Showing posts with label water. Show all posts
Showing posts with label water. Show all posts

इजरायल ने शुरू किया घर में घुस कर मारना… बिजली-राशन-पानी-गैस सब बंद : प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का ऐलान – हमने स्टार्ट कर दिया

लेबनान की तरफ गोलीबारी करते इजरायली तोप, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने की बड़ी बैठक (फोटो साभार: AFP/फेसबुक)
इजरायल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने सोमवार (9 अक्टूबर, 2023) को कहा कि इजरायल ने गाजा पट्टी का ‘सीज’ शुरू कर दिया है। गाजा पट्टी से आतंकवादी समूह हमास द्वारा इजरायल के खिलाफ दशकों में सबसे घातक हमला शुरू करने के 3 दिन बाद उनका देश फिलीस्तीनी क्षेत्र पर ‘घेराबंदी’ के हिस्से के रूप में गाजा पट्टी को ब्लॉक कर दिया है। इस बीच, इजरायल के तीन लाख से अधिक रिजर्व सैनिकों ने अपनी पोजिशन सँभाल ली है और गाजा सीज की कार्रवाई शुरू कर दी है।

योव गैलेंट ने कहा कि उन्होंने गाजा पट्टी पर ‘पूर्ण घेराबंदी’ का आदेश दिया है, उन्होंने कहा कि ‘कोई बिजली, कोई भोजन, कोई गैस’ फिलिस्तीनी क्षेत्र तक नहीं पहुँचेगी। इजरायली रक्षा मंत्री ने कहा कि हम बर्बर आतंकियों से लड़ रहे हैं और उसी के हिसाब से जवाब देंगे। इसके लिए अब पूरी तरह से ‘गाजा पट्टी को सीज’ किया जाता है। योव गैलेंट ने एक वीडियो मैसेज में ये ऐलान किया। गैलंड इजरायली सेना के पूर्व कमांडर रह चुके हैं और बेंजामिन नेतन्‍याहू सरकार में अपने सख्‍त रुख के लिए जाने जाते हैं।

गाजा पट्टी से सटे इलाकों में तीन लाख से अधिक रिजर्व सैनिकों ने मोर्चा सँभाल लिया है और गाजा के सीज के आदेश को मानने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी गाजा में हवाई हमलों की तस्वीरें शेयर करते हुए कहा, “हमने शुरू कर दिया है। इजरायल की विजय होगी।”

गाजा पट्टी में करीब 23 लाख लोग रहते हैं। यह तीन तरफ से इजरायल और एक तरफ से मिस्र से घ‍िरा हुआ है। इजरायल और हमास के बीच युद्ध में अब तक 1000 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं और सैकड़ों की तादाद में लोग ज़ख़्मी हुए हैं।

येरुशलम पर भी हमला

इस बीच, हमास ने सोमवार को कई इजरायली शहरों पर रॉकेट हमलों किए, जिसका इजरायली सेना मुँहतोड़ जवाब दे रही है। सोमवार सुबह के बाद शाम को इजरायल पर रॉकेट बरसाए गए हैं। इजरायली डिफेंस फोर्स ने एक्स पर इसकी सूचना दी है। इसमें बताया गया है कि अब येरूशलम पर भी हमले हो रहे हैं और सायरन बज रहे हैं।
इजरायली रक्षा बलों ने कहा कि उसने रविवार रात गाजा पट्टी में हमास और इस्लामी जिहाद के ठिकानों पर 500 हमले किए। वहीं, गाजा से सटे हुए सारे इलाकों में जहाँ हमास के लड़ाके घुस आए थे, सारे इलाके मुक्त करा लिए गए हैं। सेना ने पूरे इलाके को कंट्रोल में ले लिया है। हालाँकि, छिटपुट लड़ाई अब भी जारी है।

लेबनान की तरफ से इजरायल में घुसने वाले कई हमलावर ढेर

इस बीच, इजरायली सेना ने जानकारी दी है कि लेबनान से लगने वाले ब्लू-जोन को पारकर इजरायल में घुस रहे कई हमलावरों को मार गिराया गया है। बता दें कि लेबनान में ताकतवर मिलिशिया संगठन हिज्बुल्ला, जो हमास को मदद देता है, उसने इजरायल पर हमले की घोषणा की थी। हिज्बुल्ला ने कहा था कि वो हमास के संघर्ष में उसके साथ है। इसी क्रम में उसकी तरफ से आतंकियों ने इजरायल में घुसने की कोशिश की, तो इजरायली सेना ने ऐसे कई आतंकियों को ढेर कर दिया है। इजरायली सेना ने कहा कि वो मजबूती से अपनी जमीन की सुरक्षा कर रही है।

