पूरी दुनिया में सिख समुदाय को बदनाम किया है। मंगू ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें रेस्तरां पहुँचने के बाद पता चला कि वे लोग शहर में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वे वहीं इंतजार करेंगे और व्यक्तिगत रूप से मिलने के बाद ही लौटेंगे।

वायरल वीडियो पर निराशा व्यक्त करते हुए निहंग सिख ने कहा कि इस जोड़े ने सिख समुदाय को शर्मसार किया है और वे केवल रियलिटी शो बिग बॉस में जगह बनाने के लिए ये लोग इस तरह की घटिया हरकतें कर रहे हैं। मंगू के मुताबिक, सहज का मोबाइल फोन फिलहाल बंद है और उन्हें एक मेसेज भेजकर जल्द माफी माँगने को कहा गया है।

इंस्टाग्राम की जिस रील को लेकर निहंगों ने आपत्ति जताई है, उसमें कुल्हड़ पिज्जा युगल एक गाना गाते और नाचते हुए दिखाई दे रहा है। इस रील में गाने का बोल है, ‘ये दुनिया बड़ी बहन*द है…’। इसी को लेकर निहंगों ने आपत्ति जाहिर की है।

इस कपल ने “हाय री दुनिया” गाने के हिस्से पर परफॉर्म किया था, जो मूल रूप से रश्मीत कौर, इक्का, रुशा और ब्लिज़ा द्वारा गाया गया है। उनके द्वारा परफॉर्म किया गया हिस्सा मूल गाने में 1.19 सेकंड से शुरू होता है।

कुल्हड़ पिज्जा के मालिक सहज अरोड़ा ने फेसबुक पर एक वीडियो बयान जारी करके इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम रील में जिस गाने पर वह और उनकी पत्नी परफॉर्म करते नजर आ रहे हैं, वह उनका अपना नहीं है। उन्होंने बताया कि यह एक पेड प्रमोशन था और वीडियो को प्रमोट करने के लिए गाने के निर्माताओं ने उनसे संपर्क किया था। अपने फोन में आए एक मैसेज को दिखाते हुए अरोड़ा ने साफ कहा कि उन्हें प्रोड्यूसरों ने ऐसा करने के लिए कहा था।

उन्होंने कहा कि जिस गाने पर वह परफॉर्म करते नजर आ रहे हैं, उसके शब्द उनके अपने नहीं हैं। वह बस निर्माताओं की जरूरतों के मुताबिक गाने का प्रचार कर रहे थे, जिसके लिए उन्हें भुगतान किया जाएगा।अरोड़ा ने कहा कि अगर उन्होंने अनजाने में किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचाई है तो वह माफी माँगने को तैयार हैं।

सहज अरोड़ा ने अपने वीडियो बयान में आरोप लगाया कि निहंग रमनदीप सिंह मंगू के सहयोगी ने उन्हें ब्लैकमेल किया था और इस मामले को सुलझाने के लिए उनसे 50,000 रुपए की माँग की थी। सहज अरोड़ा ने अपने दावे के समर्थन में एक वीडियो का एक हिस्सा भी दिखाया।

प्राइवेट वीडियो मामले पर भी तोड़ी चुप्पी, हुए थे सेक्सटॉर्शन रैकेट के शिकार

यह पहली बार नहीं है जब कुल्हड़ पिज्जा कपल किसी विवाद में फँसा है। सितंबर 2023 में उनका एक कथित ‘प्राइवेट वीडियो‘ वायरल हो गया था। इस मामले में 22 सितंबर 2023 को कुल्हड़ पिज्जा के मालिक सहज अरोड़ा ने इंस्टाग्राम पर अपना दूसरा वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में वो अपने परिवार को पहुँचे मानसिक आघात के बारे में बताते हुए रो पड़े थे। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर न करने की अपील की थी।

