Showing posts with label #woman paraded naked. Show all posts
Showing posts with label #woman paraded naked. Show all posts

कर्नाटक : महिला को पूरे गाँव में नग्न घुमाया, बिजली के खम्भे से बाँध कर पीटा

                                                                                                 साभार: Gulf News & News 18
कर्नाटक के बेलगावी में एक वीभत्स घटना सामने आई है। यहाँ वन्मुतारी गाँव में एक महिला को गाँव भर में नग्न कर घुमाया गया और उसे एक बिजली के खम्भे से बाँधा गया। इस मामले में 7 आरोपित गिरफ्तार हो गए हैं। महिला को इसलिए नंगा घुमाया गया और मारपीट की गई क्योंकि उसका बेटा एक लड़की को लेकर भाग गया था।

जानकारी के अनुसार, बेलगावी के वन्तामुरी गाँव में रहने वाले डुंडप्पा अशोक नाइक गाँव में रहने वाली प्रियंका बसप्पा नाइक के साथ भाग गया था। दोनों के बीच पहले से प्रेम सम्बन्ध था लेकिन प्रियंका के परिवार वालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। यह घटना 10-11 दिसम्बर की रात की बताई जा रही है। जिस दिन प्रियंका और अशोक ने यह कदम उठाया, उसी दिन प्रियंका की शादी थी। इस बात से गुस्सा होकर प्रियंका के परिजनों ने रात में अशोक की माँ को रात में उसके घर से निकाल लिया और मारा पीटा, इसके बाद उनको नंगा करके पूरे गाँव में घुमाया और फिर एक बिजली के खम्भे में बाँध कर पिटाई की।

बेलगावी में एक महिला के साथ यह वीभत्स घटना तब हुई जब घटना वाले गाँव से लगभग 28 किलोमीटर दूर ही विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है जहाँ मुख्यमंत्री सिद्दारमैया, उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार समेत राज्य के तमाम बड़े नेता और अधिकारी मौजूद है। जानकारी के अनुसार, इस मामले में पुलिस ने सुबह 4 बजे जाकर महिला को छुड़ाया। महिला ने इस मामले में महिला को नग्न घुमाने, उसे पोल में बाँध कर मारने वाले 7 आरोपितों को अभी तक गिरफ्तार किया है। घटना वाले गाँव में वर्तमान में माहौल तनावपूर्ण है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने इस मामले पर बयान जारी किया है। उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा है, “एक महिला को बेलगाम में नग्न करके घुमाया गया, पोल से बाँध कर मारा गया। यह घटना अमानवीय है। यह घटना समाज पर एक कलंक है। हमारी सरकार ऐसे कृत्यों को सहन नहीं करेगी। इस मामले में कई लोग गिरफ्तार किए गए हैं। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाएँ।”

कर्नाटक के गृहमंत्री जी परमेश्वरा ने मीडिया को बताया है कि मामले में पुलिस ने महिला को साड़ी उपलब्ध करवाई और 7 आरोपितों को पकड़ा। पुलिस ने मारपीट के कारण घायल महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया है। राज्य के गृह मंत्री ने कहा है कि वह महिला से अस्पताल जाकर मिलेंगे।

राजस्थान : गर्भवती को निर्वस्त्र कर गाँव में घुमाया: पुलिस कह रही पीहर और ससुराल का विवाद

            प्रेमी संग गई तो पति ने गर्भवती पत्नी को निर्वस्त्र कर गाँव में दौड़ाया (फोटो साभार: X/ @MajorPoonia)
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक गर्भवती महिला घर से कहीं चली गई थी। इसके बाद पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे निर्वस्त्र कर करीब 1 किलोमीटर तक दौड़ाया। घटना 31 अगस्त की है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला जिले के धरियावद थाना क्षेत्र के पहाड़ा गाँव का है। बताया जा रहा है कि यहाँ रहने वाली एक महिला का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 31 अगस्त 2023 को महिला प्रेमी के साथ चली गई थी। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद महिला को निर्वस्त्र कर गाँव में घुमाया।