ऑस्ट्रिया, जर्मनी के बाद पूरे ईयू ने बंद की फिलीस्तीन को मिलने वाली मदद

हमास के आतंकियों की ओर से इजरायल पर किए गए हमले के बाद यूरोपियन देशों इजरायल से एकजुटता दोहराई है। गाजा पट्टी की सीज की घोषणा के कुछ ही समय बाद ऑस्ट्रिया और जर्मनी ने फिलीस्तीन को जाने वाली मदद पूरी तरह से रोक दिया है। यही नहीं, यूरोपीय यूनियन ने फिलीस्तीन को मिलने वाली ‘हरेक पाई’ को रोकने की घोषणा कर दी है और सभी प्रकार की वित्तीय सहायता को रिव्यू करने के निर्देश दे दिए हैं।

योम कुप्पुर युद्ध के बाद सबसे बड़ा हमला

इस्लामी आतंकी संगठन हमास ने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर अचानक हमला किया। इसमें 700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। 100 से अधिक लोगों अब भी बंधक हैं। इजरायल पर हमास लगातार रॉकेट हमले कर रहा है। बताया जा रहा है कि इस हमले को अंजाम देने से पहले इजरायल को हमास यह विश्वास दिलाने में सफल रहा था कि वह शांति चाहता है। हमास का यह हमला वर्ष 1973 में योम किप्पुर युद्ध के बाद इजरायल पर हुआ सबसे बड़ा हमला है। वहीं, इजरायली पलटवार में 500 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

रूस-यूक्रेन के बाद अब ईरान-तालिबान में जंग? ‘जिहाद का आदेश मिलते ही ईरान पर कर लेंगे कब्ज़ा’

                                    नदी के पानी को लेकर तालिबान और ईरान में जंग (फाइल फोटो)
जहाँ एक तरफ दुनिया रूस और यूक्रेन के युद्ध से परेशान है, वहीं अब ईरान और तालिबान में भी संघर्ष शुरू हो गया है। दोनों अब इस बात को लेकर भी बहस कर रहे हैं कि सच्चा मुस्लिम कौन है। अब रविवार (28 मई, 2023) को तालिबान ने धमकी दी है कि वो 24 घंटे में ईरान पर कब्ज़ा कर लेगा। साथ ही तालिबान के कमांडर अब्दुल्ला हामिद खुरासानी ने एक वीडियो सन्देश जारी करते हुए दावा किया कि उसके लड़ाके ईरान के साथ उसी जोश से लड़ेंगे, जैसे अमेरिका से लड़े थे।

यदि तालिबान ईरान पर कब्ज़ा कर लेता है, उस स्थिति में पाकिस्तान की भी बहुत मुश्किलें बढ़ सकती है। पाकिस्तान पर भी संकट के बादल मंडराने लगेंगे। ईरान से पाकिस्तान पर आसानी से कब्ज़ा किया जा सकता है। सम्भावना यह भी व्यक्त की जा रही है, महंगाई और विदेशी कर्ज से परेशान पाकिस्तानी तालिबान से हाथ मिलाकर अपनी ही सरकार के विरुद्ध लड़ सकते हैं। 

साथ ही उसने कहा कि जैसे ही जिहाद के लिए हरी झंडी तालिबान के शीर्ष नेतृत्व की तरफ से मिलती है, वैसे ही ईरान पर कब्ज़ा करने की शुरुआत कर दी जाएगी। तालिबानियों ने ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी पर तंज कसते हुए भी वीडियो डाला है। इसमें एक तालिबानी कंटेनर में पानी डालता है और कहता है, “इब्राहिम रईसी, आकर ये वॉटर बैरल ले लो, लेकिन हमला मत करो। हम डर गए हैं।” ईरान की मीडिया ने संघर्ष का कारण नहीं बताया है, बस इतना कहा है कि ये ड्रग तस्करी को लेकर है।

ये भी दावा किया जा रहा है कि पहले तालिबान ने ईरान की फ़ौज पर सीमा पर गोलीबारी की। वहीं तालिबान की तरफ से इंगित किया गया है कि पानी को लेकर ये लड़ाई चल रही है। दोनों मुल्कों के बीच हेलमंद नदी बहती है, जिसे लेकर ईरान पहले ही अफगानिस्तान को चेतावनी दे चुका है। जब से तालिबान अफगानिस्तान की सत्ता में लौटा है, तब से ये तनाव बढ़ गया है। 1973 की एक संधि में तय हुआ था कि अफगानिस्तान को इस नदी की पानी का एक हिस्सा ईरान को देना होगा।

वहीं ईरान के गृह मंत्री ने कहा है कि तालिबान को पुख्ता जवाब दे दिया गया है और सीमा पर स्थिति नियंत्रण में है। ईरान सरकार ने कहा कि तालिबान की गोलीबारी में उसके दो फौजी मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि अब सीमा पर शांति है, तालिबान ने भड़काऊ कार्रवाई की थी। ईरान की फ़ौज ने चेताया है कि अंतरराष्ट्रीय संधि का उल्लंघन करने पर तालिबान के खिलाफ ईरान अपना रुख बदल लेगा। बता दें कि अगस्त 2021 में तालिबान सत्ता में आया था।