ये वायरल वीडियो एक सेक्स टेप था, जिसमें कपल के बीच अंतरंग पलों को दिखाया गया है। वीडियो में पुरुष का चेहरा पूरा दिख रहा था, जबकि महिला का चेहरा आंशिक रूप से दिख रहा था। उस वीडियो में दिख रही महिला का टैटू उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर जैसा ही था। इसके अतिरिक्त वीडियो में महिला को लाल चूड़ियाँ पहने हुए देखा गया, जो पारंपरिक रूप से महिलाओं द्वारा उनकी शादी के बाद पहनी जाती हैं। इससे पता चलता है कि वीडियो जोड़े की शादी के बाद बनाया गया था। कुल्हड़ पिज़्ज़ा कपल के पहले के कई वीडियो में गुरप्रीत कौर को पारंपरिक लाल ‘चूड़ा’ चूड़ियाँ पहने हुए भी देखा गया है।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सहज अरोड़ा ने 21 सितंबर 2023 को इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी थी। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए अपने पहले वीडियो संदेश में कुल्हड़ पिज्जा के मालिक ने आरोप लगाया कि वीडियो नकली था और दृश्यों को बदलने के लिए एआई का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि टेप के वायरल होने के बाद से वह और उनका परिवार किस सदमे से गुजर रहा है।
सेक्सटॉर्शन रैकेट का शिकार होने का संकेत देते हुए अरोड़ा ने कहा कि वीडियो 15 दिन पहले इंस्टाग्राम पर एक ब्लैकमेल संदेश के साथ लीक हो गया था। ब्लैकमेलर के दबाव के आगे झुकने के बजाय कपल ने कानूनी रास्ते से न्याय पाने का फैसला किया, जिसके बाद सहज ने कहा कि उन्होंने जालंधर के थाना नंबर 4 में एफआईआर दर्ज कराई थी।

बागेश्वर धाम सरकार को धमकियाँ दे रहा मुस्लिम से निहंग सिख बना तूफान सिंह: मर गई थी अम्मी, गुरुद्वारे में छोड़ गया था अब्बा

तूफ़ान सिंह (बाएँ) जिसने बागेश्वर धाम सरकार को धमकियाँ दी (साभार: Toofan Singh/IB & India TV)
मुस्लिम से निहंग सिख बना तूफ़ान सिंह उर्फ़ हरमनदीप सिंह बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को धमकियाँ दे रहा है। वह इससे सम्बंधित वीडियो इन्स्टाग्राम पर डाल रहा है। तूफ़ान सिंह ने 1 नवम्बर 2023 को इन्स्टाग्राम पर एक वीडियो डाली थी, जिसमें उसने बागेश्वर धाम सरकार को धमकाया था। धमकी देने से पहले उसने धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की एक वीडियो क्लिप भी अपने वीडियो में चलाई थी। इस वीडियो में वह हिन्दुओं के लिए समस्याएँ खड़ी करने वालों को चेतावनी देते हुए दिखते हैं।

तूफ़ान सिंह इस वीडियो में कहता है, “वो (पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री) सिखों को धमका रहा है। मेरा वीडियो उसे भेज देना, मैं उसे बताना चाहता हूँ कि बेटे तुम किसे धमका रहे हो? वो तुम्हारे जैसे 20 आदमियों पर रोज चलते हैं। हम किसी को भड़काते नहीं लेकिन जब समय आता है तो अपने और दूसरों के धर्म के लिए सर कटा देते हैं। क्या तुम हमें धमका रहे हो? जाकर अपने बाप को धमकाओ। ये सब कहने के बाद पंजाब में घुस कर दिखाओ। हम तुम्हें पीटेंगे और सिखाएँगे कि कैसे धमकी दी जाती है। हम धमकाते नहीं हम एक्शन लेते हैं।”  

तूफ़ान सिंह ने पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की जो क्लिप अपने वीडियो में चलाई है, उसमें वह सिखों नहीं बल्कि पंजाब में धर्मांतरण करवाने वाली ईसाई मिशनरियों पर बात कर रहे थे। वह इस वीडियो में कहते हुए दिखते हैं, “मेरा विरोध करने वालों पहले मुझे कभी पढ़ो, मुझे समझो, मुझे सुनो। हम तुम्हारे खिलाफ नहीं है, लेकिन तुम हमारे सनातन को छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं। आप बीज मत बोइए, फल आपको नहीं काटना पड़ेगा। मैं पंजाब सरकार से हाथ जोड़ के प्रार्थना करता हूँ कि इस व्यास गद्दी की बात सुनते हुए कड़ा धर्मांतरण कानून लाएँ।”    