इस मामले में पुलिस ने बताया कि महिला 31 अगस्त को पड़ोस में रहने वाले एक युवक से मिलने गई थी। जानकारी मिलने पर ससुराल वाले भी वहाँ पहुँच गए। पहले तो उन लोगों ने महिला को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद निर्वस्त्र कर गाँव में घुमाया।

#तनातनी_चीरहरण #राजस्थान_मे_जंगलराज राजस्थान के प्रतापगढ़ में आदिवासी महिला का चिरहरण जारी गहलोत सरकार मे महिलाओं की स्तिथि चिंताजनक असुरक्षित महिलाएं ।डुब मरो चुल्लू भर पानी में @ashokgehlot51 जी स्मार्ट फोन देने की बजाय महिलाओं की सुरक्षा करनी चाहिए थी । pic.twitter.com/jwPIghytZR

— Amayara (@__Ammu__786_) September 2, 2023

घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। वायरल वीडियो में महिला चीख रही है। चिल्ला रही है। खुद को छोड़ने की गुहार लगा रही है, लेकिन पति उसके कपड़े उतरता जा रहा है। आसपास खड़े लोग भी उसके पति को उकसाते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग वीडियो भी बनाते दिखाई दे रहे हैं। महिला के कपड़े उतारने के बाद आरोपितों ने उसे गाँव में घुमाया।

इस मामले में प्रतापगढ़ एसपी अमित कुमार ने कहा है कि मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस की 6 टीमों का गठन किया गया है। साथ ही धरियावद थाने में पूर्व में सेवाएँ दे चुके सभी कॉन्स्टेबल से लेकर बड़े अधिकारियों को बुलाया गया है। पीड़ित पक्ष द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक ओर जहाँ मीडिया में इस मामले को महिला के प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं राजस्थान पुलिस और सीएम अशोक गहलोत इसे महिला के मायके और ससुराल के बीच विवाद से जुड़ा बता रहे हैं। राजस्थान पुलिस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर डीजीपी उमेश मिश्रा का वीडियो शेयर कर लिखा, “प्रतापगढ़ जिले में पीहर और ससुराल पक्ष के आपसी विवाद में ससुराल पक्ष के लोगों का कृत्य घोर निंदनीय हैं।”

वीडियो में राज्य के पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने घटना का कारण महिला का कहीं चले जाना बताया है। उन्होंने कहा कि आरोपितों को चिन्हित किया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सीएम अशोक गहलोत ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “प्रतापगढ़ जिले में पीहर और ससुराल पक्ष के आपसी पारिवारिक विवाद में ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा एक महिला को निर्वस्त्र करने का एक वीडियो सामने आया है। पुलिस महानिदेशक को एडीजी क्राइम को मौके पर भेजने एवं इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।”

उन्होंने आगे लिखा है, “सभ्य समाज में इस तरह के अपराधियों की कोई जगह नहीं है। इन अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे डालकर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर सजा दिलवाई जाएगी।”

इस मामले में BJP अशोक गहलोत सरकार पर हमलावर है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने सोशल मीडिया पर लिखा है, “प्रतापगढ़ जिले की पहाड़ा ग्राम पंचायत, धरियावाद में एक गर्भवती युवती को सरेआम निर्वस्त्र करने का अश्लील वीडियो वायरल होता रहा और घटना की प्रशासन को खबर तक नहीं थी।”

उन्होंने आगे लिखा, “प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध ने इस कदर पैर पसारे हैं कि आए दिन राजस्थान को शर्मिंदा होना पड़ रहा है। महिला अत्याचार में प्रदेश को देश में नंबर 1 बनाने की जिम्मेदार स्वयं कॉन्ग्रेस सरकार की है। मुख्यमंत्री जी आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि राजस्थान में बेटियों की लुटती अस्मत और चीखें आपकी कॉन्ग्रेस सरकार को सुनाई नहीं देतीं?”

इस मामले में पुलिस ने 21 साल की पीड़ता के पति समेत 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 7 लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ धारा 294, 354, 365, 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।