साल 2023 के अक्टूबर में पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री पंजाब पहुँचे थे और उन्होंने यहाँ तेजी से चल रहे ईसाई धर्मांतरण पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि धर्मान्तरण करने वालों को गुरुद्वारों और मंदिरों में घुस कर हिन्दुओं को नहीं बरगलाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि वह हालेलुइया चिल्लाने वालों को हिन्दुओं को धर्मान्तरित नहीं करने देंगे।

इसको लेकर उनके खिलाफ एक ईसाई समूह ने शिकायत भी दर्ज करवाई थी। कुल मिलाकर मामला यह है कि तूफ़ान सिंह ने जिस वीडियो के आधार पर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को धमकी दी, दरअसल उसमें कथा सुनाने के दौरान सिखों नहीं बल्कि ईसाई मिशनरियों का विरोध किया था। यहाँ यह भी प्रश्न उठता है कि आखिर तूफ़ान सिंह है कौन?

तूफ़ान सिंह: पहले मुस्लिम, फिर निहंग और कट्टरपंथी

जानकारी के अनुसार, तूफ़ान सिंह का जन्म एक मुस्लिम परिवार में हुआ था। उसकी अम्मी की मौत उसके जन्म के समय हो गई थी। उसके अब्बा उसे गुरुद्वारे में छोड़ गए थे। वह यहीं रह कर पला बढ़ा है और बड़े होने पर उसने सिख धर्म अपना लिया। उसने यह जानकारी खुद एक वीडियो में दी थी।
तूफ़ान सिंह केवल इसी कारण से विवादों में नहीं है कि उसने पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को धमकी दी है। वह पहले भी सोशल मीडिया पर खालिस्तान, अमृतपाल सिंह और जरनैल सिंह भिंडरावाले का समर्थन करते हुए देखा जा चुका है।
फरवरी 2023 में सामने आए एक वीडियो में वह पुलिस वालों से छीनी हुई दंगा रोधी जैकेट पहने भी नजर आया था। उसने इस वीडियो में पुलिस वालों को ‘भइये’ कह कर संबोधित किया। ‘भइये’ पंजाब में हिंदी भाषी राज्यों से आए मजदूरों के लिए अपमानजनक तौर पर इस्तेमाल किया जाता रहा है। जिस विरोध प्रदर्शन में वह दिखा था, उसमें 33 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इसके पश्चात उसका नाम और फोटो पुलिस द्वारा जारी की गई वॉन्टेड लिस्ट में भी था।
विरोध-प्रदर्शन करने वाले लोग जेलों में बंद कुछ सिखों की रिहाई की माँग कर रहे थे। इनमें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के हत्यारे भी थे। पुलिस ने जब इन प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की थी, इन्होंने पुलिस पर हमला बोल दिया था।
तूफ़ान सिंह के कई अन्य वीडियो भी सामने आए हैं। अपने इन्स्टाग्राम अकाउंट पर डाले गए एक वीडियो में वह एक पिस्टल से फायर करते हुए दिखता है। दूसरे पोस्ट में वह भिंडरावाले की फोटो वाले टीशर्ट पहने हुए है।
एक अन्य वीडियो में वह दावा करता है कि वह पंजाब की सरकार से लड़ रहा है, जो सिखों का दमन कर रही है और बंदी सिखों को नहीं छोड़ रही। गौरतलब है कि कट्टर खालिस्तानी लोग सरकार से लड़ने का बहाना लेकर हिंसात्मक गतिविधियाँ करते रहे हैं। एक अन्य वीडियो में वह खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह का समर्थन करता है, जहाँ वह बताता है कि अमृतपाल दुबई से सिखों का कल्याण करने के लिए वापस आया है।
तूफ़ान सिंह सोशल मीडिया का उपयोग पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री और सरकार के खिलाफ बयानबाजी के लिए कर रहा है। ऐसे अन्य भी कई सोशल मीडिया इन्फ़्लुएन्सर हैं, जो यही करके समाज में घृणा फैला रहे हैं। तूफ़ान सिंह का छोटी उम्र में कट्टरपंथी बन जाना इसका सबूत है।